November 19, 2026

भोपाल में दिवाली की रात आग का कहर, तीसरी मंजिल पर फंसे 3 लोगों को रस्सी से उतारा; 25 लाख का सामान जलकर राख

0
untitled-1794211018

भोपाल । दीपावली की रात भोपाल समेत मध्य प्रदेश के कई जिलों में आग लगने की घटनाओं ने खुशियों के माहौल में दहशत फैला दी। भोपाल के घोड़ा नक्कास इलाके में एक बिल्डिंग की दुकान में भीषण आग लग गई। आग और धुएं के बीच तीसरी मंजिल पर एक परिवार के तीन सदस्य फंस गए। ऐसे मुश्किल समय में स्थानीय युवकों ने हिम्मत और सूझबूझ दिखाते हुए करीब 40 फीट की ऊंचाई से रस्सी के सहारे तीनों को सुरक्षित नीचे उतार लिया। वहीं गांधीनगर की ग्रीन वे कॉलोनी में दीये से पर्दों में आग लगने के बाद घर का सामान नकदी और जेवर समेत करीब 25 लाख रुपये का नुकसान हो गया। इसके अलावा लाल मस्जिद के पास कचरे के ढेर में भी आग लगने की घटना सामने आई।

घोड़ा नक्कास में कुंदन नमकीन के सामने स्थित एक बिल्डिंग की दुकान में दीपावली की रात आग लगी। जानकारी के मुताबिक सुपारी सेंटर के संचालक प्रेम मंगानी निवासी 12 नंबर शाम करीब 7 बजे पूजा-अर्चना करने के बाद दुकान बंद कर घर चले गए थे। इसके कुछ समय बाद दुकान में आग लग गई। आग की लपटें और धुआं फैलने से बिल्डिंग में मौजूद लोगों के सामने मुश्किल स्थिति पैदा हो गई। तीसरी मंजिल पर एक परिवार के तीन सदस्य फंस गए। आसपास मौजूद युवकों ने तत्काल मदद की पहल की और रस्सी की मदद से तीनों को करीब 40 फीट की ऊंचाई से नीचे उतारकर उनकी जान बचाई। इस रेस्क्यू का वीडियो भी सामने आया है। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने आग बुझाने का प्रयास किया। फिलहाल आग लगने के कारणों और दुकान में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

भोपाल में आग की दूसरी बड़ी घटना गांधीनगर एयरपोर्ट रोड स्थित ग्रीन वे कॉलोनी के एक फ्लैट में हुई। यहां दीपावली की रात लक्ष्मी पूजन के बाद जलाए गए दीयों से पर्दों में आग लग गई। देखते ही देखते आग घर के दूसरे हिस्सों तक फैल गई। हादसे के समय परिवार घर पर मौजूद नहीं था। परिजन पूजा के बाद रिश्तेदारों से मिलने गए हुए थे। इसी दौरान आग लगने से इलेक्ट्रॉनिक उपकरण फर्नीचर कपड़े किचन का सामान और सोने-चांदी के जेवर जल गए। घर में रखी नकदी भी आग की चपेट में आ गई। फायर फाइटर पंकज यादव के मुताबिक इस घटना में करीब 25 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

तीसरी घटना लाल मस्जिद के पास रफीकिया स्कूल के नजदीक एक गली में हुई। यहां कचरे के ढेर में रात करीब 11 बजे आग लग गई। कचरे में फ्रिज का वेस्ट मटेरियल भी पड़ा था। सूचना मिलने पर दमकल की टीम पहुंची और आग बुझाई।

मध्य प्रदेश के दूसरे जिलों में भी दीपावली की रात आग लगने की कई घटनाएं हुईं। सीधी जिले के रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र के ग्राम हत्था बाजार में एक जलता हुआ पटाखा नरेंद्र सोनी की ऑटो पार्ट्स की दुकान में जा गिरा। दुकान में मोबिल ऑयल सहित ज्वलनशील सामग्री रखी थी। पटाखे के संपर्क में आते ही आग भड़क गई और दुकान का करीब आधा हिस्सा जल गया। हालांकि स्थानीय लोगों की तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया।

बड़वानी जिले के निवाली में बस स्टैंड के पास बॉयज स्कूल ग्राउंड में लगे पटाखा बाजार की एक दुकान में आग लग गई। पटाखों में धमाके होने से बाजार में अफरा-तफरी मच गई। फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई। दुकान का पूरा सामान जल गया जबकि आसपास की पांच दुकानें सुरक्षित बच गईं। खंडवा जिले के मूंदी में श्याम मोबाइल दुकान की दूसरी मंजिल पर बने गोदाम में आग लगने से मोबाइल फोन टीवी और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान जल गया। इसी रात नवलखा चौक स्थित माता मंदिर के पास महालक्ष्मी पूजन के लिए बनाई गई घास-फूस की यज्ञशाला भी आग की चपेट में आकर राख हो गई।

रतलाम में भी शहर से लेकर गांव तक करीब 10 स्थानों पर आग लगने की घटनाएं हुईं। रानीसिंग गांव में शिवा गरवाल के कच्चे मकान में लगी आग से घरेलू सामान सोयाबीन और राई जलकर राख हो गई। इसके अलावा स्टेशन रोड करमदी रोड फूल मंडी के पास मेडिकल कॉलेज के पीछे छत्रीपुल और आंबेडकर सर्कल के पास भी आग लगी। दमकल की टीमों ने सभी स्थानों पर आग पर काबू पाया। दीपावली की रात हुई इन घटनाओं में कई जगह भारी आर्थिक नुकसान हुआ लेकिन स्थानीय लोगों और दमकलकर्मियों की तत्परता से कई बड़े हादसे टल गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed