November 25, 2026

20 साल की मेहनत से बनाया घर एक झटके में मलबा बना, बच्चों के खेलने की जगह पर अब ईंटों का ढेर; कृष्णबाग में बेघर परिवारों की कहानी

0
untitled-1795591474

इंदौर । इंदौर की कृष्णबाग कॉलोनी में कुछ दिन पहले तक जिन घरों में बच्चों की हंसी और परिवारों की चहल-पहल सुनाई देती थी वहां अब ईंटों और टूटे सरियों का ढेर नजर आ रहा है। सोमवार को प्रशासन की रिमूवल कार्रवाई के बाद कई परिवारों की जिंदगी अचानक बदल गई। किसी का रसोईघर मलबे में दब गया तो किसी का वह कमरा ढह गया जहां पूरा परिवार रात को सोता था। अब हालात ऐसे हैं कि कुछ लोग टूटे मकानों के सामने ही चूल्हा जलाकर खाना बना रहे हैं और सड़क पर सोफा रखकर रात गुजारने को मजबूर हैं।

कार्रवाई के करीब 36 घंटे बाद जब दैनिक भास्कर की टीम कृष्णबाग कॉलोनी पहुंची तो वहां का दृश्य बेहद अलग था। घरों की जगह टूटे दरवाजे दीवारें और छतों का मलबा फैला हुआ था। परिवार अपने बचे हुए सामान को ईंटों के ढेर से निकालने में जुटे थे। महिलाओं ने मलबे के बीच चूल्हा जलाकर चाय और खाना बनाने का इंतजाम किया था। बच्चे उसी जगह खेलते दिखाई दिए जहां कभी उनका कमरा हुआ करता था। कई मासूम अपने माता-पिता से पूछ रहे हैं कि उनका घर क्यों तोड़ दिया गया। परिवार के लोग उन्हें समझाने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन खुद उनके सामने भी भविष्य को लेकर कई सवाल खड़े हैं।

कॉलोनी में रहने वाली ममता राठौर की कहानी इस कार्रवाई के बाद परिवारों के सामने आए संकट को बयां करती है। ममता करीब 20 साल से यहां रह रही थीं। पति के निधन के बाद उन्होंने चार बच्चों की परवरिश के लिए मजदूरी की और दूसरे लोगों के घरों में खाना बनाने का काम किया। एक-एक पैसा जोड़कर उन्होंने अपने परिवार के लिए मकान तैयार किया था। ममता के मुताबिक उनके पति ने करीब 20 साल पहले 11 लाख रुपये में प्लॉट खरीदा था। यह मकान उनके लिए केवल रहने की जगह नहीं बल्कि पति की आखिरी निशानी भी था। उन्होंने बताया कि दो दिन पहले ही उनकी मां का निधन हुआ था और वे अंतिम संस्कार के लिए बाहर गई थीं। इसी दौरान मकान तोड़ दिया गया। अब उनके पास कहीं और रहने की जगह और नया मकान खरीदने के लिए पर्याप्त पैसे नहीं हैं। इसके बावजूद उन्होंने जमीन नहीं छोड़ने की बात कही है।

दीपक सोनी की परेशानी भी कुछ ऐसी ही है। वे मजदूरी करने के साथ खाना बनाने का काम करते हैं। उनके मुताबिक वे सुबह छह बजे काम पर निकलते थे और कई बार रात 11 से 12 बजे घर लौटते थे। दिनभर की मेहनत से जो पैसे बचते थे उन्हें मकान बनाने में लगाते गए। करीब 11 से 12 साल पहले प्लॉट खरीदने के बाद उन्होंने अपना घर तैयार कराया था। दीपक का दावा है कि उनके पास मकान की रजिस्ट्री संपत्ति कर की रसीदें बिजली कनेक्शन और नगर निगम के नल कनेक्शन से जुड़े दस्तावेज हैं। मकान बनाने के लिए उन्होंने बैंक से कर्ज भी लिया था जिसकी किस्त अभी तक चल रही है। अब उनके सामने रहने का इंतजाम करने के साथ बैंक की किस्त और परिवार का खर्च उठाने की चुनौती है।

कृष्णबाग कॉलोनी के निवासी राजेश बैरागी वर्ष 2013 से यहां रह रहे हैं। वे 2004 में देपालपुर से इंदौर आए थे। कई साल ड्राइविंग कर पैसे बचाने के बाद उन्होंने प्लॉट खरीदा और मकान बनाया। उनके दो बच्चे हैं जिनमें से एक कॉलेज के प्रथम वर्ष में पढ़ रहा है। राजेश के मुताबिक मकान टूटने के बाद बच्चे भी परेशान हैं। वे उन्हें भरोसा दिला रहे हैं कि सब ठीक हो जाएगा लेकिन परिवार के सामने फिलहाल रहने की जगह का संकट है। राजेश का कहना है कि जमीन को लेकर विवाद की जानकारी मिलने के बाद से वे कई वर्षों से कानूनी लड़ाई लड़ रहे हैं और जनप्रतिनिधियों तक अपनी बात पहुंचाने की कोशिश कर चुके हैं।

कॉलोनी के रहवासियों का कहना है कि उन्होंने जमीन खरीदने के बाद रजिस्ट्री कराई थी और मकान बनवाने के लिए जरूरी दस्तावेज तैयार किए थे। कई घरों में बिजली और नल कनेक्शन भी थे। लोग नगर निगम को संपत्ति कर और अन्य शुल्क जमा करने की बात कह रहे हैं। कुछ परिवारों ने बैंक से लोन लेकर घर बनाए थे। उनका सवाल है कि यदि उनके दस्तावेजों की जांच के बाद बैंक ने कर्ज दिया और उन्हें बिजली-पानी के कनेक्शन मिले तो अब उनके मकान क्यों तोड़े गए। दूसरी ओर प्रशासन की कार्रवाई के बाद उनके सामने दस्तावेजों और जमीन से जुड़े विवाद का समाधान पाने की चुनौती है।

मंगलवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी भी कॉलोनी पहुंचे थे। रहवासियों के मुताबिक उन्होंने उनकी कानूनी लड़ाई में मदद करने और अधिकार दिलाने का भरोसा दिया है। इससे प्रभावित परिवारों को उम्मीद जरूर मिली है लेकिन फिलहाल उनकी सबसे बड़ी जरूरत सिर छिपाने की जगह है। जिन घरों को बनाने में लोगों ने वर्षों की मेहनत और कमाई लगा दी थी वहां अब मलबा पड़ा है। परिवार उसी मलबे के बीच अपना सामान बचाने और रोजमर्रा की जिंदगी चलाने की कोशिश कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed