November 20, 2026

इंस्टाग्राम पर लिख रखा था- नाम बदनाम, पता तिहाड़, काम मारने का… एनकाउंटर में ढेर हुआ नसीम दुर्रानी

0
photo-3-1-1795149628

बुलंदशहर। दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा के कार्यालय के बाहर हुई हत्या के मामले में वांटेड गैंगस्टर नसीम दुर्रानी पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। नोएडा एसटीएफ और दिल्ली पुलिस की संयुक्त टीम ने बुलंदशहर में उसे घेर लिया था। पुलिस के मुताबिक, नसीम ने गिरफ्तारी से बचने के लिए फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में उसे कई गोलियां लगीं। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

नसीम का सोशल मीडिया अकाउंट भी उसके आपराधिक अंदाज को दिखाता था। इंस्टाग्राम प्रोफाइल के बायो में उसने लिखा था- ‘नाम- बदनाम, एड्रेस- तिहाड़ जेल, उम्र- जीने की, काम- मारने का।’ वह इसी तरह की पोस्ट और प्रोफाइल के जरिए लोगों में अपना खौफ बनाए रखने की कोशिश करता था।

स्कूटी से भागते वक्त पुलिस ने घेरा

पुलिस के अनुसार, नसीम लंबे समय से फरार चल रहा था। इसी दौरान नोएडा एसटीएफ और दिल्ली पुलिस को उसकी गतिविधियों की जानकारी सिकंदरा बाईपास के पास मिली। सीसीटीवी फुटेज में वह स्कूटी से जाता दिखाई दिया था। इसके बाद संयुक्त टीम ने उसकी गिरफ्तारी के लिए घेराबंदी की।

बताया गया कि पुलिस को देखकर नसीम ने स्कूटी की रफ्तार बढ़ा दी। इसी दौरान उसकी स्कूटी फिसल गई और वह सड़क पर गिर पड़ा। पुलिस का दावा है कि नसीम के पास 32 बोर की दो पिस्टल थीं। उसने इनसे पुलिस टीम पर गोलियां चलाईं। जवाबी कार्रवाई में उसे कई गोलियां लगीं। पुलिस ने मौके से दोनों पिस्टल बरामद की हैं।

कपिल मिश्रा के कार्यालय के बाहर हत्या का आरोप

नसीम दुर्रानी पर सबसे ताजा आरोप 16 नवंबर को हुई समीर की हत्या से जुड़ा था। आरोप है कि उसने दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा के कार्यालय के बाहर समीर की गोली मारकर हत्या कर दी थी। बताया गया कि हमलावर ने समीर पर 15 से 16 गोलियां चलाई थीं। इसी मामले में नसीम पुलिस के लिए वांटेड था।

छोटा शकील से संपर्क और छोटा राजन की हत्या की साजिश का आरोप

नसीम दुर्रानी के अंडरवर्ल्ड कनेक्शन भी सामने आए थे। बताया जाता है कि वह अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा शकील के संपर्क में रह चुका था। आरोप है कि वर्ष 2016-17 में छोटा शकील ने तिहाड़ जेल में बंद छोटा राजन की हत्या की सुपारी नसीम को दी थी।

उस पर पाकिस्तानी मूल के कनाडाई नागरिक और पत्रकार तारिक फतेह की हत्या की साजिश रचने का आरोप भी लगा था। इस मामले में उसे पहले गिरफ्तार किए जाने की बात भी सामने आई थी।

कई नामों से पहचान, दिल्ली में दर्ज थे गंभीर मामले

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, नसीम को नसीम उर्फ रिजवान के नाम से भी जाना जाता था। वह उत्तर-पूर्वी दिल्ली के न्यू मुस्तफाबाद स्थित राजीव गांधी नगर का रहने वाला था और उसकी उम्र 37 वर्ष थी।

पुलिस ने उसे आदतन और खतरनाक अपराधी बताया था। उसके अनुसार, नसीम अपने साथियों और गिरोह के सदस्यों के साथ उत्तर-पूर्वी दिल्ली के इलाके में सक्रिय था। उस पर हत्या, हथियारों के बल पर लूट, अवैध हथियार रखने, चोरी और पुलिसकर्मियों पर हमले जैसे गंभीर अपराधों में शामिल होने के आरोप थे।

गोकुलपुरी थाने में दर्ज एफआईआर नंबर 173/2014 के मामले में उस पर पुलिस हिरासत से एक आरोपी को भगाने में मदद करने का आरोप था। इस दौरान पुलिसकर्मियों पर हमला करने और पुलिस टीम पर पत्थर-ईंटें फेंकने की घटना भी सामने आई थी।

इसके अलावा गोकुलपुरी थाने में दर्ज एफआईआर नंबर 289/2010 हत्या के मामले में भी उसका नाम आया था। खजूरी खास, जाफराबाद, दयालपुर और अन्य थानों में भी उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज थे।

दिल्ली पुलिस के अनुसार, नसीम का लंबा आपराधिक रिकॉर्ड था और उसके संगठित अपराध से जुड़े लोगों के साथ संबंध थे। पुलिस उसे डी-कंपनी से जुड़ा हुआ भी मानती थी। तारिक फतेह को धमकियां देने से जुड़े मामले में उसकी गिरफ्तारी की बात भी पहले सामने आ चुकी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed