November 23, 2026

शिवपुरी में देशभर के खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबला, महाराष्ट्र 73 अंकों के साथ नंबर-1, यूपी 72 पर अटका

0
untitled-1795435484

शिवपुरी | शिवपुरी में पिछले करीब एक पखवाड़े से चल रही 70वीं राष्ट्रीय बालक-बालिका एथलेटिक्स प्रतियोगिता का सोमवार को समापन हो गया। प्रतियोगिता के अंतिम परिणाम में महाराष्ट्र ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियनशिप अपने नाम कर ली। महाराष्ट्र की टीम ने बालक और बालिका दोनों वर्गों में कुल 73 अंक हासिल किए और सबसे ज्यादा अंकों के साथ प्रतियोगिता में पहला स्थान प्राप्त किया। महाराष्ट्र को कड़ी टक्कर देने वाली उत्तर प्रदेश की टीम 72 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रही और महज एक अंक के अंतर से ओवरऑल खिताब जीतने से चूक गई। तमिलनाडु ने कुल 64 अंक हासिल कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं मेजबान मध्य प्रदेश की टीम का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा और उसे ओवरऑल सूची में 17वें स्थान से संतोष करना पड़ा।

सोमवार को बालिका वर्ग के मुकाबले समाप्त होने के बाद प्रतियोगिता के अंतिम परिणाम घोषित किए गए। महाराष्ट्र ने बालक वर्ग में 15 अंक और बालिका वर्ग में 58 अंक जुटाए। इस तरह उसके कुल 73 अंक रहे और वह चैंपियन बन गया। दूसरी ओर उत्तर प्रदेश ने बालक वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए 62 अंक हासिल किए और इस वर्ग में पहला स्थान पाया लेकिन बालिका वर्ग में टीम को केवल 10 अंक ही मिल सके। इसके चलते उत्तर प्रदेश के कुल अंक 72 रहे और वह महाराष्ट्र से सिर्फ एक अंक पीछे रह गया। तमिलनाडु ने बालक वर्ग में 41 और बालिका वर्ग में 23 अंक हासिल किए और कुल 64 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा।

मेजबान मध्य प्रदेश के लिए प्रतियोगिता का परिणाम निराशाजनक रहा। प्रदेश की बालिका टीम को एक भी अंक नहीं मिला जबकि बालक वर्ग में टीम ने केवल 5 अंक हासिल किए। इस कमजोर प्रदर्शन के चलते मध्य प्रदेश ओवरऑल चैंपियनशिप की सूची में 17वें स्थान पर रहा। प्रतियोगिता में देशभर से आए युवा खिलाड़ियों ने अलग अलग एथलेटिक्स स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया और कई खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक अपने नाम किए।

बालिका वर्ग में महाराष्ट्र की टीम का प्रदर्शन सबसे बेहतर रहा। टीम ने 7 स्वर्ण 4 रजत और 5 कांस्य सहित कुल 16 पदक जीते और 58 अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया। तमिलनाडु 7 पदकों के साथ दूसरे और केरल 6 पदकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा। महाराष्ट्र की कस्तूरी संदीप ने 100 मीटर हर्डल्स में 13.59 सेकंड का समय निकालकर शानदार प्रदर्शन किया। उन्हें 1071 अंक मिले जिसके आधार पर कस्तूरी को प्रतियोगिता का बेस्ट एथलीट अवार्ड दिया गया।

प्रतियोगिता के अंतिम दिन भी कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। 1500 मीटर दौड़ में कर्नाटक की लक्ष्मी ओवनावर ने पहला स्थान हासिल किया जबकि हैमर थ्रो में उत्तर प्रदेश की आकांक्षा सिंह विजेता रहीं। 400 मीटर रिले रेस में महाराष्ट्र की टीम ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं अंडर-17 बालिका वर्ग की 400 मीटर हर्डल्स में केंद्रीय विद्यालय संगठन की कृतिका शुभराम ने 1 मिनट 03.18 सेकंड का समय निकालकर स्वर्ण पदक जीता। कृतिका के प्रदर्शन पर पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय आईटीबीपी शिवपुरी की प्राचार्य पुनीता ज्योति कोच मंजू और टीम मैनेजर दिव्या ने खुशी जताई।

समापन समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव और एडीएम दिनेशचंद्र शुक्ला ने विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और पुरस्कार देकर सम्मानित किया। आयोजन को सफल बनाने में आवास परिवहन स्वास्थ्य मैदान और प्रचार प्रसार जैसी व्यवस्थाओं में योगदान देने वाले 100 से अधिक समिति सदस्यों को भी सम्मानित किया गया। इसके साथ ही प्रतियोगिता का ध्वज उतारकर राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के विधिवत समापन की घोषणा की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed