November 25, 2026

एक ट्रैक्टर जब्त किया और चालान दूसरे के खिलाफ पेश कर दिया, 12.65 लाख का मुआवजा रद्द; जांच अधिकारी पर विभागीय जांच

0
untitled-1795592223

जबलपुर। मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण यानी MACT के एक मुआवजा मामले में पुलिस जांच की गंभीर खामियां सामने आने के बाद बड़ा फैसला सुनाया है। अदालत ने मृतक के परिजनों को दिए गए 12.65 लाख रुपए के मुआवजे का आदेश रद्द कर दिया है। सुनवाई के दौरान पता चला कि हादसे में जिस ट्रैक्टर को शामिल बताया गया था उसके नंबर में ही अंतर था। पुलिस ने मौके से एक ट्रैक्टर जब्त किया था जबकि अंतिम रिपोर्ट दूसरे ट्रैक्टर के खिलाफ पेश कर दी गई। इतना ही नहीं जिन लोगों को चश्मदीद गवाह बताया गया उन्होंने भी अदालत में हादसा देखने से इनकार कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए हाईकोर्ट ने संबंधित जांच अधिकारी के खिलाफ विभागीय जांच कराने के निर्देश भी दिए हैं।

यह मामला 30 अप्रैल 2019 का है। अतरालिया रोड पर नहर के पास ट्रैक्टर की टक्कर से बंशी उर्फ बंशीलाल की मौत हो गई थी। इसके बाद मृतक के परिजनों ने मुआवजे के लिए मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण में याचिका लगाई थी। भोपाल स्थित अधिकरण ने 30 जनवरी 2023 को फैसला सुनाते हुए परिजनों को 12.65 लाख रुपए मुआवजा देने का आदेश दिया था। बीमा कंपनी ने इस फैसले को चुनौती देते हुए हाईकोर्ट में अपील दायर की। सुनवाई के दौरान जस्टिस विवेक अग्रवाल की एकलपीठ के सामने पुलिस की जांच और गवाहों के बयानों में कई महत्वपूर्ण विसंगतियां सामने आईं।

रिकॉर्ड के मुताबिक हादसे के बाद पुलिस ने 6 जून 2019 को ट्रैक्टर नंबर MP 37 AB 4896 जब्त किया था। लेकिन जब अंतिम रिपोर्ट यानी चालान पेश किया गया तो उसमें ट्रैक्टर का नंबर MP 05 AB 4896 दर्ज था। इस तरह जब्त किए गए वाहन और चालान में उल्लेखित वाहन के नंबर अलग-अलग पाए गए। अदालत ने यह भी पाया कि जांच अधिकारी ने जिन लोगों के बयान दर्ज करने का दावा किया था उनके बयान चालान के साथ संलग्न नहीं थे। इससे पुलिस जांच की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हुए।

सुनवाई के दौरान गवाहों के बयानों ने भी मामले को नया मोड़ दे दिया। मुख्य गवाह मुकेश कुमार और प्रकाश कुमार ने जिरह में स्वीकार किया कि वे हादसे के समय घटनास्थल पर मौजूद नहीं थे। उन्होंने दुर्घटना को अपनी आंखों से नहीं देखा था बल्कि उन्हें केवल यह सुनने को मिला था कि ट्रैक्टर की टक्कर से हादसा हुआ है। एक अन्य गवाह मृगेंद्र चौहान ने भी अदालत में माना कि उसने न तो पुलिस को घटना की सूचना दी थी और न ही घायल को अस्पताल पहुंचाया था। उसने बताया कि मृतक के बेटे के कहने पर वह अदालत में गवाही देने आया था।

इन तथ्यों के आधार पर हाईकोर्ट ने माना कि मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण ने उपलब्ध साक्ष्यों और जांच में मौजूद गंभीर खामियों पर पर्याप्त विचार नहीं किया। अदालत के अनुसार निचले अधिकरण ने महत्वपूर्ण तथ्यों की अनदेखी करते हुए यांत्रिक तरीके से मुआवजा देने का आदेश पारित किया था। उपलब्ध साक्ष्यों से दुर्घटना में संबंधित ट्रैक्टर की संलिप्तता साबित नहीं हो सकी। कोर्ट ने गलत वाहन को मामले में शामिल कर मुआवजा हासिल करने के प्रयास की बात भी अपने आदेश में कही। इसके बाद बीमा कंपनी की अपील स्वीकार करते हुए 30 जनवरी 2023 का मुआवजा आदेश निरस्त कर दिया गया। वहीं मुआवजा बढ़ाने की मांग को लेकर दावेदारों की ओर से दाखिल याचिकाएं भी खारिज कर दी गईं।

हाईकोर्ट ने जांच अधिकारी आरक्षक रामशंकर परते की भूमिका पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। अदालत ने पुलिस महानिदेशक को निर्देश दिया है कि सीहोर एसपी के माध्यम से उनके खिलाफ विभागीय जांच कराई जाए। कोर्ट ने जांच में भ्रष्टाचार या किसी अन्य लाभ के उद्देश्य से दावेदारों को फायदा पहुंचाने की आशंका की भी जांच करने को कहा है। जांच रिपोर्ट 30 दिनों के भीतर पेश करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि जांच में अधिकारी दोषी पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। इस फैसले ने दुर्घटना मामलों में पुलिस जांच और दस्तावेजों की विश्वसनीयता को लेकर महत्वपूर्ण सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed