November 23, 2026

इंदौर में ट्रैफिक नियम तोड़ना पड़ेगा भारी, पुलिस घर पहुंचकर थमा रही चालान; आम लोगों की शिकायत पर हो रही कार्रवाई

0
untitled-1795421099

इंदौर |  मध्य प्रदेश के इंदौर में अब ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। सड़क पर नियम तोड़कर निकल जाने वालों तक अब पुलिस उनके घर पहुंच रही है। शहर में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए पुलिस ने नई पहल शुरू की है। इसके तहत इंदौर ट्रैफिक साथी ऐप पर आम नागरिकों की ओर से की गई शिकायतों का सत्यापन किया जा रहा है। शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित वाहन चालक के खिलाफ चालानी कार्रवाई की जा रही है। खास बात यह है कि पुलिस केवल चालान काटकर कार्रवाई पूरी नहीं कर रही बल्कि संबंधित व्यक्ति के घर पहुंचकर उसे इसकी जानकारी भी दे रही है। साथ ही ट्रैफिक साथी ऐप की उपयोगिता समझाते हुए भविष्य में नियमों का उल्लंघन नहीं करने की हिदायत दी जा रही है।

दरअसल इंदौर ट्रैफिक साथी ऐप में सिविलियन रिपोर्ट का फीचर जोड़ा गया है। इसकी मदद से आम नागरिक सड़क पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों की शिकायत सीधे ट्रैफिक पुलिस तक पहुंचा सकते हैं। पहले लोग ट्रैफिक नियम तोड़ने की घटनाएं देखकर भी कई बार शिकायत नहीं कर पाते थे लेकिन अब मोबाइल के जरिए ऐसी शिकायत पुलिस तक पहुंचाना आसान हो गया है। इस सुविधा के जरिए नागरिक अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने में भागीदारी कर सकते हैं। पुलिस को इस फीचर के माध्यम से लगातार शिकायतें मिल रही हैं। वरिष्ठ अधिकारी भी प्राप्त शिकायतों और उन पर की जा रही कार्रवाई की निगरानी कर रहे हैं।

ऐप पर कई तरह के ट्रैफिक उल्लंघनों की शिकायतें सामने आ रही हैं। इनमें चलती गाड़ी में मोबाइल फोन का इस्तेमाल करना सबसे गंभीर मामलों में शामिल है। इसके अलावा बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाना गलत या फैंसी नंबर प्लेट लगाना कार में सीट बेल्ट नहीं पहनना रॉन्ग साइड वाहन चलाना और सड़क पर गलत तरीके से पार्किंग करना जैसी शिकायतें भी मिल रही हैं। पुलिस इन शिकायतों को सीधे सही मानकर कार्रवाई नहीं कर रही बल्कि पहले उपलब्ध जानकारी और साक्ष्यों का सत्यापन किया जा रहा है। जांच में उल्लंघन की पुष्टि होने के बाद संबंधित वाहन चालक के खिलाफ चालान बनाया जा रहा है।

इस अभियान की सबसे अलग बात पुलिस का घर तक पहुंचना है। चालान बनने के बाद संबंधित वाहन चालक को मैसेज या ई-मेल के माध्यम से भी कार्रवाई की जानकारी दी जा रही है। इसके साथ ही ट्रैफिक पुलिसकर्मी उसके घर पहुंचकर चालानी कार्रवाई के बारे में बताते हैं। इस दौरान उन्हें समझाया जाता है कि यातायात नियमों का पालन केवल चालान से बचने के लिए नहीं बल्कि अपनी और दूसरों की सुरक्षा के लिए जरूरी है। पुलिस लोगों को ट्रैफिक साथी ऐप के बारे में भी जानकारी दे रही है ताकि वे खुद भी नियम तोड़ने वालों की शिकायत कर सकें।

पुलिस की इस पहल का उद्देश्य केवल जुर्माना वसूलना नहीं बल्कि शहर में यातायात अनुशासन को मजबूत करना है। खासकर रॉन्ग साइड ड्राइविंग बिना हेलमेट और मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने जैसी लापरवाही सड़क दुर्घटनाओं का कारण बन सकती है। ऐसे में आम लोगों की भागीदारी से इन गतिविधियों पर निगरानी रखना आसान हो सकता है। अब इंदौर में वाहन चालकों को यह समझना होगा कि सड़क पर की गई गलती की शिकायत पुलिस तक पहुंच सकती है और कार्रवाई के लिए उन्हें घर पर भी जवाब देना पड़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed