November 20, 2026

टैक्स में राहत दी, लेकिन न सैलरी बढ़ाई… न नई नौकरियों के प्रयास किए… PM मोदी का कॉर्पोरेट्स पर तीखा हमला….

0
000000-1795147930

नई दिल्ली।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने गुरुवार को देश के बड़े कॉर्पोरेट्स (Corporates) पर तीखा हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने कंपनियों को टैक्स में राहत दी, लेकिन उन्होंने इसका फायदा अपने तक ही रखा. न तो कर्मचारियों की सैलरी बढ़ाई और न ही नई नौकरियां पैदा करने के लिए जरूरी कदम उठाए. पीएम मोदी ने कारोबारियों से पूछा कि क्या इसी तरह काम चलता रहेगा?

PM मोदी ने यह बात दिल्ली के भारत मंडपम में फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (FICCI) के कार्यक्रम में कही. संगठन के 100 साल पूरे होने पर आयोजित इस कार्यक्रम में कई बड़े कारोबारी मौजूद थे. कॉर्पोरेट्स के सामने PM की यह पहली ऐसी सख्त टिप्पणी थी।


‘आपकी भूख इतनी है कि कितना भी खिलाओ, पेट नहीं भरता’

इस दौरान, पीएम मोदी ने कहा कि सरकार ने 2014 में 30 फीसदी रहे कॉरपोरेट टैक्स को 2019 में घटाकर 22 प्रतिशत कर दिया था. इसके अलावा, नई टैक्स व्यवस्था में 12 लाख रुपये तक की सालाना आय पर भी कुछ शर्तों के साथ टैक्स छूट दी गई. सरकार की ओर से राहत मिलने के बावजूद कंपनियों ने कर्मचारियों की सैलरी बढ़ाने और नए रोजगार देने के लिए कोई खास कदम नहीं उठाया।

कारोबारियों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने तंज कसते हुए कहा, “मुझे मालूम है कि आप ताली नहीं बजाओगे. अच्छी तरह जानता हूं, क्योंकि आपकी भूख इतनी है कि कितना भी खिलाओ, पेट नहीं भरता.”

इसके बाद उन्होंने कारोबारियों से सवाल किया, “क्या आपने अपने कर्मचारियों की सैलरी बढ़ाई है? क्या आपने नौकरी देने वाले लोगों की संख्या बढ़ाई है? नहीं. आपका रवैया ऐसा है – मोदी जी, आप करते रहिए, हम तो बस देखते रहेंगे.” पीएम मोदी ने पूछा कि क्या कारोबार इसी तरह चलता रहेगा?


कंपनियों का मुनाफा बढ़ा, लेकिन कर्मचारियों की कमाई नहीं

भारत में पिछले एक दशक के दौरान महंगाई को ध्यान में रखने के बाद कर्मचारियों की कमाई या तो स्थिर रही है या उसमें गिरावट आई है. जानकारों का कहना है कि निजी क्षेत्र अच्छी और सुरक्षित नौकरियां पैदा करने के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठा रहा है. ज्यादातर नए रोजगार गिग वर्क यानी अस्थायी और काम के हिसाब से मिलने वाली नौकरियों में जुड़ रहे हैं।

सरकार को उम्मीद थी कि कॉरपोरेट टैक्स घटाने से कंपनियां ज्यादा लोगों को नौकरी देंगी और कर्मचारियों की सैलरी बढ़ाएंगी. लेकिन इसका फायदा कर्मचारियों तक नहीं पहुंचा. दूसरी तरफ, महंगाई से आम लोग परेशान रहे और सरकार को कंपनियों से मिलने वाले टैक्स के मुकाबले व्यक्तिगत आयकर से ज्यादा कमाई होने लगी. देश की अर्थव्यवस्था में आम लोगों के खर्च की बड़ी भूमिका है. GDP में घरेलू खपत की हिस्सेदारी 61.5 फीसदी है. ऐसे में लोगों की कमाई और खर्च करने की क्षमता पर असर पड़ने से आर्थिक विकास भी प्रभावित होता है।

PM मोदी ने कहा कि सरकार ने आम लोगों की खर्च करने की क्षमता बढ़ाने के लिए इनकम टैक्स में बड़ी राहत दी है. इससे लोगों के पास खर्च करने के लिए ज्यादा पैसा बचा है.

टैक्स रिफंड अब महीनों नहीं, एक हफ्ते में मिल रहा

PM मोदी ने टैक्स रिटर्न और रिफंड की प्रक्रिया आसान बनाने का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि पहले टैक्स रिफंड मिलने में कई महीने लग जाते थे, लेकिन अब यह पैसा एक हफ्ते में मिल जाता है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “हमने टैक्स रिटर्न और रिफंड की व्यवस्था भी आसान की है, ताकि टैक्स देने वालों का पैसा बेवजह सिस्टम में न फंसा रहे. पहले आठ महीने बाद चिट्ठी मिलती थी. आज एक हफ्ते में रिफंड आ जाता है. आता है या नहीं? कम से कम इसके लिए तो ताली बजाइए।


कंपनियों का मुनाफा अर्थव्यवस्था से तेज बढ़ा

मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज की जून 2026 की रिपोर्ट के मुताबिक, वित्त वर्ष 2019-20 से 2025-26 के बीच Nifty-500 कंपनियों की कमाई सालाना औसतन 28.7 फीसदी की दर से बढ़ी. इसी दौरान देश की GDP की औसत सालाना बढ़ोतरी 9.5 फीसदी रही.

कंपनियों का मुनाफा बढ़ने के साथ विदेशों में भारतीय कंपनियों का निवेश भी बढ़ा है. एक रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय कंपनियों ने 1 अप्रैल से शुरू हुए वित्त वर्ष के पहले चार महीनों में विदेशों में 14 अरब डॉलर से ज्यादा के इक्विटी निवेश का ऐलान किया. पिछले 12 महीनों में यह रकम 18.7 अरब डॉलर थी।


कंपनियों से ज्यादा टैक्स दे रहे आम लोग

भारत में अब व्यक्तिगत आयकर से सरकार को कॉरपोरेट टैक्स के मुकाबले ज्यादा कमाई हो रही है. सरकार ने 2016 से कंपनियों को कई बार टैक्स में राहत दी है. सितंबर 2019 में घरेलू कंपनियों के लिए कॉरपोरेट टैक्स की दर 30 फीसदी से घटाकर 22 फीसदी करने का विकल्प दिया गया था. छोटी कंपनियों के लिए भी कम टैक्स दर का फायदा बढ़ाया गया. दूसरी तरफ, आम लोगों को भी नई टैक्स व्यवस्था में राहत दी गई. इसके तहत कुछ शर्तों के साथ 12 लाख रुपये तक की सालाना आय पर टैक्स नहीं देना पड़ता।

आयकर विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, वित्त वर्ष 2023-24 में व्यक्तिगत आयकर और सिक्योरिटीज ट्रांजैक्शन टैक्स (STT) से सरकार को 10.45 लाख करोड़ रुपये मिले. वहीं, कंपनियों से कॉरपोरेट टैक्स के रूप में 9.11 लाख करोड़ रुपये आए. यह पहली बार वित्त वर्ष 2020-21 में हुआ था, जब व्यक्तिगत आयकर से 4.88 लाख करोड़ रुपये मिले थे, जबकि कॉरपोरेट टैक्स से 4.58 लाख करोड़ रुपये आए. वित्त वर्ष 2021-22 में कॉरपोरेट टैक्स फिर आगे निकल गया. इसके बाद 2022-23 में व्यक्तिगत आयकर ने दोबारा बढ़त बना ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed