IPL 2027 में रोहित शर्मा की होगी मुंबई इंडियंस में कप्तान के रूप में वापसी? फ्रेंचाइजी के पोस्ट से बढ़ी चर्चाएं
मुंबई इंडियंस ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर रोहित शर्मा की तस्वीर साझा की है। तस्वीर के बैकग्राउंड में मराठी भाषा का वाक्यांश ‘मुंबईचा राजा’ लिखा दिखाई दे रहा है, जिसका अर्थ मुंबई का राजा है। पोस्ट के कैप्शन में फ्रेंचाइजी ने लिखा, ‘सीजन 17 मुंबईचा राजा के लिए ब्लू एंड गोल्ड में! पलटन, #TATAIPL 2027 के लिए तैयार?’ इस पोस्ट के सामने आने के बाद क्रिकेट प्रशंसकों के बीच रोहित की कप्तानी में वापसी को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं।
पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए कई प्रशंसकों ने रोहित शर्मा को दोबारा कप्तान बनाने की मांग की। कुछ लोगों ने कमेंट में ‘कैप्टन रोहित शर्मा’ लिखकर अपनी इच्छा जाहिर की, जबकि अन्य प्रशंसकों ने उनके नेतृत्व वाले पुराने दौर की वापसी की बात कही। फ्रेंचाइजी की पोस्ट को कप्तानी से जोड़कर देखा जा रहा है, लेकिन केवल इस पोस्ट के आधार पर रोहित की वापसी की पुष्टि नहीं की जा सकती।
रोहित शर्मा मुंबई इंडियंस के सबसे सफल कप्तानों में गिने जाते हैं। उनकी अगुवाई में टीम ने पांच बार आईपीएल का खिताब अपने नाम किया। मुंबई ने 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया था। रोहित ने 2013 से 2023 तक टीम की कप्तानी की और इस दौरान फ्रेंचाइजी को लीग की सबसे सफल टीमों में शामिल कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इसके बाद 2024 से 2026 तक हार्दिक पंड्या ने मुंबई की कप्तानी संभाली। अब हार्दिक के ट्रेड के जरिए टीम से अलग होने के बाद कप्तानी का पद खाली होने की स्थिति बन गई है। ऐसे में रोहित का अनुभव और फ्रेंचाइजी के साथ उनका पुराना जुड़ाव उन्हें संभावित दावेदार बनाता है।
मुंबई इंडियंस ने 16 खिलाड़ियों को किया रिटेन
आईपीएल 2027 के लिए मुंबई इंडियंस ने रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, जसप्रीत बुमराह, तिलक वर्मा, नमन धीर, रयान रिकेल्टन, शेरफेन रदरफोर्ड, क्विंटन डिकॉक, कॉर्बिन बॉश, विल जैक्स, शार्दुल ठाकुर, राज बावा, मिचेल सैंटनर, अश्वनी कुमार और रघु शर्मा को रिटेन किया है। इसके अलावा अर्शदीप सिंह ट्रेड के जरिए टीम से जुड़े हैं।
फ्रेंचाइजी ने ट्रेंट बोल्ट, दीपक चाहर, एएम गजनफर, अथर्व अंकोलेकर, केशव महाराज, मोहम्मद इजहार, दानिश मालवेर, मयंक मार्कंडे, मयंक रावत, महीपाल लोमरोर, रॉबिन मिंज, रुचित अहिर और कृष्ण भगत को रिलीज किया है। हार्दिक पंड्या भी ट्रेड के जरिए टीम से बाहर हो गए हैं।
खिलाड़ियों के बदलाव के बाद मुंबई इंडियंस के पास 32.6 करोड़ रुपये का पर्स बचा है। टीम को आगामी नीलामी में कुल नौ खिलाड़ियों के स्लॉट भरने हैं, जिनमें दो विदेशी खिलाड़ियों के लिए निर्धारित हैं।
कोचिंग स्टाफ में भी बड़ा बदलाव
मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2027 से पहले अपने कोचिंग सेटअप में भी बदलाव किया है। वेस्टइंडीज के पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर कीरोन पोलार्ड को टीम का हेड कोच बनाया गया है। वहीं, भारत के पूर्व क्रिकेटर रॉबिन उथप्पा बल्लेबाजी कोच की जिम्मेदारी संभालेंगे। न्यूजीलैंड के पूर्व तेज गेंदबाज मिचेल मैक्लेनघन को गेंदबाजी कोच नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा भारतीय टीम के पूर्व फील्डिंग कोच टी दिलीप को मुंबई इंडियंस का फील्डिंग कोच बनाया गया है। टीम के अनुभवी तेज गेंदबाज धवल कुलकर्णी डेवलपमेंट बॉलिंग कोच के रूप में नए कोचिंग ढांचे का हिस्सा होंगे।
कप्तानी, खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ में हुए इन बदलावों के बीच अब सभी की निगाहें मुंबई इंडियंस के आधिकारिक फैसले पर टिकी हैं। रोहित शर्मा की वापसी को लेकर चर्चाएं भले ही तेज हों, लेकिन आईपीएल 2027 के लिए कप्तान कौन होगा, इसका अंतिम फैसला फ्रेंचाइजी की घोषणा के बाद ही स्पष्ट होगा।
