November 19, 2026

BCCI अंडर-19 टीम में चुनी गई महिला क्रिकेटर नंदिनी ने की आत्महत्या, दो युवकों पर प्रताड़ना का आरोप

0
7-1794638016
नई दिल्ली । तेलंगाना के विकाराबाद जिले में अंडर-19 महिला क्रिकेटर नंदिनी की आत्महत्या का मामला सामने आया है। नंदिनी का हाल ही में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम में चयन हुआ था। उनकी अचानक हुई मौत से परिवार और परिचितों में शोक का माहौल है। घटना के बाद परिजनों ने दो युवकों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। परिवार का कहना है कि कथित रूप से लगातार परेशान किए जाने के कारण नंदिनी ने यह कदम उठाया। उन्होंने पुलिस से दोनों युवकों को गिरफ्तार करने और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और नंदिनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया है।

नंदिनी मूल रूप से तेलंगाना के विकाराबाद जिले के यलाल मंडल स्थित संगयापल्ली गांव की रहने वाली थीं। वह पढ़ाई और क्रिकेट प्रशिक्षण के लिए विकाराबाद की मधु कॉलोनी में अपनी नानी के घर रह रही थीं। इसी दौरान वह क्रिकेट की कोचिंग भी ले रही थीं। हाल ही में बीसीसीआई की अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम में चयन होने के बाद उनके परिवार और परिचितों को उनसे काफी उम्मीदें थीं। क्रिकेट में आगे बढ़ने की तैयारी कर रही नंदिनी की मौत की खबर से परिवार को गहरा सदमा पहुंचा है।

परिवार ने दो युवकों पर लगाए प्रताड़ना के आरोप

नंदिनी की मौत के बाद उनके परिजनों और रिश्तेदारों ने विरोध प्रदर्शन किया। परिवार ने अनिल और कृष्णा नाम के दो युवकों पर उन्हें परेशान करने का आरोप लगाया है। परिजनों के मुताबिक, अनिल पिछले कुछ दिनों से प्यार के नाम पर नंदिनी का पीछा कर रहा था और लगातार उन्हें परेशान कर रहा था। आरोप है कि कृष्णा भी इस मामले में अनिल की मदद कर रहा था। परिवार का दावा है कि दोनों युवकों की कथित प्रताड़ना से परेशान होकर नंदिनी ने आत्महत्या की। परिजनों ने पुलिस से दोनों के खिलाफ कार्रवाई करने और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस ने दर्ज किया संदिग्ध मौत का मामला

विकाराबाद के सर्किल इंस्पेक्टर रघु के मुताबिक, पुलिस को सुबह करीब 9 बजे नंदिनी की मौत की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की शुरुआती जांच की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि नंदिनी ने छत के पंखे के हुक से चुन्नी का फंदा लगाकर आत्महत्या की थी। पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध मौत का मामला दर्ज किया है। शुक्रवार, 13 नवंबर को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

मोबाइल फोन जब्त, सोशल मीडिया खातों की जांच

पुलिस ने जांच के लिए नंदिनी का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। इसे फॉरेंसिक जांच के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना से पहले नंदिनी को किसी तरह के संदेश, कॉल या सोशल मीडिया के माध्यम से परेशान तो नहीं किया जा रहा था। सर्किल इंस्पेक्टर रघु ने बताया कि नंदिनी के इंस्टाग्राम, फेसबुक और व्हाट्सएप खातों की भी जांच की जाएगी। इन खातों के जरिए बातचीत, संदेशों और अन्य गतिविधियों की पड़ताल की जाएगी, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि उन्हें ऑनलाइन किसी प्रकार की प्रताड़ना का सामना करना पड़ा था या नहीं।

पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है। मामले में सभी संबंधित पहलुओं को ध्यान में रखकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

इस घटना के बाद पुलिस ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे बच्चों की गतिविधियों और मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर ध्यान दें। साथ ही, यदि बच्चे किसी परेशानी या तनाव से गुजर रहे हों तो उन्हें अकेला छोड़ने के बजाय भावनात्मक सहयोग दें। फिलहाल नंदिनी की मौत के कारणों और दोनों युवकों पर लगाए गए आरोपों को लेकर पुलिस की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed