November 23, 2026

पहले कार का कांच तोड़ा फिर पेट्रोल छिड़ककर लगा दी आग, वारदात के बाद भाई को खुद किया फोन, आरोपी फरार

0
untitled-1795422579

ग्वालियर  | ग्वालियर में पारिवारिक रिश्तों को झकझोर देने वाला एक मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने अपने ही सगे भाई की ब्रेजा कार में पेट्रोल डालकर आग लगा दी। हैरानी की बात यह है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद अपने भाई को फोन किया और कार में आग लगने की सूचना दे दी। शुरुआत में मामला आग लगने की सामान्य घटना लग रहा था लेकिन आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सामने आने के बाद पूरी सच्चाई खुल गई। फुटेज में आरोपी बाइक से पेट्रोल निकालते हुए कार का कांच तोड़ता और फिर आग लगाते हुए दिखाई दे रहा है। घटना रविवार देर रात की है जबकि इसका वीडियो सोमवार सुबह सामने आया। फिलहाल आरोपी मोबाइल बंद कर फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

मामला ग्वालियर के झांसी रोड थाना क्षेत्र का है। नाका चंद्रवदनी स्थित नहर वाली माता रोड पर रहने वाले अशोक कुशवाह ट्रांसपोर्ट नगर में लेथ मशीन का व्यवसाय करते हैं। उन्होंने अपनी ब्रेजा कार घर के पास खड़ी की थी। रविवार और सोमवार की दरमियानी रात करीब 12:30 बजे उनके भाई प्रेम कुशवाह ने फोन किया। प्रेम ने अशोक को बताया कि उनकी कार में आग लग गई है। सूचना मिलते ही अशोक घर से बाहर पहुंचे और आसपास के लोगों की मदद से आग बुझाने की कोशिश की। हालांकि तब तक कार की सीट और अंदर का काफी हिस्सा जल चुका था। कार का शीशा भी टूटा हुआ मिला।

घटना के बाद जब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई तो पूरा मामला सामने आ गया। फुटेज में प्रेम कुशवाह पहले अपनी बाइक से पेट्रोल निकालता दिखाई दिया। इसके बाद वह अशोक की कार के पास पहुंचा और उसका कांच तोड़ दिया। फिर कार के अंदर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। आग लगाने के बाद वह वहां से चला गया। इस तरह जिस व्यक्ति ने फोन कर कार में आग लगने की जानकारी दी थी उसी पर कार में आग लगाने का आरोप है।

बताया जा रहा है कि आरोपी प्रेम अपने छोटे भाई की तरक्की से जलता था और उसके साथ मन ही मन टशन रखता था। हालांकि इस पारिवारिक विवाद की वास्तविक वजह और आग लगाने के पीछे का पूरा कारण पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पीड़ित अशोक ने अपने ही भाई के खिलाफ झांसी रोड थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

वारदात के बाद से प्रेम कुशवाह घर से गायब है। उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है। परिजन उसकी तलाश कर रहे हैं और पुलिस भी आरोपी का पता लगाने में जुटी हुई है। सोमवार सुबह सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद घटना की चर्चा तेज हो गई। वीडियो में दिखाई दे रही गतिविधियों के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

झांसी रोड थाना प्रभारी सुरभि शर्मा ने बताया कि कार में आग लगने की घटना हुई है। पीड़ित ने अपने सगे भाई पर कार में आग लगाने का आरोप लगाया है। पुलिस शिकायत और उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है। आरोपी की तलाश भी की जा रही है। जांच के बाद ही घटना से जुड़े सभी पहलुओं और इसके पीछे की वजह साफ हो पाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed