November 23, 2026

मास्टर प्लान के ड्राफ्ट को लेकर भोपाल में बढ़ा विरोध 45 मीटर सड़क से लैंड यूज तक लोगों की आपत्तियां सुनेंगे अफसर

0
untitled-1795410209

भोपाल | भोपाल मास्टर प्लान 2047 के ड्राफ्ट को लेकर सोमवार को एक बार फिर आपत्तियों की सुनवाई शुरू होगी। शनिवार और रविवार को अवकाश के कारण सुनवाई नहीं हो सकी थी। अब टीएंडसीपी जिला प्रशासन और विशेषज्ञों की टीम हुजूर तहसील परिसर में लोगों की आपत्तियां सुनेगी। मास्टर प्लान के ड्राफ्ट में लैंड यूज में किए गए बदलाव कैचमेंट एरिया घनी आबादी के बीच प्रस्तावित चौड़ी सड़कों और जमीनों के उपयोग को लेकर लोग अपनी बात रखेंगे। मास्टर प्लान के ड्राफ्ट पर 16 नवंबर से सुनवाई शुरू हुई थी और 20 नवंबर तक लगातार पांच दिन लोगों की आपत्तियां सुनी गईं। अब 10 दिसंबर तक ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आपत्तियां दर्ज कराने और उनकी सुनवाई की प्रक्रिया जारी रहेगी।

मास्टर प्लान के ड्राफ्ट को लेकर कुल 13 हजार 400 से ज्यादा आपत्तियां सामने आई हैं। अभी तक इन सभी आपत्तियों में से आधी भी नहीं सुनी जा सकी हैं। निर्धारित तारीख पर सुनवाई में शामिल नहीं हो पाने वाले लोगों को अलग से तारीख दी जा रही है ताकि उन्हें भी अपनी बात रखने का मौका मिल सके। फिलहाल लैंड यूज में बदलाव और अवैध निर्माण से जुड़े मामले सबसे बड़े मुद्दे बने हुए हैं। इसके अलावा कई क्षेत्रों में ग्रीन बेल्ट और नगर वन के प्रस्ताव को लेकर भी लोगों में नाराजगी है। कुछ क्षेत्रों को आवासीय तो कुछ को दूसरे उपयोग के लिए प्रस्तावित किए जाने का भी विरोध किया जा रहा है।

मिसरोद क्षेत्र में प्रस्तावित सड़कों को लेकर भी लोगों की नाराजगी सामने आई है। मिसरोद में 24 मीटर चौड़ी सड़क से कमर्शियल मिक्स यूज का प्रस्ताव हटाने की मांग की गई है। रहवासी अजय पाटीदार की आपत्ति पर सुनवाई के दौरान अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि ग्राम बिलखिरिया खुर्द के खसरा क्रमांक 575 से 593 के बीच प्रस्तावित 24 मीटर सड़क से कमर्शियल मिक्स यूज का प्रस्ताव हटाने पर विचार किया जाएगा। व्यावसायिक गतिविधियों को 45 या 60 मीटर चौड़े प्रस्तावित मार्गों पर रखने की संभावना पर भी विचार किया जाएगा। रहवासियों का कहना है कि 24 मीटर सड़क के आसपास पहले से स्थानीय आबादी और आवासीय क्षेत्र मौजूद हैं। ऐसे में बड़े व्यावसायिक केंद्र बनने से यातायात का दबाव बढ़ेगा और लोगों की सुरक्षा प्रभावित हो सकती है।

मिसरोद गांव की आबादी के बीच से प्रस्तावित 45 मीटर चौड़ी सड़क को लेकर भी ग्रामीणों का विरोध जारी है। ग्रामीणों की मांग है कि इस सड़क को गांव की आबादी से हटाकर वैकल्पिक मार्ग या बायपास पर विचार किया जाए। ग्रामीणों ने गांव में पोस्टर लगाकर अपना विरोध दर्ज कराया है। उनका कहना है कि गांव की आबादी को सुरक्षित रखते हुए मिसरोद का मूल स्वरूप बरकरार रखा जाए। इस मुद्दे पर 10 दिसंबर को सुनवाई होनी है।

दौलतपुर और सतगढ़ी के लैंड यूज को लेकर भी लोगों ने आपत्ति दर्ज कराई है। ग्रामीणों का कहना है कि सतगढ़ी की निजी जमीनों को आवासीय क्षेत्र में शामिल किया गया है जबकि पास के दौलतपुर को आमोद प्रमोद नगर उद्यान क्षेत्र में रखा गया है। इसे लेकर स्थानीय लोगों ने ड्राफ्ट में भेदभाव का आरोप लगाया है और लैंड यूज के प्रस्ताव में बदलाव की मांग की है।

मास्टर प्लान के ड्राफ्ट को लेकर पिछले दिनों किसानों और रहवासियों का विरोध काफी तेज रहा है। लालघाटी स्थित हुजूर तहसील कार्यालय में सुनवाई के दौरान कई लोगों ने हंगामा किया था। कुछ किसानों ने ड्राफ्ट की प्रतियां जलाकर भी विरोध जताया था। बड़े तालाब और उसके आसपास के करीब 78 गांवों के किसानों ने अपनी मांगों को लेकर लगभग 5 हजार आपत्तियां दर्ज कराई हैं। अब प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती सभी आपत्तियों को सुनकर उनका परीक्षण करने और मास्टर प्लान के अंतिम स्वरूप में उचित बदलाव करने की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed