November 19, 2026

भोपाल में पटाखों के छींटों ने ले ली युवक की जान, मां को बचाने आए बेटे पर चाकू से हमला; इलाज के दौरान मौत

0
untitled-1794210865

भोपाल  । भोपाल के हनुमानगंज थाना क्षेत्र के इब्राहिमगंज इलाके में दीपावली की रात आतिशबाजी को लेकर हुआ मामूली विवाद खूनी वारदात में बदल गया। घर के सामने पटाखे फोड़ने से रोकने पर आरोपियों ने पहले एक महिला के साथ बदसलूकी की और जब उसका बेटा विरोध करने पहुंचा तो उस पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल 25 वर्षीय युवक अनिकेत खटीक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मां सुनीता पर भी चाकू से तीन वार किए गए। इस घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई और दीपावली की खुशियां मातम में बदल गईं।

जानकारी के मुताबिक अनिकेत खटीक इब्राहिमगंज इलाके में अपने परिवार के साथ रहता था और एक मेडिकल स्टोर पर काम करता था। उसके परिवार में माता-पिता के अलावा बड़ा भाई अभिषेक और एक बहन है। घर के सामने रहने वाले अमन रैकवार और प्रेम ने दीपावली पर आतिशबाजी के लिए चोला इलाके में रहने वाले अपने कुछ साथियों को भी बुलाया था। आरोप है कि युवक अनिकेत के घर के सामने ही पटाखे फोड़ रहे थे। इस दौरान वे नाली और कीचड़ में पटाखों के धमाके कर रहे थे जिससे गंदगी और कीचड़ के छींटे घर की दीवारों पर पड़ रहे थे।

घर की दीवारों पर गंदगी के छींटे पड़ते देख अनिकेत की मां सुनीता ने युवकों को टोका। उन्होंने घर के सामने आतिशबाजी करने के बजाय कुछ दूरी पर जाकर पटाखे फोड़ने के लिए कहा। इसी बात को लेकर युवकों ने महिला के साथ अभद्रता शुरू कर दी। मां के साथ बदसलूकी होते देख अनिकेत ने इसका विरोध किया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने सुनीता पर चाकू से तीन वार कर दिए। मां को बचाने के लिए अनिकेत बीच में आया तो हमलावरों ने उसे भी निशाना बना लिया।

आरोपियों ने अनिकेत की जांघ और कमर पर चाकू से दो वार किए। परिजनों का आरोप है कि हमलावर पहले से ही अपने साथ हथियार लेकर आए थे। चाकू लगने के बाद अनिकेत के शरीर से तेजी से खून बहने लगा। वह कुछ ही मिनटों में बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़ा। उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया जहां सोमवार तड़के करीब 5 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिवार का कहना है कि अत्यधिक खून बहने के कारण उसकी हालत मौके पर ही बेहद गंभीर हो गई थी।

घटना के बाद परिजनों और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। परिवार ने आरोप लगाया कि उन्होंने पुलिस को कई बार फोन कर सूचना दी लेकिन पुलिस टीम करीब 45 मिनट बाद मौके पर पहुंची। हालांकि पुलिस की ओर से इस आरोप की पुष्टि नहीं की गई है। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया।

वारदात से जुड़े कुछ वीडियो भी सामने आए हैं। इनमें एक वीडियो में युवकों के बीच मारपीट होती दिखाई दे रही है जबकि दूसरे वीडियो में घटना के दौरान लोगों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति नजर आ रही है। पुलिस इन वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि विवाद केवल आतिशबाजी को लेकर हुआ था या इसके पीछे कोई अन्य वजह भी थी।

हनुमानगंज थाना प्रभारी अवधेश सिंह भदौरिया के मुताबिक मामले में हत्या की एफआईआर दर्ज कर ली गई है। संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे कैमरों के वीडियो और दूसरे साक्ष्यों की जांच कर रही है। साथ ही वारदात में इस्तेमाल हथियार और आरोपियों की भूमिका का पता लगाया जा रहा है। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed