tभोपाल के जनता क्वार्टर में बड़ा बुलडोजर ऑपरेशन 90 फीसदी मकान ढहे इंदौर में भी 62 घरों पर प्रशासन की कार्रवाई
भोपाल के ऐशबाग स्थित जनता क्वार्टर के इन मकानों को लंबे समय से जर्जर और खतरनाक माना जा रहा था। नगर निगम ने मई 2016 में करीब 600 भवनों को जर्जर और जानलेवा घोषित किया था। इसके बाद वर्ष 2018 में भी मकान खाली करने के लिए नोटिस जारी किए गए थे लेकिन कई रहवासियों ने मकान खाली नहीं किए। अब प्रशासन ने अंतिम कार्रवाई शुरू कर दी है। हाउसिंग बोर्ड की ओर से रहवासियों को 13 नवंबर तक मकान खाली करने और सामान हटाने का अंतिम नोटिस दिया गया था। इसके बाद कार्रवाई प्रस्तावित थी लेकिन विरोध और पुलिस बल की कमी के कारण इसे आगे बढ़ाना पड़ा। सोमवार को पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था के बाद कार्रवाई शुरू की गई।
प्रशासन के अनुसार जनता क्वार्टर के करीब 90 प्रतिशत मकान तोड़े जा चुके हैं और बाकी मकानों को हटाने की प्रक्रिया भी जारी है। भोपाल शहर वृत्त के एसडीएम लाखनसिंह चौधरी ने बताया कि कार्रवाई के दौरान किसी तरह का विवाद नहीं हुआ और लोगों ने अपनी इच्छा से आवास खाली किए हैं। हालांकि कार्रवाई का असर यहां रहने वाले परिवारों पर साफ दिखाई दे रहा है। कुछ लोग पहले ही मकान खाली कर चुके हैं और अब किराए के मकानों में रह रहे हैं। एक रहवासी ने बताया कि वह परिवार के साथ यहां रहता था लेकिन चार साल पहले क्वार्टर खाली कर दिया था और फिलहाल करीब चार हजार रुपए महीने किराया दे रहा है।
उधर इंदौर के एमआर-10 स्थित कृष्णबाग कॉलोनी में भी सोमवार सुबह से बुलडोजर कार्रवाई शुरू कर दी गई। यहां 62 मकानों को हटाया जा रहा है। कार्रवाई के दौरान प्रशासन नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर मौजूद है। इस कार्रवाई को पहले 16 और 17 नवंबर को किया जाना था लेकिन पुलिस बल उपलब्ध नहीं होने के कारण इसे टाल दिया गया। इसके बाद 18 और 19 नवंबर को भी कार्रवाई नहीं हो सकी। अब पर्याप्त पुलिस बल मिलने के बाद प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
कृष्णबाग कॉलोनी में मकानों को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। ग्राम खजराना स्थित सर्वे नंबर 66/2 क की करीब 0.720 हेक्टेयर जमीन पर बने इन मकानों को हटाने का मामला वर्ष 2003 से विवाद में है। मामला तहसीलदार से लेकर हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच चुका है। शुक्रवार को हाईकोर्ट की डबल बेंच ने 19 रहवासियों को अंतरिम राहत देते हुए फिलहाल बेदखल नहीं करने के आदेश दिए थे। इसके बाद बाकी 62 मकानों पर कार्रवाई का रास्ता साफ हुआ।
कार्रवाई के दौरान इंदौर में कुछ रहवासियों ने विरोध भी जताया। दो परिवार अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठ गए। उनका कहना है कि वे वर्षों से यहां रह रहे हैं और नगर निगम को संपत्ति कर भी देते रहे हैं लेकिन अब मकान टूटने के बाद उन्हें मुआवजा नहीं मिला। कार्रवाई के दौरान मलबे में भगवान की मूर्ति भी दब गई जिसे निगमकर्मियों ने निकालकर सुरक्षित अलग रख दिया। दो पोकलेन मशीनों में खराबी आने से कुछ समय के लिए कार्रवाई प्रभावित हुई। दोनों शहरों में प्रशासन की कार्रवाई के बीच प्रभावित परिवारों की चिंता बढ़ गई है।
