November 24, 2026

MP में बढ़ने लगी ठंड, 14 शहरों में रात का पारा 15 डिग्री से नीचे, चार दिन में 4 डिग्री तक गिरावट के आसार

0
photo-1-1-1795493282

भोपाल। मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज बदल गया है। पिछले कुछ दिनों से पूर्वी हिस्से में हो रही बारिश और बादलों की आवाजाही अब थम गई है। आसमान साफ होने के साथ ही प्रदेश में ठंड बढ़ने के संकेत मिलने लगे हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले चार दिनों के दौरान रात के तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। खासतौर पर ग्वालियर-चंबल, उज्जैन, रीवा और सागर संभाग के शहरों में सर्द हवाओं का असर अधिक देखने को मिलेगा।

मौसम विभाग (IMD), भोपाल के अनुसार, चक्रवात ‘अकवान’ और ट्रफ के प्रभाव से पूर्वी मध्य प्रदेश में पिछले चार दिनों से बारिश हो रही थी। इसके चलते रात के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। सोमवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहा। हालांकि, बैतूल सहित कई शहरों में सुबह के समय कोहरा छाया रहा।

भोपाल में सबसे कम 12.4 डिग्री तापमान

बीती रात प्रदेश के 14 शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। भोपाल में पारा सबसे कम 12.4 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अलावा ग्वालियर में 12.8 डिग्री, शिवपुरी में 13 डिग्री, दतिया में 13.3 डिग्री और दमोह में 13.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

रायसेन और रतलाम में न्यूनतम तापमान 13.5 डिग्री, श्योपुर में 13.6 डिग्री, धार में 14.1 डिग्री और खरगोन में 14.2 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, गुना और खंडवा में 14.4 डिग्री, उज्जैन में 14.5 डिग्री तथा नौगांव में 14.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

राजस्थान की ठंड का असर अब मध्य प्रदेश में

राजस्थान में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। वहीं, उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी का दौर जारी है। इसके चलते मैदानी क्षेत्रों में ठंडी उत्तरी हवाएं पहुंच रही हैं। मौसम के इन बदलावों का असर अब मध्य प्रदेश में भी दिखाई देने लगेगा।

मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले चार दिनों में रात के तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट आ सकती है। ग्वालियर, चंबल, उज्जैन, रीवा और सागर संभाग के शहरों में ठंड का प्रभाव ज्यादा रहेगा। इन इलाकों में उत्तरी हवाएं सीधे पहुंचने के कारण न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे जाने की संभावना है। बारिश और बादलों के दौर के बाद अब प्रदेश में सर्दी जोर पकड़ने वाली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed