धुरंधर 2 के गानों को ग्रैमी में नहीं मिली जगह, तमिल ट्रैक वारुवाइ ने मारी बाजी, बियॉन्से ने भी बनाया ऐतिहासिक रिकॉर्ड
धुरंधर 2 के संगीत को भारत में काफी पसंद किया गया था। फिल्म के कंपोजर शाश्वत सचदेव के साउंडट्रैक ने रिलीज के बाद दर्शकों के बीच अपनी खास पहचान बनाई। इसी लोकप्रियता के चलते फिल्म के संगीत से जुड़े कई गानों और रिकॉर्डिंग को ग्रैमी अवॉर्ड्स 2027 की अलग-अलग श्रेणियों में विचार के लिए भेजा गया था। रिपोर्ट के मुताबिक फिल्म की ओर से कुल आठ एंट्रीज सबमिट की गई थीं। इनमें बेस्ट कंपाइलेशन साउंडट्रैक फॉर विजुअल मीडिया और बेस्ट सॉन्ग रिटन फॉर विजुअल मीडिया जैसी श्रेणियां शामिल थीं।
फिल्म के गाने फिर से को बेस्ट सॉन्ग रिटन फॉर विजुअल मीडिया के लिए भेजा गया था। वहीं जान से गुजरते हैं और कन्हैया को बेस्ट ग्लोबल म्यूजिक परफॉर्मेंस की श्रेणी में जगह दिलाने की कोशिश की गई थी। इसके अलावा आरी आरी को बेस्ट एशियन पॉप म्यूजिक परफॉर्मेंस के लिए विचारार्थ भेजा गया। दूसरी एंट्रीज में वारी जावां को बेस्ट डांस और इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्डिंग जाइए सजना को बेस्ट पॉप डुओ या ग्रुप परफॉर्मेंस डेस्टिनी-मन अटकेया को बेस्ट रैप परफॉर्मेंस और हम प्यार करने वाले को बेस्ट रीमिक्स रिकॉर्डिंग कैटेगरी में शामिल किया गया था। हालांकि इनमें से कोई भी एंट्री नॉमिनेशन हासिल नहीं कर सकी।
धुरंधर 2 के लिए यह भले ही निराशाजनक खबर हो लेकिन भारतीय संगीत जगत को एक बड़ी उपलब्धि जरूर मिली है। तमिल ट्रैक वारुवाइ को बेस्ट ग्लोबल म्यूजिक परफॉर्मेंस कैटेगरी में नॉमिनेशन मिला है। रिपोर्ट के अनुसार यह पहली बार है जब किसी तमिल गाने को ग्रैमी अवॉर्ड्स में नॉमिनेशन हासिल हुआ है। इससे अंतरराष्ट्रीय मंच पर तमिल संगीत की पहचान को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।
ग्रैमी अवॉर्ड्स 2027 में इस बार अंतरराष्ट्रीय संगीत जगत के कई बड़े नामों का दबदबा देखने को मिल रहा है। गायिका RAYE सबसे ज्यादा नॉमिनेशन पाने वाली कलाकार बताई गई हैं। उनके बाद रोसालिया और इला का नाम शामिल है। वहीं पॉप स्टार बियॉन्से ने भी एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। वह अपने करियर में 100 ग्रैमी नॉमिनेशन पाने वाली पहली कलाकार बन गई हैं। उन्हें मॉर्निंग ड्यू (डोंक) के लिए बेस्ट R&B सोलो परफॉर्मेंस कैटेगरी में नॉमिनेशन मिला है।
ग्रैमी अवॉर्ड्स 2027 का आयोजन 7 फरवरी को लॉस एंजेलिस में होना है। अब संगीत प्रेमियों की नजर पुरस्कार समारोह पर रहेगी। धुरंधर 2 भले ही इस बार ग्रैमी की अंतिम सूची में जगह नहीं बना पाई लेकिन तमिल गाने वारुवाइ का नॉमिनेशन भारतीय संगीत के लिए चर्चा का विषय बन गया है।
