न बड़े सितारे और न करोड़ों का बजट, फिर भी बॉक्स ऑफिस पर मचा रही धूम, IMDb पर 8.4 रेटिंग वाली इस फिल्म ने जीता सबका दिल
बुजुर्ग दंपति के अकेलेपन की कहानी है पायर
फिल्म की कहानी उत्तराखंड के कुमाऊं क्षेत्र के एक पहाड़ी गांव में रहने वाले बुजुर्ग दंपति पदम सिंह और तुलसी के इर्द-गिर्द घूमती है। पदम सिंह की उम्र करीब 80 साल है जबकि उनकी पत्नी तुलसी लगभग 70 साल की हैं। तुलसी बीमार रहती हैं और दोनों अपनी जिंदगी के आखिरी पड़ाव पर हैं। उनका इकलौता बेटा हरिया करीब 28 साल पहले रोजगार की तलाश में मुंबई चला गया था लेकिन इसके बाद वह कभी गांव वापस नहीं लौटा। बेटे के इंतजार में बुजुर्ग माता-पिता की जिंदगी गुजरती जा रही है।
फिल्म में पहाड़ों से लगातार हो रहे पलायन की समस्या को भी बेहद संवेदनशील तरीके से दिखाया गया है। कभी लोगों से गुलजार रहने वाले गांव अब खाली होते जा रहे हैं। ऐसे में इस बुजुर्ग दंपति को अपनी मौत से ज्यादा इस बात की चिंता सताती है कि उनके अंतिम संस्कार के समय अर्थी को कंधा देने के लिए चार लोग भी मिलेंगे या नहीं। इसी बीच एक दिन डाकिया उनके बेटे की चिट्ठी लेकर पहुंचता है। यह चिट्ठी दोनों की जिंदगी में उम्मीद की नई किरण लेकर आती है। इसके बाद कहानी में भावनाओं का ऐसा सिलसिला शुरू होता है जो दर्शकों को भीतर तक छू जाता है।
पहली बार कैमरे के सामने आए आम लोग
पायर की सबसे बड़ी खासियत इसके कलाकार हैं। फिल्म में पदम सिंह कापड़ी और हीरा देवी ने मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं। दोनों उत्तराखंड के गांव से ताल्लुक रखते हैं और अभिनय की दुनिया में आने से पहले पेशेवर कलाकार नहीं थे। इसके बावजूद पर्दे पर उनका अभिनय इतना स्वाभाविक दिखाई देता है कि दर्शकों को यह किसी फिल्म की कहानी के बजाय वास्तविक जिंदगी का हिस्सा लगता है। दोनों के बीच की छोटी-छोटी नोकझोंक प्यार और एक-दूसरे के प्रति चिंता फिल्म को बेहद खास बनाती है।
गुलजार के गीत और ऑस्कर विजेता संगीतकार का साथ
फिल्म की भावनात्मक कहानी को और प्रभावी बनाने में इसके संगीत का भी अहम योगदान है। इसके गीत मशहूर गीतकार गुलजार ने लिखे हैं जबकि संगीत ऑस्कर विजेता संगीतकार माइकल डैना और अमृता वाज ने तैयार किया है। फिल्म का संगीत इसकी कहानी और पहाड़ी परिवेश के साथ खूबसूरती से जुड़ता है।
18 अंतरराष्ट्रीय पुरस्कारों से मिल चुकी है पहचान
भारतीय सिनेमाघरों में रिलीज होने से पहले ही पायर कई अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में अपनी पहचान बना चुकी है। फिल्म को अब तक 18 अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार मिल चुके हैं। फिल्ममेकर विवेक अग्निहोत्री ने इसे मास्टरपीस बताते हुए इसकी तारीफ की है। उन्होंने कहा कि कुछ फिल्में खत्म होने के बाद भी दर्शकों के साथ बनी रहती हैं और पायर ऐसी ही फिल्मों में शामिल है। जाह्नवी कपूर और करण जौहर ने भी फिल्म की सराहना की है।
दर्शकों की मांग पर बढ़ाए गए 200 से ज्यादा शो
शुरुआत में बड़े बजट की फिल्मों के मुकाबले पायर को सिनेमाघरों में कम स्क्रीन और शो मिले थे। निर्देशक विनोद कापड़ी ने भी इस स्थिति पर अपनी चिंता जाहिर की थी। हालांकि दर्शकों से मिल रहे शानदार रिस्पॉन्स और सकारात्मक समीक्षाओं के बाद फिल्म के 200 से ज्यादा शो बढ़ाए गए। करीब 2.5 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने अपनी लागत से अधिक कमाई भी कर ली है। पायर ने एक बार फिर साबित किया है कि सिनेमा की असली ताकत हमेशा बड़े सितारे और भारी बजट नहीं होते बल्कि एक सच्ची कहानी और दमदार अभिनय भी दर्शकों के दिलों में खास जगह बना सकते हैं।
