सलमान खान की जगह आयुष्मान को मिला प्रेम बनने का मौका, सूरज बड़जात्या ने बताई वो खास खूबी जिसने जीत लिया दिल
फिल्म के ट्रेलर लॉन्च के दौरान सूरज बड़जात्या ने बताया कि आखिर उन्होंने प्रेम के किरदार के लिए आयुष्मान खुराना को ही क्यों चुना। उन्होंने कहा कि जब पहली बार यह कहानी उनके सामने आई तो इसमें प्रेम नाम का एक ऐसा किरदार था जो अपने नजरिए और अपनी सहज आवाज के जरिए कई बातों पर सवाल उठाता है। इस भूमिका के लिए उन्हें ऐसे कलाकार की जरूरत थी जिसके अंदर सादगी हो और जो अपनी बात को सहज तरीके से लोगों तक पहुंचा सके। सूरज के दिमाग में सबसे पहले आयुष्मान खुराना का नाम आया। उनके मुताबिक आयुष्मान के अंदर हर बात को समझने और उस पर सवाल करने की एक खास खूबी है। यही बात उनकी फिल्मों में भी दिखाई देती है।
सलमान ही हैं असली प्रेम
ट्रेलर लॉन्च के दौरान आयुष्मान खुराना ने भी सलमान खान के साथ प्रेम किरदार के जुड़ाव पर खुलकर बात की। उन्होंने माना कि दर्शकों के मन में प्रेम की जो छवि बनी हुई है उसमें सलमान खान का सबसे बड़ा योगदान है। आयुष्मान ने सलमान को असली प्रेम बताते हुए कहा कि उनके लिए इस किरदार को निभाना बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने यह भी कहा कि सलमान खान से बेहतर प्रेम का किरदार शायद ही कोई निभा सकता है। सलमान ने राजश्री प्रोडक्शंस की फिल्मों में प्रेम को जिस तरह लोकप्रिय बनाया है वह अपने आप में खास है।
आयुष्मान के मुताबिक प्रेम का किरदार निभाने के लिए सिर्फ अभिनय करना काफी नहीं है बल्कि एक संवेदनशील और दयालु इंसान की भावनाओं को समझना भी जरूरी है। प्रेम ऐसा व्यक्ति होना चाहिए जो दूसरों की भावनाओं की कद्र करे और अपने व्यवहार से लोगों का दिल जीत सके। यही वजह है कि वह इस भूमिका को एक बड़ी जिम्मेदारी मानते हैं।
सलमान और आयुष्मान में क्या समानता देखते हैं सूरज
सूरज बड़जात्या ने दोनों कलाकारों के बीच एक खास समानता भी बताई। उनके मुताबिक सलमान खान और आयुष्मान खुराना दोनों की अपनी अलग पहचान और अभिनय का अलग अंदाज है। वह किसी भी कलाकार को दूसरे की नकल करने के लिए नहीं कहते बल्कि उसे अपने तरीके से किरदार को जीने की आजादी देते हैं। सूरज ने बताया कि उन्होंने आयुष्मान को पहले दिन से ही प्रेम के भाव को समझते हुए देखा और उन्हें लगा कि उनके अभिनय में किसी तरह के बदलाव की जरूरत नहीं है। जिस तरह सलमान ने अपने अंदाज में प्रेम को पर्दे पर उतारा था उसी तरह आयुष्मान भी अपने व्यक्तित्व के साथ इस किरदार को निभाएंगे।
फिल्म में नजर आएंगे कई बड़े कलाकार
ये प्रेम मोल लिया में आयुष्मान खुराना के साथ शरवरी वाघ मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। इनके अलावा अनुपम खेर सुप्रिया पाठक कपूर सीमा पाहवा स्वानंद किरकिरे सौम्या टंडन श्रुति सेठ और गिरीश कुलकर्णी जैसे कलाकार भी फिल्म का हिस्सा हैं। राजश्री प्रोडक्शंस और महावीर जैन फिल्म्स के सहयोग से बन रही इस फिल्म के जरिए सूरज बड़जात्या निर्देशन में वापसी कर रहे हैं। इससे पहले उनकी फिल्म ऊंचाई को राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।
फिल्म के संगीत की जिम्मेदारी एक बार फिर हिमेश रेशमिया ने संभाली है। इसके प्रमोशन में झुमका पटोला गाना भी चर्चा में है जिसे श्रेया घोषाल ने अपनी आवाज दी है। अब देखना दिलचस्प होगा कि आयुष्मान खुराना का नया प्रेम दर्शकों के दिलों में सलमान खान की तरह जगह बना पाता है या नहीं।
