November 24, 2026

देशभर में आज कार्तिक पूर्णिमा की धूम…. नदियों-तालाबों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, लगाई आस्था की डुबकी

0
000000-1795501496

नई दिल्ली।
कार्तिक पूर्णिमा (Kartik Purnima) के पावन अवसर पर मंगलवार को देशभर के धार्मिक स्थलों (Religious sites) पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के हापुड़ स्थित ब्रजघाट पर बड़ी संख्या में भक्तों ने गंगा में पवित्र स्नान (Sacred bath Ganges) किया। वहीं, ओडिशा के पुरी में हजारों श्रद्धालु भगवान जगन्नाथ (Lord Jagannath) के दिव्य स्वर्ण वेश के दर्शन के लिए मंदिर के सामने जुटे।


अयोध्या में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, सरयू नदी में लगाई आस्था की डुबकी

इस पावन अवसर पर अयोध्या में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। इस दौरान सैकड़ों भक्तों ने पवित्र सरयू नदी में स्नान किया और पूजा-अर्चना की। सुबह से ही सरयू घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी।


हरिद्वार में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

उत्तराखंड के हरिद्वार में कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। सुबह से ही हरकी पैड़ी पर भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली। श्रद्धालुओं ने गंगा नदी में पवित्र डुबकी लगाई और पूजा-अर्चना की।


ब्रजघाट और कपिल मोचन सरोवर में उमड़े श्रद्धालु

हरियाणा के यमुनानगर स्थित कपिल मोचन सरोवर में भी कार्तिक पूर्णिमा और गुरु नानक देव जयंती के अवसर पर श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान किया। पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश से बड़ी संख्या में लोग कपिल मोचन मेले में पहुंचे।


पुरी में भगवान जगन्नाथ का स्वर्ण वेश

ओडिशा के पुरी में श्री जगन्नाथ मंदिर के सामने हजारों श्रद्धालु भगवान जगन्नाथ के स्वर्ण वेश के दर्शन के लिए एकत्र हुए। इस विशेष धार्मिक आयोजन में भगवान जगन्नाथ के दिव्य स्वरूप के दर्शन करने के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों से भक्त पहुंचे।


काशी विश्वनाथ मंदिर में हुआ दीपमाला श्रृंगार

वाराणसी के काशी विश्वनाथ मंदिर में भी कार्तिक महीने के अवसर पर विशेष आयोजन किया गया। मंदिर प्रशासन के मुताबिक, 26 अक्तूबर से कार्तिक पूर्णिमा तक हर दिन सप्तऋषि आरती के दौरान बाबा श्री काशी विश्वनाथ का विशेष दीपमाला श्रृंगार किया गया। इस दौरान मंदिर में दीपों से जगमगाते बाबा विश्वनाथ के दिव्य स्वरूप के दर्शन श्रद्धालुओं को कराए गए। मंदिर प्रशासन ने बताया कि कार्तिक महीने के धार्मिक आयोजनों के तहत यह विशेष श्रृंगार किया गया।


कार्तिक पूर्णिमा पर पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर संदेश साझा करते हुए लिखा- आप सभी को कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं। इस पावन पर्व में सेवा के माध्यम से परोपकार का संदेश निहित है। पवित्र स्नान, दान-पुण्य और दीपदान से समृद्ध यह परंपरा सभी के जीवन में श्रद्धा, आस्था और सकारात्मकता का संचार करे, यही मंगलकामना है।


हिंदू धर्म में विशेष महत्व रखती है कार्तिक पूर्णिमा

कार्तिक पूर्णिमा हिंदू पंचांग के कार्तिक महीने की पूर्णिमा तिथि को मनाई जाती है। इसे हिंदू धर्म के सबसे पवित्र दिनों में से एक माना जाता है। यह दिन भगवान शिव और माता पार्वती के पुत्र भगवान कार्तिकेय से भी जुड़ा है। इस अवसर पर देशभर में श्रद्धालु पूजा-पाठ करते हैं, मंदिरों को सजाते हैं और दीप जलाते हैं। कई जगह धार्मिक मेले भी आयोजित किए जाते हैं। नदियों और सरोवरों में दीपों से सजी छोटी नौकाएं प्रवाहित करने की परंपरा भी देखने को मिलती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed