November 25, 2026

पत्नी से दोस्ती के शक में दोस्त का कत्ल, कंबल में लपेटकर ई-रिक्शा से ले गया शव; इंदौर पुलिस ने सुलझाया ब्लाइंड मर्डर

0
untitled-1795591328

इंदौर । इंदौर के आजाद नगर थाना क्षेत्र में सिग्नेचर हाइट्स के पास मिले अधजले शव की पहचान और हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। शव इतनी बुरी तरह जल चुका था कि उसकी पहचान करना आसान नहीं था। लेकिन पोस्टमॉर्टम के दौरान मृतक के सिर में लगी सर्जिकल प्लेट पुलिस के लिए सबसे बड़ा सुराग बन गई। प्लेट पर दर्ज सीरियल नंबर के आधार पर अस्पताल का रिकॉर्ड खंगाला गया और मृतक की पहचान एरोड्रम निवासी विनय सोलंकी के रूप में हुई। विनय ई-रिक्शा चलाता था और 21 नवंबर से लापता था। पुलिस के मुताबिक इस मामले में हत्या का मुख्य संदेही उसका परिचित अजय कपारिया है।

डीसीपी नरेंद्र रावत के अनुसार पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सामने आया कि विनय की पहले गला घोंटकर हत्या की गई थी। इसके बाद पहचान छिपाने और सबूत मिटाने के इरादे से शव को आग के हवाले कर दिया गया। शव की शिनाख्त के लिए पुलिस ने तकनीकी और मेडिकल रिकॉर्ड की मदद ली। सिर में लगी सर्जिकल प्लेट के सीरियल नंबर से पता चला कि वर्ष 2025 में विनय का अरविंदो अस्पताल में ऑपरेशन हुआ था और उसी दौरान यह प्लेट लगाई गई थी। अस्पताल से जानकारी मिलने के बाद एरोड्रम थाने में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट के आधार पर परिजनों से संपर्क किया गया और शव की पहचान की पुष्टि हुई।

पुलिस जांच में वंदना नगर के छोटा बांगड़दा निवासी 26 वर्षीय अजय कपारिया का नाम सामने आया। अजय भी ई-रिक्शा चलाता है। पुलिस के मुताबिक उसने हत्या की योजना बनाने के बाद फिल्म दृश्यम से प्रेरित होकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। उसे अंदेशा था कि मोबाइल लोकेशन के जरिए पुलिस उस तक पहुंच सकती है। इसलिए वारदात के समय वह अपना मोबाइल फोन घर पर ही छोड़ गया था। इसके बाद उसने जैकेट दिलाने का बहाना बनाया और विनय को अपने साथ ले गया।

इस मामले में सुजीत नाम के युवक का भी जिक्र सामने आया। अजय ने कथित तौर पर जैकेट दिलाने की बात कहकर विनय को साथ ले जाने का बहाना बनाया था। हालांकि डीसीपी नरेंद्र रावत ने स्पष्ट किया कि सुजीत का मारपीट या हत्या में कोई हाथ नहीं था। पुलिस को उससे मिले बयान और सुरागों के आधार पर अजय तक पहुंचने में मदद मिली।

पुलिस के अनुसार अजय विनय को अपने घर ले गया। वहां उसे गांजा पिलाने के बाद कंबल से उसका गला घोंट दिया। हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए उसने उसे कंबल में लपेटा और ई-रिक्शा में रख लिया। ऊपर कपड़ों की गठरी रखकर वह कई घंटों तक शहर में घूमता रहा ताकि किसी को शक न हो। बाद में वह आरआई-2 इलाके के एक सुनसान स्थान पर पहुंचा और कंबल सहित शव को आग लगा दी। पुलिस का कहना है कि सबूत मिटाने के लिए आरोपी ने वारदात के समय पहने हुए कपड़ों को भी जला दिया। इसके बाद वह घर लौटकर सो गया।

जांच में हत्या की असली वजह भी सामने आई है। डीसीपी के मुताबिक जैकेट दिलाने का विवाद केवल विनय को अपने साथ ले जाने का बहाना था। अजय को शक था कि उसकी पत्नी और विनय के बीच दोस्ती थी। इसी बात को लेकर उसके मन में रंजिश थी और इसी शक के चलते उसने हत्या की साजिश रची। फिलहाल पुलिस अजय कपारिया को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। मामले में घटनाक्रम और अन्य साक्ष्यों की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed