बेटियों के सपनों को शक्ति देती रानी लक्ष्मीबाई की वीरगाथा
– डॉ. निवेदिता शर्मा अध्यक्ष, मध्य प्रदेश बाल अधिकार संरक्षण आयोग
नारी सशक्तिकरण की चर्चा आज शिक्षा, आर्थिक आत्मनिर्भरता, नेतृत्व, समान अवसर और सामाजिक सम्मान के संदर्भ में होती है। इन सबके बीच झांसी की रानी लक्ष्मीबाई का जीवन एक ऐसी प्रेरणा है, जो समय की सीमाओं से परे जाकर आत्मविश्वास, स्वाभिमान, नेतृत्व और राष्ट्रनिष्ठा का अर्थ समझाता है। उन्होंने उस युग में अपने व्यक्तित्व की ऐसी ऊंचाई स्थापित की, जब महिलाओं के लिए सार्वजनिक जीवन में निर्णायक भूमिका निभाना सहज कल्पना भी नहीं थी। अल्पायु में शासन की जिम्मेदारी संभालना, प्रतिकूल परिस्थितियों में निर्णय लेना, सेना का नेतृत्व करना और विदेशी सत्ता के सामने अपने अधिकारों के लिए अडिग रहना, उनके जीवन को असाधारण बनाता है।
रानी लक्ष्मीबाई की वीरता को इतिहास प्रायः रणभूमि के संदर्भ में स्मरण करता है, जबकि उनके जीवन का व्यापक संदेश यह है कि स्वप्रेरणा किसी व्यक्ति को परिस्थितियों का अनुयायी बनने से रोककर उनका निर्माता बना सकती है। उन्होंने अपने सामने खड़ी चुनौतियों को नियति मानकर स्वीकार नहीं किया, हर चुनौती का सामना करने का मार्ग चुना। यही गुण आज की युवतियों और महिलाओं के लिए उनके व्यक्तित्व को प्रासंगिक बनाता है।
मनु से लक्ष्मीबाई तक : संस्कारों ने गढ़ा साहस का व्यक्तित्व
रानी लक्ष्मीबाई का जन्म 19 नवंबर 1828 को वाराणसी के भदैनी क्षेत्र में एक मराठी ब्राह्मण परिवार में हुआ था। उनका बचपन का नाम मणिकर्णिका था और परिवार उन्हें प्यार से मनु पुकारता था। पिता मोरोपंत तांबे पेशवा बाजीराव द्वितीय के दरबार से जुड़े थे, जबकि माता भागीरथीबाई गृहणी थीं। बाल्यावस्था में ही मां का साया उठ जाने के बाद पिता उन्हें बिठूर ले गए। यहां पेशवा ने मनु को बेटी की तरह स्नेह दिया और उन्हें छबीली नाम से पुकारा।
मनु का बचपन सामान्य बालिकाओं की तरह सीमित गतिविधियों में नहीं बीता। उनकी शिक्षा में पुस्तकीय ज्ञान के साथ घुड़सवारी, तलवारबाजी, निशानेबाजी, आत्मरक्षा और सैन्य कौशल का प्रशिक्षण भी शामिल था। वे शारीरिक रूप से सक्रिय, साहसी और अनुशासित थीं। योगाभ्यास, धार्मिक संस्कार, घोड़ों के प्रति लगाव, प्रशासनिक समझ और जनकल्याण की भावना उनके व्यक्तित्व का हिस्सा बनते गए।
यह उनके जीवन का वह दौर था, जिसने आगे चलकर संकट के समय निर्णय लेने की क्षमता विकसित की। रानी लक्ष्मीबाई का व्यक्तित्व हमें यह समझाता है कि आत्मविश्वास जन्मजात गुण भर नहीं है, उसे संस्कार, अभ्यास, शिक्षा, अनुशासन और निरंतर प्रयास से भी अर्जित किया जा सकता है। किसी बालिका के भीतर साहस और नेतृत्व के बीज बोए जाएं, तो वह जीवन के हर क्षेत्र में अपनी भूमिका प्रभावी ढंग से निभा सकती है।
अधिकारों की रक्षा के लिए सत्ता से टकराने का संकल्प
1842 में मनु का विवाह झांसी के महाराजा गंगाधर राव नेवालकर से हुआ। विवाह के बाद उनका नाम लक्ष्मीबाई रखा गया और वे झांसी की रानी बनीं। 1851 में उन्होंने एक पुत्र को जन्म दिया, जिसका चार माह की आयु में निधन हो गया। बाद में महाराजा ने अपने रिश्तेदार के पुत्र दामोदर राव को गोद लिया। 21 नवंबर 1853 को महाराजा गंगाधर राव का निधन हो गया। उस समय रानी युवा थीं और उनके सामने राजपरिवार, राज्य तथा प्रजा के भविष्य की गंभीर जिम्मेदारी खड़ी थी।
ब्रिटिश शासन की विस्तारवादी नीति के अंतर्गत लॉर्ड डलहौजी ने गोद नीति के आधार पर दामोदर राव को झांसी का उत्तराधिकारी स्वीकार करने से इनकार कर दिया। 1854 में झांसी को ब्रिटिश साम्राज्य में मिलाने की घोषणा कर दी गई। रानी को राज्य छोड़कर पेंशन स्वीकार करने का प्रस्ताव दिया गया। यह निर्णय उनके लिए व्यक्तिगत सत्ता का प्रश्न भर नहीं था, राज्य की अस्मिता, परंपरा, अधिकार और जनता के भविष्य से जुड़ा विषय था।
रानी ने इस फैसले के सामने झुकने के बजाय उसका विरोध किया। उन्होंने कानूनी अपील की, अपने पक्ष में तर्क रखे और अंग्रेजी सत्ता के निर्णय को चुनौती दी। उनकी अपील खारिज कर दी गई, फिर भी उनके संकल्प की लौ बुझी नहीं। इतिहास में उनके साथ जुड़ा वाक्य, “मेरी झांसी नहीं दूंगी”, उनके आत्मसम्मान और स्वाधिकार के संघर्ष का प्रतीक बन गया।
इस प्रसंग से आज की महिलाओं को यह सीख मिलती है कि अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होना, उन्हें समझना और उनके लिए दृढ़ता से खड़े रहना जीवन की महत्वपूर्ण शक्ति है। आत्मसम्मान किसी पद, संपत्ति या सामाजिक मान्यता से बड़ा होता है। जब व्यक्ति अपने मूल्यों पर विश्वास करता है, तब प्रतिकूल परिस्थितियां भी उसके संकल्प को कमजोर करने के बजाय मजबूत कर सकती हैं।
रणभूमि में स्त्री नेतृत्व की ऐतिहासिक मिसाल
1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में रानी लक्ष्मीबाई ने अपने नेतृत्व और युद्ध कौशल का अद्वितीय परिचय दिया। उन्होंने सेना का संगठन किया, युद्ध की तैयारी की और पुरुषों के साथ महिलाओं को भी प्रशिक्षण तथा सैन्य गतिविधियों में सहभागी बनाया। उनके साथ गुलाम गौस खान, दोस्त खान, खुदा बख्श, सुंदर-मुंदर, काशी बाई, मोतीबाई, दीवान रघुनाथ सिंह और दीवान जवाहर सिंह जैसे वीर सेनानायक जुड़े थे।
उन्होंने पड़ोसी राज्यों ओरछा और दतिया की ओर से हुए आक्रमणों का सामना किया। मार्च 1858 में सर ह्यू रोज के नेतृत्व में ब्रिटिश सेना ने झांसी को घेर लिया। रानी और उनके सैनिकों ने किले की रक्षा के लिए अद्भुत साहस दिखाया। संघर्ष कई दिनों तक चला। संकट गहराने और संसाधनों की स्थिति कठिन होने पर भी उन्होंने हार स्वीकार करने के बजाय आगे बढ़कर संघर्ष जारी रखा। वे दामोदर राव के साथ कालपी पहुंचीं, जहां तात्या टोपे और नाना साहब के सहयोगियों के साथ अंग्रेजों के विरुद्ध मोर्चा संभाला।
आगे चलकर ग्वालियर पर अधिकार के संघर्ष में भी उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। 17-18 जून 1858 को ग्वालियर के निकट कोटा की सराय में अंग्रेजी सेना से लड़ते हुए वे वीरगति को प्राप्त हुईं। घायल होने के बाद भी युद्ध जारी रखने की उनकी अदम्य इच्छाशक्ति उनके साहस की पराकाष्ठा थी। ब्रिटिश सेनापति सर ह्यू रोज ने भी उनकी वीरता, रणनीतिक क्षमता और दृढ़ता को असाधारण माना। उनकी शौर्यगाथा को कवयित्री सुभद्राकुमारी चौहान की पंक्तियों ने जनमानस में अमर कर दिया,
“खूब लड़ी मर्दानी वह तो झांसी वाली रानी थी।”
यह पंक्ति आज भी देश की असंख्य महिलाओं के भीतर संघर्ष करने और आगे बढ़ने की प्रेरणा जगाती है।
महिला जागरण का अर्थ : परिस्थितियों से नहीं, संकल्प से तय हो भविष्य
रानी लक्ष्मीबाई का जीवन आज के महिला जागरण के लिए एक व्यापक दृष्टि प्रस्तुत करता है। महिला सशक्तिकरण का अर्थ किसी एक क्षेत्र में सफलता हासिल करना भर नहीं, अपने जीवन के फैसले स्वयं लेने की क्षमता, अपने अधिकारों के प्रति सजगता, कठिन परिस्थितियों में नेतृत्व, आर्थिक एवं मानसिक आत्मनिर्भरता और समाज के प्रति उत्तरदायित्व का निर्वहन भी है।
रानी ने अपने समय में प्रशासन संभाला, सेना का नेतृत्व किया, न्याय और प्रजा की चिंता की तथा संकट के समय निर्णायक भूमिका निभाई। उनके जीवन से यह स्पष्ट होता है कि स्त्री की क्षमता को किसी निर्धारित भूमिका या सीमा में बांधना उसके व्यक्तित्व के साथ अन्याय है। अवसर, शिक्षा, प्रशिक्षण और विश्वास मिलने पर वह परिवार, समाज, शासन, विज्ञान, सुरक्षा, उद्यम और राष्ट्रनिर्माण के प्रत्येक क्षेत्र में अपना योगदान दे सकती है।
आज देश की बेटियां अंतरिक्ष विज्ञान से लेकर सेना, न्यायपालिका से लेकर खेल, उद्योग से लेकर राजनीति और शोध से लेकर तकनीक तक अपनी प्रतिभा का परिचय दे रही हैं। ऐसे समय में रानी लक्ष्मीबाई का जीवन उन्हें अपनी क्षमताओं पर विश्वास करने, लक्ष्य निर्धारित करने और बाधाओं से घबराए बिना आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उनकी कहानी बताती है कि आत्मनिर्भरता का आरंभ अपने भीतर विश्वास पैदा करने से होता है और स्वप्रेरणा वह शक्ति है, जो इस विश्वास को कर्म में बदल देती है।
आत्मसम्मान की मशाल, पीढ़ियों तक उजाला
हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने रानी लक्ष्मीबाई के अदम्य साहस, आत्मसम्मान और मातृभूमि के प्रति समर्पण को देश की हर पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बताया है। उनके संदेश का मूल भाव यह है कि कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी अपने कर्तव्य और स्वाभिमान के प्रति अडिग रहना ही सच्ची शक्ति है। रानी लक्ष्मीबाई का संघर्ष भारत की स्वतंत्रता चेतना और राष्ट्रनिष्ठा को निरंतर प्रेरित करता रहेगा।
वास्तव में रानी लक्ष्मीबाई का जीवन इस बात का प्रमाण है कि साहस का अर्थ भय का अभाव नहीं, अपने कर्तव्य के लिए भय से ऊपर उठना है। नेतृत्व का अर्थ पद पर बैठना नहीं, जिम्मेदारी निभाना है। स्वाभिमान का अर्थ अहंकार नहीं, अपने अधिकारों, मूल्यों और अस्तित्व की गरिमा की रक्षा करना है। आज उनकी जयंती पर उन्हें स्मरण करना एक वीरांगना को श्रद्धांजलि देने के साथ उन मूल्यों को आत्मसात करने का अवसर भी है, जिनके लिए उन्होंने अपना जीवन समर्पित कर दिया।
ऐसे में कहा जा सकता है कि झांसी की रानी इतिहास के पन्नों में दर्ज एक नाम भर नहीं, वह आत्मबल की ऐसी अमर मशाल हैं, जो हर पीढ़ी की बेटी को यह संदेश देती है कि अपने सपनों पर विश्वास रखो, अपने सामर्थ्य को पहचानो, अन्याय के सामने दृढ़ रहो और अपने कर्म से समाज में परिवर्तन की राह बनाओ।
