ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के कार्यक्रम में जाने से रोके जाने का सौरव दास का आरोप, बोले- एयरपोर्ट पर पासपोर्ट किया फ्लैग
सौरव दास ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर अपनी आपबीती साझा की। उन्होंने बताया कि उनकी रात 1 बजे की फ्लाइट थी और वह लंदन जाने की तैयारी में थे। लेकिन एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन काउंटर पहुंचने के बाद उन्हें पता चला कि उनके पासपोर्ट को ‘फ्लैग’ कर दिया गया है। इसके चलते उन्हें यात्रा की अनुमति नहीं मिली।
‘ऑक्सफोर्ड, कैम्ब्रिज और LSE से मिला था निमंत्रण’
दास का दावा है कि उन्हें ऑक्सफोर्ड, कैम्ब्रिज, लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स (LSE) और एडिनबर्ग जैसे प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में ‘कॉकरोच मूवमेंट’ पर चर्चा के लिए आमंत्रित किया गया था। उनका कहना है कि सरकार ने उनसे डरकर विदेश जाने से रोका है।
उन्होंने अपनी पोस्ट में केंद्र सरकार पर तंज कसते हुए सवाल उठाया कि आखिर सरकार युवाओं की बौद्धिक चर्चाओं से क्यों डर रही है। अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए उन्होंने कहा, ‘काश मैं नीरव मोदी या विजय माल्या होता।’
हालांकि, सौरव दास ने यह भी कहा कि इस घटना से उनके काम पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने भविष्य में लंदन, पेरिस और अन्य स्थानों की यात्रा करने की बात कही है।
CJP संस्थापक ने भी किया समर्थन
कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने भी सौरव दास का समर्थन किया है। पार्टी ने आरोप लगाया है कि सरकार शिक्षित और जागरूक लोगों की आवाज दबाने की कोशिश कर रही है। हालांकि, एयरपोर्ट पर रोके जाने के कारणों को लेकर अभी तक सरकार या संबंधित अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है।
रत्ना सिंह का दावा- वीजा आवेदन हुआ रिजेक्ट
CJP की लीगल हेड रत्ना सिंह ने भी सौरव दास के समर्थन में बयान दिया है। उन्होंने बताया कि ऑक्सफोर्ड यूनियन की ओर से उन्हें और सौरव दास, दोनों को कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण मिला था। रत्ना सिंह के मुताबिक, कुछ दिन पहले उनका ब्रिटेन का वीजा आवेदन खारिज कर दिया गया था।
उन्होंने सौरव दास को एयरपोर्ट पर रोके जाने की घटना को शर्मनाक बताया। फिलहाल इस पूरे मामले में सौरव दास और CJP की ओर से लगाए गए आरोपों पर सरकार का पक्ष सामने आना बाकी है।
