अस्पताल में अकेला रह गया मासूम अब अमेरिका में बसाएगा नई दुनिया, जुड़वां भाई की मौत के बाद गोद लेने की प्रक्रिया पूरी
जानकारी के मुताबिक धार जिले में एक महिला ने जुड़वां बच्चों को जन्म दिया था। जन्म के बाद ही दोनों बच्चों में थैलेसीमिया सिकल सेल और हेपेटाइटिस बी एवं सी जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं सामने आई थीं। बच्चों की बीमारी और उनकी हालत को देखते हुए माता-पिता उन्हें अस्पताल में ही छोड़कर चले गए। इसके बाद दोनों बच्चों को बेहतर उपचार के लिए इंदौर रेफर किया गया। यहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया लेकिन दुर्भाग्य से एक बच्चे की जान नहीं बचाई जा सकी। वहीं दूसरा बच्चा लगातार उपचार और देखरेख के बीच जिंदगी की जंग लड़ता रहा। अस्पताल में शुरुआती इलाज के बाद उसकी देखभाल संजीवनी सेवा संस्था में की जाने लगी।
CARA के जरिए मिला विदेश में नया परिवार
मासूम को सुरक्षित भविष्य और परिवार का प्यार दिलाने के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग ने केंद्रीय दत्तक ग्रहण संसाधन प्राधिकरण यानी CARA के माध्यम से गोद देने की प्रक्रिया शुरू की। इसके तहत बच्चे को ऐसे परिवार से जोड़ने की कोशिश की गई जो उसे अपनाकर बेहतर जीवन दे सके। इसी दौरान अमेरिका में रहने वाले एक दंपति ने बच्चे को गोद लेने की इच्छा जताई। विभागीय स्तर पर आवश्यक कानूनी और तकनीकी औपचारिकताएं शुरू की गईं। जांच और प्रक्रिया के बाद कलेक्टर शिवम वर्मा ने बच्चे को गोद देने की प्रक्रिया को मंजूरी दे दी है।
इस फैसले के बाद अब मासूम के अमेरिका जाने का रास्ता साफ होता नजर आ रहा है। अमेरिकी दंपति पहले से दो बच्चों के माता-पिता हैं। ऐसे में इस बच्चे को नया परिवार मिलने के साथ दो भाई-बहनों का साथ भी मिलेगा। जिस मासूम की जिंदगी की शुरुआत अस्पताल और बीमारी के बीच हुई थी अब उसे एक ऐसे घर में रहने का अवसर मिलेगा जहां उसके लिए माता-पिता का प्यार और परिवार का सहारा होगा।
पासपोर्ट और वीजा बनने के बाद अमेरिका जाएगा बच्चा
बच्चे को अमेरिका भेजने से पहले जरूरी दस्तावेज तैयार किए जा रहे हैं। सबसे पहले उसका जन्म प्रमाण पत्र बनवाया जा रहा है। इसके बाद पासपोर्ट और वीजा सहित अन्य जरूरी औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी। योजना के अनुसार अमेरिकी दंपति पहले दिल्ली पहुंचेगा और इसके बाद इंदौर आकर बच्चे से मुलाकात करेगा। सभी कानूनी और प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद मासूम को दंपति के सुपुर्द किया जाएगा और वह उनके साथ अमेरिका रवाना होगा।
एक साल से चल रही थी गोद देने की प्रक्रिया
इस बच्चे को नया परिवार दिलाने के लिए करीब एक साल से कानूनी और तकनीकी प्रक्रिया चल रही थी। महिला एवं बाल विकास विभाग के अनुसार अब तक करीब 30 बच्चों को विदेशों में गोद दिया जा चुका है। विदेश में गोद दिए गए बच्चों की सुरक्षा और देखभाल सुनिश्चित करने के लिए हर छह महीने में फॉलोअप रिपोर्ट लेना अनिवार्य होता है। इसके जरिए यह जानकारी जुटाई जाती है कि बच्चा नए परिवार में किस तरह रह रहा है और उसे उचित देखभाल मिल रही है या नहीं। अब सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद इस मासूम की जिंदगी में भी एक नया अध्याय शुरू होने जा रहा है।
