November 21, 2026

LPG सप्लाई पर मंडराया था बड़ा संकट, 35 हजार से 55 हजार टन पहुंचाया उत्पादन, मंत्री ने खोले राज

0
untitled-1795242996

नई दिल्ली। होर्मुज स्ट्रेट में पैदा हुए संकट के दौरान भारत के सामने रसोई गैस की सप्लाई को लेकर बड़ी चुनौती खड़ी हो गई थी। हालात ऐसे बन गए थे कि देश के पास एलपीजी यानी रसोई गैस का स्टॉक घटकर केवल 25 दिन की खपत के बराबर रह गया था। हालांकि सरकार ने समय रहते घरेलू उत्पादन बढ़ाकर इस संकट से निपटने की कोशिश की। पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने गुरुवार को पेट्रोलियम डीलरों के साथ हुई बैठक में बताया कि संकट के दौरान देश में एलपीजी का रोजाना उत्पादन 35 हजार टन से बढ़ाकर 55 हजार टन कर दिया गया था। इस तरह घरेलू उत्पादन में करीब 57 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई।

मंत्री के मुताबिक होर्मुज स्ट्रेट में तनाव का असर भारत की ऊर्जा आपूर्ति पर पड़ने की आशंका थी। इसकी बड़ी वजह यह थी कि भारत अपनी जरूरत की एलपीजी का एक बड़ा हिस्सा कतर और संयुक्त अरब अमीरात के साथ सऊदी अरब से आयात करता है। ये सभी देश होर्मुज स्ट्रेट के आसपास के क्षेत्र में स्थित हैं। ऐसे में समुद्री रास्ते पर संकट गहराने से गैस की आपूर्ति प्रभावित होने का खतरा बढ़ गया था। इसी वजह से सरकार ने घरेलू उत्पादन बढ़ाने के साथ ही सप्लाई व्यवस्था पर लगातार नजर रखी।

हरदीप सिंह पुरी ने बताया कि संकट के दौरान भारत के पास कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस का करीब 60 दिन का भंडार मौजूद था। लेकिन एलपीजी का स्टॉक सबसे कम होकर महज 25 दिन की खपत के बराबर रह गया था। इसके बावजूद सरकार की कोशिशों से देश में कहीं भी ईंधन की सप्लाई पूरी तरह बंद नहीं हुई। पेट्रोलियम मंत्री के अनुसार देशभर में करीब 1 लाख 7 हजार रिटेल आउटलेट हैं और संकट के दौरान किसी भी आउटलेट पर ईंधन की आपूर्ति पूरी तरह ठप नहीं हुई। स्थिति पर नजर रखने के लिए सरकार तेल कंपनियों और संबंधित अधिकारियों के साथ रोजाना बैठक कर रही थी।

हालांकि इस संकट का सबसे ज्यादा असर कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर इस्तेमाल करने वाले कारोबारियों पर पड़ा। कई जगहों पर कमर्शियल सिलेंडर की कीमतें 3000 रुपये के पार पहुंच गई थीं। होटल और रेस्टोरेंट जैसे कारोबारों को गैस की उपलब्धता और बढ़ती कीमतों के कारण मुश्किलों का सामना करना पड़ा। घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दामों में भी बढ़ोतरी हुई। सरकार के मुताबिक तेल कंपनियां ईंधन की बढ़ी हुई लागत का कुछ बोझ खुद उठा रही हैं। पेट्रोल के मुकाबले डीजल की बिक्री पर कंपनियों को अब भी लागत से कम कीमत मिल रही है।

मंत्री ने यह भी बताया कि सरकार एलपीजी पर तेल कंपनियों को होने वाले नुकसान की भरपाई कर रही है। कंपनियों की करीब 28 हजार करोड़ रुपये की अंडर-रिकवरी में से 22 हजार करोड़ रुपये की भरपाई की जा चुकी है। इससे कंपनियों पर पड़ने वाले वित्तीय दबाव को कम करने में मदद मिली है।

बैठक में पेट्रोल पंप डीलरों की कमाई बढ़ाने के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। पेट्रोलियम मंत्री ने डीलर एसोसिएशन को एक सप्ताह से 10 दिन के भीतर मंत्रालय के अधिकारियों के साथ बैठक करने का प्रस्ताव दिया। इसमें पेट्रोल और डीजल की बिक्री के अलावा दूसरे कारोबार के जरिए पेट्रोल पंपों की आय बढ़ाने के विकल्पों पर विचार किया जाएगा।

इस बीच घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतें भी चर्चा में हैं। जारी दरों के मुताबिक दिल्ली में घरेलू सिलेंडर 942 रुपये और कोलकाता में 968 रुपये का है। मुंबई में इसकी कीमत 941.50 रुपये जबकि चेन्नई में 957.50 रुपये है। दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर का भाव 2820 रुपये बताया गया है। घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में इस साल कुल 89 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। ऐसे में होर्मुज संकट के दौरान सरकार के सामने सबसे बड़ी चुनौती गैस की उपलब्धता बनाए रखने और आम उपभोक्ताओं पर बढ़ते खर्च का दबाव कम करने की रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed