November 19, 2026

जबलपुर: रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर फूड स्टाल में लगी अचानक आग, मची अफरा-तफरी

0
00000000000000000-1795072023

जबलपुर।
जबलपुर मुख्य रेलवे स्टेशन (Jabalpur Main Railway Station) के प्लेटफार्म नंबर-1 (Platform Number 1) पर बुधवार शाम एक फूड स्टाल (Food stall) में अचानक आग लग गई। पार्सल विभाग के पास कटनी छोर पर स्थित स्टाल से उठी लपटों और काले धुएं ने यात्रियों में दहशत फैला दी। आग इतनी तेजी से फैली कि प्लेटफार्म के शेड तक इसकी चपेट में आ गया। घटना में फूड स्टाल का सामान जल गया, वहीं आसपास रखे कुछ पार्सल भी क्षतिग्रस्त होने की आशंका है।

घटना बुधवार शाम करीब चार बजे की बताई जा रही है। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। फूड स्टाल से उठी चिंगारी देखते ही देखते आग में बदल गई और ऊंची लपटें उठने लगीं। धुआं फैलते ही प्लेटफार्म पर मौजूद यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। लोग जान बचाने के लिए घटनास्थल से दूर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।


पार्सल लोडिंग के दौरान हुआ हादसा

जिस समय आग लगी, तब प्लेटफार्म पर खड़ी पार्सल लगेज वैन में सामान लोड और अनलोड किया जा रहा था। आग फैलने से आसपास रखे पार्सल भी प्रभावित हुए। रेलवे कर्मचारियों ने तत्काल आग बुझाने की कोशिश शुरू की और सूचना मिलते ही अग्निशमन वाहन मौके पर पहुंच गया। दमकल कर्मियों ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।


शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि, आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। घटना में किसी के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *