November 23, 2026

तीन साल में बनाया भरोसा फिर करोड़ों के निवेश का खेल! जबलपुर में शेयर मार्केट के नाम पर लाखों की ठगी, पति-पत्नी पर FIR की तैयारी

0
untitled-1795423105

जबलपुर | जबलपुर के नेपियर टाउन में शेयर मार्केट के जरिए हर महीने 10 से 15 प्रतिशत मुनाफा दिलाने और गारंटीड कमाई का भरोसा देकर एक दंपति पर लाखों रुपए और सोने के कंगन हड़पने का आरोप लगा है। शिकायत के मुताबिक दंपति ने एक बुटिक संचालिका से 42 लाख 20 हजार रुपए और करीब 5 तोला सोना लिया। इसके बाद जब निवेश की रकम और मुनाफा वापस मांगने का दबाव बढ़ा तो दोनों कथित तौर पर फरार हो गए। इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जब शिकायतकर्ता दंपति के घर पहुंची तो वहां पहले से ही 25 से 30 अन्य लोग मौजूद थे। इन लोगों ने भी दंपति को रुपए और सोना देने की बात कही। फिलहाल कैंट पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मामला जबलपुर के नेपियर टाउन से जुड़ा है। यहां रहने वाली 43 वर्षीय वंदना अग्रवाल बुटिक का संचालन करती हैं। उन्होंने 22 नवंबर को कैंट थाने में लिखित शिकायत देकर रश्मी कौर और उनके पति मनवीर सिंह पाल पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। वंदना के मुताबिक करीब तीन साल पहले व्यापार के सिलसिले में उनकी पहचान सदर कैंट निवासी रश्मी कौर से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच मित्रतापूर्ण संबंध बन गए। इसी दौरान रश्मी और उनके पति ने शेयर मार्केट में निवेश के जरिए अच्छा मुनाफा कमाने की बात कही।

शिकायत में बताया गया है कि दंपति ने हर महीने 10 से 15 प्रतिशत तक मुनाफा देने और निवेश को सुरक्षित बताते हुए गारंटीड कमाई का भरोसा दिलाया था। शुरुआत में वंदना ने रकम लगाने को लेकर आशंका जताई लेकिन दंपति के भरोसे में आकर उन्होंने निवेश करना शुरू कर दिया। आरोप है कि 2 मई 2024 को उन्होंने रश्मी को 2 लाख रुपए नकद दिए। इसके बाद 12 अक्टूबर 2024 को 1 लाख 70 हजार रुपए और 15 मार्च 2025 को 10 लाख रुपए सौंपे। 2 नवंबर 2025 को भी 3 लाख रुपए दिए गए।

वंदना की शिकायत के अनुसार उन्होंने अपने रिश्तेदारों से भी रकम लेकर दंपति को दी। अलग-अलग तारीखों में नकद और बैंक खाते के माध्यम से लाखों रुपए ट्रांसफर किए गए। इसमें मई और जून 2025 में 50 हजार रुपए और 4 लाख रुपए नकद देने के साथ 2.5 लाख और 6 लाख रुपए खाते में ट्रांसफर कराने का आरोप है। 21 जून 2025 को उन्होंने 2.5 लाख रुपए नकद के साथ करीब 5 तोला वजन के सोने के कंगन भी दंपति को दिए। इसके अलावा 27 और 28 जुलाई 2026 को 5 लाख रुपए नकद और 5 लाख रुपए ऑनलाइन माध्यम से दिए जाने की बात शिकायत में कही गई है। इस तरह कुल 42 लाख 20 हजार रुपए और सोने के कंगन देने का दावा किया गया है।

शिकायतकर्ता के मुताबिक पिछले दो से तीन महीनों से उनके रिश्तेदार अपनी रकम मुनाफे सहित वापस मांग रहे थे। इसके बाद वंदना ने भी दंपति से पैसे लौटाने को कहा। आरोप है कि दोनों शेयर मार्केट में उतार-चढ़ाव का हवाला देकर लगातार समय मांगते रहे। 16 नवंबर 2026 को रश्मी ने फोन कर वंदना को अगले दिन दोपहर 2 से 3 बजे के बीच अपने घर बुलाया।

वंदना जब 17 नवंबर को दंपति के घर पहुंचीं तो वहां 25 से 30 अन्य लोग पहले से मौजूद थे। इन लोगों ने भी दंपति को रुपए और सोना देने की बात बताई। बाद में जानकारी मिली कि रश्मी कौर और मनवीर सिंह पाल सभी का पैसा और सामान लेकर गायब हो गए हैं। शिकायत के अनुसार अब दोनों फोन भी नहीं उठा रहे हैं। कैंट पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस जांच में यह स्पष्ट होगा कि कितने लोगों से कितनी रकम ली गई और पूरे मामले में दंपति की भूमिका क्या रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed