November 23, 2026

ओवरटेक करने के दौरान सामने से आई SUV से टकराई कार, अस्पताल पहुंचने से पहले युवक ने तोड़ा दम, चार घायल

0
untitled-1795422276

इंदौर | इंदौर के पास सिमरोल में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 28 वर्षीय युवक की जान चली गई जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। हादसा नए बायपास पर हुआ जहां दो कारों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार चला रहे युवक को गंभीर चोटें आईं। उसे अस्पताल ले जाया जा रहा था लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। बताया जा रहा है कि युवक अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। हादसे में घायल हुए चारों लोगों का इलाज जारी है।

पुलिस के अनुसार दुर्घटना रविवार रात करीब तीन बजे सिमरोल क्षेत्र में नए बायपास पर कोल्ड स्टोरेज के सामने हुई। हादसे का शिकार हुए सभी युवक नेपानगर से इंदौर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी कार एक वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश कर रही थी। तभी सामने से आ रही एसयूवी से कार की सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई।

इस दुर्घटना में खजराना के पुष्प नगर निवासी अमित पुत्र अगस्टेन फ्रांसिस की मौत हो गई। उसके साथ कार में चचेरा भाई रोहित पुत्र सिल्वेस्टा फ्रांसिस और निलेश पुत्र नाबर्ट फ्रांसिस के अलावा दो दोस्त फैजान पुत्र मंजूर और शादाब भी सवार थे। हादसे में अमित को गंभीर चोटें आई थीं। अस्पताल ले जाते समय उसने दम तोड़ दिया। वहीं रोहित निलेश फैजान और शादाब को सिर हाथ और पैरों में चोटें आई हैं। चारों घायलों का उपचार किया जा रहा है।

परिवार के लोगों ने बताया कि अमित और उसके चचेरे भाई अपनी चचेरी बहन से मिलने के लिए कार से नेपानगर गए थे। वहां से लौटते समय यह हादसा हो गया। खास बात यह है कि रोहित ने दुर्घटना से ठीक एक दिन पहले ही सेकंड हैंड कार खरीदी थी। नई कार मिलने के बाद सभी ने बहन के घर जाने का कार्यक्रम बनाया था। किसी को अंदाजा नहीं था कि घर लौटते समय यह सफर इतना दुखद हो जाएगा।

बताया गया है कि अमित और रोहित पेंटिंग का काम करते थे जबकि निलेश एक कंपनी में नौकरी करता है। अमित अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। परिवार में पहले ही उसके एक भाई की काफी समय पहले मौत हो चुकी थी। ऐसे में अमित की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

हादसे के बाद एसयूवी में सवार लोग अपनी गाड़ी मौके पर छोड़कर चले गए। पुलिस के मुताबिक एसयूवी में कितने लोग मौजूद थे इसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं है। सिमरोल पुलिस वाहन के नंबर और अन्य सुरागों के आधार पर एसयूवी सवारों का पता लगाने में जुटी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की भी जांच कर रही है। ओवरटेक के दौरान हुई टक्कर के साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि हादसे के समय दोनों वाहनों की गति कितनी थी और दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed