November 19, 2026

गरीब छात्रों के लिए आकाश विजयवर्गीय की बड़ी पहल, निःशुल्क कोचिंग बनी चर्चा का केंद्र; X पर नंबर-1 ट्रेंड हुआ हैशटैग

0
untitled-1794825243

इंदौर । इंदौर में आर्थिक रूप से कमजोर और मेधावी विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का अवसर देने के लिए शुरू की गई पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय की पहल अब देशभर में चर्चा का विषय बन गई है। शिक्षा के क्षेत्र में की गई इस पहल को सोशल मीडिया पर जबरदस्त समर्थन मिल रहा है। इसी बीच X पर #AKVijayvargiyaFreeEducation हैशटैग देशभर में नंबर-1 पर ट्रेंड करता दिखाई दिया। सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में लोग इस पहल की सराहना कर रहे हैं और इसे आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के लिए उपयोगी कदम बता रहे हैं।

आकाश विजयवर्गीय की संस्था देव से महादेव वेलफेयर सोसायटी की ओर से इंदौर में निःशुल्क कोचिंग सेंटर शुरू किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य ऐसे विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का अवसर उपलब्ध कराना है जो प्रतिभाशाली होने के बावजूद आर्थिक परेशानियों के कारण महंगी कोचिंग का खर्च नहीं उठा पाते हैं। इस योजना में विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 1 के साथ ही अन्य आर्थिक रूप से कमजोर और मेधावी विद्यार्थियों को भी लाभ देने का लक्ष्य रखा गया है।

इस निःशुल्क कोचिंग सेंटर के संचालन में प्रतिष्ठित कौटिल्य एकेडमी का सहयोग लिया जा रहा है। यहां विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विशेषज्ञ शिक्षकों की मदद मिलेगी। इसके साथ ही विद्यार्थियों को बेहतर तैयारी के लिए जरूरी अध्ययन सामग्री और करियर मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जाएगा। इस व्यवस्था का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को कक्षाओं तक सीमित रखना नहीं बल्कि उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए व्यवस्थित तरीके से तैयार करना है।

निःशुल्क कोचिंग के माध्यम से कई महत्वपूर्ण प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने की योजना है। इसमें मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग यानी MPPSC के साथ फूड सेफ्टी ऑफिसर पटवारी सब इंस्पेक्टर पुलिस कांस्टेबल और शिक्षक वर्ग 1 वर्ग 2 तथा वर्ग 3 जैसी परीक्षाएं शामिल हैं। इससे ऐसे विद्यार्थियों को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है जो सरकारी नौकरी की तैयारी करना चाहते हैं लेकिन आर्थिक सीमाओं के कारण निजी कोचिंग संस्थानों का रुख नहीं कर पाते।

इस पहल की सबसे खास बात यह है कि विद्यार्थियों को केवल निःशुल्क क्लासरूम सुविधा ही नहीं दी जाएगी बल्कि पढ़ाई के लिए जरूरी सामग्री और करियर से जुड़े मार्गदर्शन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। प्रतियोगी परीक्षाओं में सही दिशा और रणनीति को बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। ऐसे में विशेषज्ञ शिक्षकों और मार्गदर्शन की सुविधा विद्यार्थियों की तैयारी को मजबूत करने में मदद कर सकती है।

आकाश विजयवर्गीय की इस पहल को लेकर सोशल मीडिया पर भी लोगों की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। X पर #AKVijayvargiyaFreeEducation के नंबर-1 ट्रेंड में आने के बाद इस पहल ने देशभर का ध्यान अपनी ओर खींचा है। समर्थकों का कहना है कि आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का अवसर देना युवाओं के भविष्य को बेहतर दिशा देने वाला प्रयास है। यह पहल उन विद्यार्थियों के लिए उम्मीद की नई किरण बन सकती है जो प्रतिभा और मेहनत के बावजूद संसाधनों की कमी के कारण अपने सपनों को पूरा नहीं कर पाते।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *