मां कांस्टेबल और बेटी बनीं फिल्म की हीरोइन, इंदौर की परिणीति अब दिखाएंगी सफाईकर्मियों की जिंदगी का अनदेखा सच
फिल्म की कहानी केवल शहरों की साफ सड़कों और स्वच्छता अभियानों तक सीमित नहीं है बल्कि उन लोगों की जिंदगी को सामने लाती है जिनकी मेहनत से शहर साफ और सुंदर दिखाई देते हैं। फिल्म यह सवाल भी उठाती है कि दूसरों के आसपास सफाई रखने वाले सफाई मित्रों और कचरा बीनने वाले परिवारों की अपनी जिंदगी कैसी है। जिन लोगों के श्रम से शहर स्वच्छ बनते हैं उन्हें खुद किन परिस्थितियों में रहना पड़ता है और रोजमर्रा की जिंदगी में किन चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। फिल्म इसी सामाजिक सच्चाई को भावनात्मक अंदाज में दर्शकों के सामने पेश करने की कोशिश करती है।
परिणीति ने फिल्म में मुख्य किरदार की छोटी बहन की भूमिका निभाई है। कहानी में उनकी तबीयत खराब हो जाती है और उनके इलाज के लिए बड़ी बहन को काफी संघर्ष करना पड़ता है। बड़ी बहन कचरा बीनकर पैसे जुटाती है ताकि छोटी बहन की दवाइयों और इलाज का इंतजाम हो सके। परिणीति के मुताबिक फिल्म में यह दिखाया गया है कि किस तरह एक बहन अपनी छोटी बहन को बचाने के लिए मुश्किल हालात में भी हार नहीं मानती। इस किरदार के जरिए उन्होंने उन परिवारों की परेशानियों को समझने की कोशिश की है जो आर्थिक तंगी के बीच अपनी जिंदगी गुजारते हैं।
इंदौर में रहने वाली परिणीति के लिए इस फिल्म में काम करना एक भावनात्मक अनुभव रहा। उन्होंने बताया कि
परिणीति की इस उपलब्धि के पीछे उनकी मां रीना चौरसिया का भी बड़ा योगदान है। रीना छोटी ग्वालटोली थाने में कांस्टेबल हैं। उनके मुताबिक परिणीति चार साल की उम्र से अभिनय कर रही हैं। ड्यूटी से लौटने के बाद वे खुद बेटी को अभिनय की बारीकियां सिखाती थीं। ऑडिशन के लिए कई बार उन्हें बेटी के साथ मुंबई जाना पड़ा। इस दौरान कास्टिंग के नाम पर धोखाधड़ी का सामना भी करना पड़ा लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और बेटी के सपनों को पूरा करने के लिए लगातार प्रयास करती रहीं। परिणीति अपनी सफलता का श्रेय मां पिता बड़ी बहन और पूरे परिवार को देती हैं।
फिल्म में काम करने को लेकर शुरुआत में परिणीति थोड़ी डरी हुई थीं लेकिन निर्देशक प्रसेनजीत चक्रवर्ती के सहयोग से उन्होंने अपना किरदार निभाया। अब वे अभिनय के क्षेत्र में ही अपना करियर बनाना चाहती हैं। फिल्म को लेकर इंदौर में भी उत्साह देखा जा रहा है। कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने परिणीति के अभिनय की सराहना करते हुए लोगों से फिल्म देखने की अपील की है। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने भी शहरवासियों से सिनेमाघरों में पहुंचने का आग्रह किया है। 27 नवंबर को रिलीज होने वाली चिंदी पकड़ से उम्मीद है कि दर्शकों को मनोरंजन के साथ समाज के उन लोगों के संघर्ष को समझने का मौका मिलेगा जो पर्दे के पीछे रहकर शहरों को स्वच्छ बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
