November 21, 2026

इंदौर में आज स्नूकर का महामुकाबला, पंकज आडवाणी और अनुपमा की नजर खिताब पर, दोपहर 3 बजे फाइनल

0
untitled-1795241629

इंदौर । इंदौर के यशवंत क्लब में चल रही IBSF वर्ल्ड स्नूकर चैंपियनशिप का शनिवार को रोमांचक समापन होगा। 12 नवंबर से शुरू हुई 10 दिवसीय अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के आखिरी दिन पुरुष और महिला वर्ग के विश्व चैंपियन का फैसला होगा। सुबह 10 बजे से दोनों वर्गों के सेमीफाइनल मुकाबले खेले जाएंगे जबकि दोपहर 3 बजे से फाइनल मुकाबले शुरू होंगे। इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में 32 देशों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया है और अब खिताब के लिए अंतिम चार खिलाड़ियों के बीच मुकाबले होंगे। भारतीय दर्शकों की सबसे ज्यादा नजरें स्टार खिलाड़ी पंकज आडवाणी और महिला वर्ग की मौजूदा चैंपियन अनुपमा रामचंद्रन के प्रदर्शन पर रहेंगी।

पुरुष वर्ग में पंकज आडवाणी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई है। क्वार्टर फाइनल मुकाबले में उन्होंने हमवतन दिग्विजय कादियान को 4-2 से हराया। अब सेमीफाइनल में पंकज आडवाणी का सामना ईरान के अली घरहगज्लू से होगा। इस मुकाबले में जीत दर्ज करने पर पंकज फाइनल में पहुंच जाएंगे और विश्व चैंपियन बनने से सिर्फ एक कदम दूर रह जाएंगे। पुरुष वर्ग के दूसरे सेमीफाइनल में हांगकांग के लैंगयी रयान ली और टैम युन फंग आमने सामने होंगे। ऐसे में पुरुष वर्ग में खिताबी मुकाबले के लिए भारत और हांगकांग के खिलाड़ियों के बीच मुकाबले की संभावना भी बनी हुई है।

महिला वर्ग में भारत की मौजूदा चैंपियन अनुपमा रामचंद्रन ने भी अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर सेमीफाइनल में जगह बना ली है। अब उनका सामना टेसा डेविडसन से होगा। अनुपमा की नजर अपने खिताब को बरकरार रखने पर होगी। महिला वर्ग के दूसरे सेमीफाइनल में हांगकांग की शिउ विंग मैन और सो मैन यान के बीच मुकाबला होगा। इंदौर की स्थानीय खिलाड़ी अमी कामाणी को क्वार्टर फाइनल में हार का सामना करना पड़ा जिसके बाद उनका अभियान समाप्त हो गया। हालांकि घरेलू मैदान पर उनका प्रदर्शन दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा।

पुरुष वर्ग में विजेता खिलाड़ी को 10 हजार डॉलर की पुरस्कार राशि मिलेगी जबकि उपविजेता को 5 हजार डॉलर दिए जाएंगे। सेमीफाइनल में हारने वाले दोनों खिलाड़ियों को 2500-2500 डॉलर और क्वार्टर फाइनल तक पहुंचने वाले खिलाड़ियों को 1000-1000 डॉलर मिलेंगे। 100 से अधिक का सर्वाधिक ब्रेक लगाने वाले खिलाड़ी के लिए 1000 डॉलर का विशेष पुरस्कार भी रखा गया है। महिला वर्ग में कुल 15 हजार डॉलर की पुरस्कार राशि निर्धारित है। विजेता को 4 हजार डॉलर और उपविजेता को 2 हजार डॉलर मिलेंगे। सेमीफाइनलिस्ट को 1000-1000 डॉलर जबकि क्वार्टर फाइनलिस्ट को 500-500 डॉलर दिए जाएंगे। 75 से अधिक का सर्वाधिक ब्रेक लगाने वाली खिलाड़ी को 500 डॉलर का विशेष पुरस्कार मिलेगा।

चैंपियनशिप के लिए यशवंत क्लब के स्मैश हॉल में विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। यहां 10 मैच टेबल और दो प्रैक्टिस टेबल लगाई गई हैं। सभी टेबल चीन से मंगाई गई हैं जबकि टेबल पर इस्तेमाल होने वाला प्रीमियम कपड़ा इंग्लैंड से आयात किया गया है। खिलाड़ियों और दर्शकों की सुविधा के लिए हॉल में एयर कंडीशनिंग और दर्शक दीर्घा की व्यवस्था की गई है। शनिवार को फाइनल के बाद पुरुष और महिला वर्ग के विजेताओं को ट्रॉफी प्रमाणपत्र और चैंपियनशिप मेडल देकर सम्मानित किया जाएगा। अब सभी की निगाहें पंकज आडवाणी और अनुपमा रामचंद्रन के सेमीफाइनल मुकाबलों पर टिकी हैं जहां भारतीय खिलाड़ी जीत के साथ खिताबी मुकाबले में जगह बनाने की कोशिश करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed