November 23, 2026

परिवार की विदेश यात्रा की तैयारी पर फिरा पानी, ट्रैवल एजेंट 14 लाख लेकर फरार: फर्जी टिकट से हुआ खुलासा

0
untitled-1795436255

इंदौर | विदेश यात्रा पर जाने का सपना देख रहे इंदौर के एक परिवार को फर्जी ट्रैवल एजेंट ने लाखों रुपए की चपत लगा दी। आरोपी महिला ने परिवार को कम खर्च में कनाडा और अलास्का क्रूज टूर कराने का भरोसा दिलाया और वीजा से लेकर क्रूज रिजर्वेशन होटल बुकिंग तथा एयर टिकट उपलब्ध कराने का झांसा दिया। परिवार उसकी बातों में आ गया और अलग-अलग माध्यमों से 14 लाख 38 हजार 2 रुपए जमा करा दिए। जब यात्रा का समय नजदीक आया तो महिला ने असली टिकट और वीजा देने के बजाय फर्जी एयर टिकट और गलत पीएनआर नंबर थमा दिया। परिवार को जब धोखाधड़ी का पता चला तो आरोपी ने अपना मोबाइल बंद कर लिया और संपर्क तोड़कर फरार हो गई। मामले की शिकायत मिलने के बाद इंदौर क्राइम ब्रांच ने कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार महिला की पहचान पूजा सिंह उर्फ तिवारी उम्र 28 वर्ष निवासी सेक्टर-29 फरीदाबाद हरियाणा के रूप में हुई है। आरोपी खुद को टूर एंड ट्रैवल्स एजेंट बताती थी और विदेश यात्रा के आकर्षक पैकेज दिखाकर लोगों को अपने जाल में फंसाती थी। वह 12वीं तक पढ़ी हुई है। इंदौर के पलासिया इलाके में रहने वाले एक परिवार ने 17 जुलाई 2026 को उसके खिलाफ धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर क्राइम ब्रांच ने मामले की जांच शुरू की और अब आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया।

जांच में सामने आया कि पीड़ित परिवार कनाडा और अलास्का क्रूज की यात्रा पर जाने की योजना बना रहा था। इसी दौरान एक परिचित के माध्यम से उनकी मुलाकात पूजा सिंह से हुई। महिला ने परिवार को भरोसा दिलाया कि वह कम कीमत में कनाडा का वीजा दिलाने के साथ क्रूज रिजर्वेशन होटल बुकिंग और हवाई टिकट की पूरी व्यवस्था कर देगी। विदेश यात्रा का पैकेज सस्ता मिलने की उम्मीद में परिवार ने महिला पर भरोसा कर लिया।

आरोपी के कहने पर परिवार ने नवंबर से दिसंबर 2025 के बीच उसके पति के बैंक खाते में आरटीजीएस चेक और ऑनलाइन माध्यम से कुल 8 लाख 67 हजार 947 रुपए जमा कराए। इसके अलावा मेकमायट्रिप और एयरबीएनबी के माध्यम से होटल और टिकट बुकिंग के नाम पर भी परिवार से 5 लाख 70 हजार रुपए लिए गए। इस तरह आरोपी ने अलग-अलग भुगतान के जरिए कुल 14 लाख 38 हजार 2 रुपए हड़प लिए।

फर्जी टिकट और पीएनआर देकर किया गुमराह

परिवार से पूरी रकम लेने के बाद आरोपी महिला लगातार उन्हें विदेश यात्रा की तैयारी का भरोसा दिलाती रही। लेकिन जैसे-जैसे यात्रा की तारीख नजदीक आने लगी वैसे-वैसे महिला के जवाब टालमटोल वाले होने लगे। उसने परिवार को न तो कनाडा का वीजा उपलब्ध कराया और न ही असली एयर टिकट दिए। परिवार को भरोसे में रखने के लिए उसने गलत बायोमेट्रिक तारीख और फर्जी एयर टिकट का पीएनआर नंबर दे दिया।

जब परिवार ने टिकट और पीएनआर की जांच कराई तो पूरी सच्चाई सामने आ गई। उन्हें पता चला कि महिला ने विदेश यात्रा की बुकिंग के नाम पर धोखाधड़ी की है। इसके बाद परिवार ने उससे संपर्क करने की कोशिश की लेकिन उसने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया और फरार हो गई।

पति के बैंक खाते में जमा कराई रकम

पुलिस अब इस मामले में आरोपी महिला से ठगी की रकम बरामद करने के लिए पूछताछ कर रही है। जांच में यह भी सामने आया है कि परिवार से बड़ी रकम महिला के पति के बैंक खाते में जमा कराई गई थी। ऐसे में पुलिस उसके पति की भूमिका की भी जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी ने विदेश यात्रा के नाम पर अन्य लोगों को भी इसी तरह अपना शिकार बनाया है या नहीं। क्राइम ब्रांच की कार्रवाई के बाद अब इस पूरे ठगी नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed