November 25, 2026

चाचा से सीखी लकड़ी की नक्काशी तो दादा-परदादा का हुनर बना धातु की कलाकृतियां, इंदौर के बाजार में दिखा हुनर का कमाल

0
untitled-1795591779

इंदौर । इंदौर में आयोजित आदिवासी बाजार इन दिनों पारंपरिक कला और शिल्प का अनूठा केंद्र बना हुआ है। यहां लगे स्टॉल पर सिर्फ लकड़ी और लोहे से बनी कलाकृतियां ही लोगों का ध्यान नहीं खींच रहीं बल्कि इनके पीछे छिपी कलाकारों की जिंदगी और पीढ़ियों से चली आ रही विरासत भी लोगों को आकर्षित कर रही है। कोई लकड़ी के छोटे से टुकड़े पर बारीक नक्काशी कर अपनी कल्पनाओं को आकार दे रहा है तो कोई आग में तपते लोहे से बचपन की यादों और जीवन के अनुभवों को जीवंत बना रहा है। इन कलाकारों के लिए यह काम केवल रोजी-रोटी कमाने का जरिया नहीं बल्कि परिवार से मिले पारंपरिक हुनर को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने की जिम्मेदारी भी है।

आदिवासी बाजार में लकड़ी पर नक्काशी करने वाले अजय अहिरवार की कहानी भी इसी विरासत से जुड़ी है। अजय बताते हैं कि बचपन में उन्होंने अपने चाचा को लकड़ी पर कलाकृतियां बनाते देखा था। उन्हें यह काम इतना पसंद आया कि धीरे-धीरे इस कला के प्रति रुचि बढ़ने लगी। इसके बाद उनके बड़े भाई ने उन्हें लकड़ी पर नक्काशी करने की बारीकियां सिखाईं। करीब दो साल तक प्रशिक्षण लेने के बाद अजय खुद लकड़ी को मनचाहे आकार में ढालने लगे। कुछ समय बाद उनके बड़े भाई की सरकारी नौकरी लग गई और वे इस काम को पर्याप्त समय नहीं दे सके। ऐसे में अजय ने पारिवारिक कला को आगे बढ़ाने का फैसला किया। पिछले पांच साल से वे लगातार इस काम में जुटे हैं। उनकी कलाकृतियों में पारंपरिक डिजाइन के साथ खुद की कल्पनाशीलता भी दिखाई देती है।

इस बाजार में धातु शिल्पकार संतोष सिंह मरावी की बनाई एक कलाकृति लोगों को खास तौर पर भावुक कर रही है। इसमें एक बच्चा अपने पिता के कंधों पर बैठा नजर आता है। यह दृश्य किसी कल्पना का हिस्सा नहीं बल्कि संतोष के अपने बचपन की याद है। उन्होंने उस खूबसूरत पल को लोहे में ढालकर हमेशा के लिए सहेज लिया है। करीब नौ साल से धातु शिल्प से जुड़े संतोष बताते हैं कि उनके परिवार में इस कला की परंपरा कई पीढ़ियों पुरानी है। उनके दादा और परदादा जंगलों से पत्थर लाकर भट्टी में गर्म करते थे और पारंपरिक तरीके से लोहा तैयार कर उससे औजार बनाते थे।

संतोष ने इसी पारिवारिक हुनर को आगे बढ़ाया लेकिन उन्होंने अपने काम को नया रूप दिया। अब वे औजार बनाने के बजाय लोहे से मूर्तियां और सजावटी कलाकृतियां तैयार करते हैं। उनका ज्यादातर काम हाथों से होता है। वे लोहे को भट्टी में गर्म करते हैं और फिर उसे अलग-अलग आकार देते हैं। उनकी बनाई कलाकृतियों में रोजमर्रा की जिंदगी के दृश्य और व्यक्तिगत अनुभव भी नजर आते हैं।

हालांकि इस मुकाम तक पहुंचना संतोष के लिए आसान नहीं था। शुरुआत में उनकी कलाकृतियों को बाजार में पहचान नहीं मिली। बिक्री कम होने के कारण वे निराश हो गए थे। कई लोगों ने पारंपरिक तरीके से इस तरह काम करने की उपयोगिता पर भी सवाल उठाए। एक समय ऐसा आया जब संतोष ने इस हुनर को छोड़ने तक का मन बना लिया था। लेकिन उन्होंने कोशिश जारी रखी। भोपाल के संग्रहालय और वहां से जुड़े लोगों के सहयोग से धीरे-धीरे उनकी कला को पहचान मिलने लगी। आज बेंगलुरु से लेकर दिल्ली और हैदराबाद तक उनकी कलाकृतियों की मांग है। इंदौर और भोपाल जैसे शहरों में भी उनके काम को पसंद किया जा रहा है।

आदिवासी बाजार का उद्देश्य ऐसे ही कलाकारों और उनके पारंपरिक उत्पादों को व्यापक पहचान दिलाना है। केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्यमंत्री दुर्गादास उइके ने कहा कि इस आयोजन के जरिए जनजातीय समाज का आर्थिक सशक्तीकरण करने के साथ पारंपरिक ज्ञान और कला को संरक्षित करने का प्रयास किया जा रहा है। ट्राइफेड के माध्यम से देशभर के आदिवासी उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वन उत्पादों से लेकर शहद और औषधियों तक तथा काष्ठ शिल्प और धातु शिल्प से लेकर चित्रकला तक की बेहतर ब्रांडिंग और मार्केटिंग जरूरी है। इससे कलाकारों को उनके हुनर का उचित मूल्य मिल सकेगा और नई पीढ़ी भी अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ सकेगी। इंदौर का यह आदिवासी बाजार साबित कर रहा है कि पीढ़ियों से चला आ रहा हुनर समय के साथ नया रूप लेकर आज भी लोगों के दिलों में अपनी जगह बना सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed