MP: बैतूल में शराब की लत छुड़ाने के लिए काढ़ा पीने से दो लोगों की मौत, 5 की हालत गंभीर
बैतूल। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के बैतूल जिले (Betul district) में शराब की लत (Alcohol addiction) छुड़ाने के नाम पर दी गई कथित जड़ी-बूटी का काढ़ा (Herbal Decoction) दो लोगों की मौत का कारण बन गया। चिचोली थाना क्षेत्र के पाटाखेड़ा गांव में हुई इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। काढ़े का सेवन करने के बाद 5 अन्य लोगों की भी तबीयत बिगड़ गई जिनको अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें से दो की हालत नाजुक होने के कारण उनको जिला अस्पताल बैतूल रेफर किया गया है।
शराब की लत छुड़ाने के लिए पिलाया काढ़ा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पाटाखेड़ा गांव में रमेश उइके लोगों को शराब की लत छुड़ाने के नाम पर जड़ी-बूटी का काढ़ा पिला रहा था। बताया जा रहा है कि गांव और आसपास के कुछ लोगों ने शराब छोड़ने की उम्मीद में इस काढ़े का सेवन किया था। इसके बाद उन्हें लगातार उल्टियां होने लगीं और उनकी तबीयत बिगड़ गई।
2 की मौत, 5 लोग भर्ती
इस घटना में देहगुड़ (आठनेर) निवासी रामकिशोर और महाराजपुर इमलीखेड़ा निवासी संजय की मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से बीमार पड़े 5 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। बताया जाता है कि इनमें से कालवेरा (आठनेर) निवासी रामदास और सहदेव की पल्स कम होने और उनकी हालत नाजुक होने के कारण उन्हें बेहतर उपचार के लिए बैतूल जिला अस्पताल रेफर किया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने लिया हालात का जायजा
काढ़ा पीने से बीमार हुए इमलीखेड़ा और देहगुड़ निवासी 3 अन्य मरीज मोहन, राकेश और विजय की हालत स्थिर बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग का अमला सक्रिय हो गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. संजीव शर्मा स्वयं मौके पर पहुंचकर मरीजों की स्थिति और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
लगातार हो रही थीं उल्टियां
सीएमएचओ डॉ. संजीव शर्मा ने बताया कि डॉ. अभिनव शुक्ला के माध्यम से सूचना मिली थी कि पाटाखेड़ा गांव में एक ओझा ने शराब छुड़वाने के लिए लोगों को जड़ी-बूटी का काढ़ा पिलाया गया था। इससे रामकिशोर और संजय की मृत्यु हो गई जबकि गंभीर हालत में 5 अन्य को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। मरीजों को लगातार उल्टियां हो रही थीं। साथ ही पल्स भी कम हो रही थी।
बीपी भी हो रहा था अस्थिर
अधिकारी ने बताया कि मरीजों का बीपी भी अस्थिर हो रहा था। प्राथमिक उपचार के तौर पर उनके पेट की धुलाई कर दी गई है। काढ़े का सेवन करने वालों में आठनेर विकासखंड के देहगुड़ और सारणी क्षेत्र के लोग भी शामिल थे। इसे देखते हुए आठनेर के देहगुड़ गांव और सारणी की स्वास्थ्य टीमों, आशा कार्यकर्ताओं व टीपीएम को अलर्ट कर दिया गया है।
घर-घर जाकर सर्वे कर रहीं आशा कार्यकर्ता
आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर सर्वे कर रही हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं कोई अन्य प्रभावित बिना इलाज के घर तो नहीं चला गया है। वहीं, घटना के बाद पुलिस और राजस्व अमले ने भी जांच शुरू कर दी है। मामले की तहकीकात जारी है। मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, ताकि मौत के कारणों और जहर की प्रकृति का पता लगाया जा सके।
