क्रिकेट फैन्स के लिए मनहूस साबित हो रहा नवंबर, कभी वर्ल्ड कप की हार तो कभी धोनी का संन्यास, हर साल मिले गहरे जख्म
17 नवंबर 2026: धोनी के IPL संन्यास ने तोड़ा फैन्स का दिल
भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल कप्तानों में शामिल महेंद्र सिंह धोनी ने 17 नवंबर 2026 को आईपीएल से संन्यास का ऐलान कर दिया। चेन्नई सुपर किंग्स के साथ धोनी का सफर करोड़ों क्रिकेट प्रेमियों के लिए किसी भावनात्मक कहानी से कम नहीं रहा है। फैन्स के लिए धोनी सिर्फ एक खिलाड़ी नहीं बल्कि भरोसे और जीत की पहचान रहे हैं। जब उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया था तब भी प्रशंसकों को उम्मीद थी कि वे आईपीएल में खेलते नजर आएंगे। यही वजह थी कि उनके फैन्स हर साल आईपीएल का इंतजार करते थे। अब आईपीएल से भी विदाई के फैसले ने इस उम्मीद को खत्म कर दिया है। धोनी के मैदान पर उतरने और उनके हेलीकॉप्टर शॉट देखने का इंतजार करने वाले प्रशंसकों के लिए यह बेहद भावुक पल है।
19 नवंबर 2023: वर्ल्ड कप फाइनल की वो हार आज भी नहीं भूले फैन्स
भारतीय क्रिकेट इतिहास की सबसे दर्दनाक तारीखों में 19 नवंबर 2023 का नाम हमेशा याद रखा जाएगा। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए वनडे वर्ल्ड कप फाइनल में भारतीय टीम का मुकाबला ऑस्ट्रेलिया से था। रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम इंडिया लगातार 10 मुकाबले जीतकर फाइनल तक पहुंची थी। विराट कोहली और मोहम्मद शमी जैसे खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन से पूरे देश को खिताब जीतने की उम्मीद थी। लेकिन फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को छह विकेट से हरा दिया। ट्रेविस हेड ने 137 रनों की शानदार पारी खेलकर भारतीय टीम का सपना तोड़ दिया। मैच खत्म होने के बाद रोहित शर्मा और विराट कोहली की भावुक तस्वीरों ने करोड़ों फैन्स को रुला दिया था।
नवंबर 2024: घर में ही न्यूजीलैंड ने भारत का किया सफाया
वर्ल्ड कप फाइनल की हार के बाद भारतीय टीम ने 2024 में टी20 वर्ल्ड कप जीतकर फैन्स को खुशियां दी थीं। लेकिन नवंबर 2024 में एक बार फिर भारतीय क्रिकेट प्रेमियों को निराशा मिली। न्यूजीलैंड की टीम ने भारत को उसी के घर में तीन टेस्ट मैचों की सीरीज में 3-0 से हरा दिया। यह भारतीय टेस्ट क्रिकेट के इतिहास का बेहद चौंकाने वाला प्रदर्शन था। भारत ने इससे पहले लगातार 18 घरेलू टेस्ट सीरीज जीती थीं। 12 साल से चला आ रहा यह सिलसिला न्यूजीलैंड ने खत्म कर दिया।
नवंबर 2022: इंग्लैंड ने 10 विकेट से दी थी करारी शिकस्त
10 नवंबर 2022 को ऑस्ट्रेलिया के एडिलेड में टी20 वर्ल्ड कप का सेमीफाइनल खेला गया था। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 168 रन बनाए थे। विराट कोहली और हार्दिक पांड्या ने शानदार पारियां खेली थीं लेकिन इंग्लैंड के जोस बटलर और एलेक्स हेल्स ने भारतीय गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया। दोनों ने बिना विकेट गंवाए लक्ष्य हासिल कर भारत को 10 विकेट से हरा दिया। यह हार भारतीय फैन्स के लिए किसी बड़े झटके से कम नहीं थी।
नवंबर 2021: पाकिस्तान से हार और वर्ल्ड कप से विदाई
नवंबर 2021 भी भारतीय क्रिकेट प्रेमियों के लिए निराशा लेकर आया था। टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान ने 24 अक्टूबर को भारत को 10 विकेट से हराकर इतिहास रच दिया था। इसके बाद भारतीय टीम टूर्नामेंट में वापसी नहीं कर सकी और सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो गई। इस प्रदर्शन ने फैन्स को निराश कर दिया था।
क्रिकेट में हार और जीत खेल का हिस्सा हैं लेकिन लगातार नवंबर के महीने में मिलने वाले इन झटकों ने इस महीने को फैन्स के लिए खास तौर पर भावुक बना दिया है। 2021 में वर्ल्ड कप से बाहर होना हो या 2022 में सेमीफाइनल की हार 2023 का फाइनल हो या 2024 में घरेलू सीरीज में क्लीन स्वीप और अब 2026 में धोनी की आईपीएल से विदाई हर घटना ने क्रिकेट प्रेमियों को कुछ न कुछ ऐसा दिया है जिसे वे आसानी से नहीं भूल पाएंगे। शायद इसीलिए अब नवंबर आते ही फैन्स को पुराने जख्म याद आने लगते हैं। कैलेंडर बदल जाएगा नए खिलाड़ी आएंगे और नई जीतें भी मिलेंगी लेकिन इन तारीखों से जुड़ी यादें लंबे समय तक दिल में रहेंगी।
