फिल्म शूटिंग के लिए इंदौर आई टीम का गंभीर आरोप, पुलिस ने मांगे पैसे और की अभद्रता, नाराज कलाकारों ने शहर छोड़ा
कपिल खादीवाला के मुताबिक वे हाल ही में मुंबई से पूरी कलाकारों और तकनीकी सदस्यों की टीम लेकर वेब सीरीज की शूटिंग के लिए इंदौर पहुंचे थे। इस प्रोजेक्ट में राकेश दुग्गल और ईशा तलवार जैसे कलाकार भी शामिल थे। उन्होंने टीम को भरोसा दिलाया था कि इंदौर में शूटिंग के लिए बेहतरीन लोकेशन उपलब्ध हैं और प्रशासन की ओर से भी पूरा सहयोग मिलेगा। शूटिंग होने से स्थानीय होटल संचालकों कैटरिंग कारोबारियों टैक्सी चालकों और कलाकारों को रोजगार मिलने की उम्मीद थी। लेकिन उनके अनुसार शूटिंग की अनुमति और पुलिस से समन्वय बनाने के दौरान ही परेशानियां शुरू हो गईं।
कपिल ने बताया कि शूटिंग से संबंधित अनुमति और व्यवस्थाओं के लिए उन्हें एसीपी कार्यालय से लेकर पुलिस कमिश्नर कार्यालय तक कई चक्कर लगाने पड़े। इसके बावजूद उन्हें अपेक्षित सहयोग नहीं मिला। उनका आरोप है कि कनाड़िया इलाके में शूटिंग के दौरान पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और भीड़ जमा होने का हवाला देकर टीम से पैसों की मांग की। जब यूनिट की ओर से पैसे देने से इनकार किया गया तो पुलिसकर्मियों ने कथित तौर पर टीम के सदस्यों के साथ अभद्रता शुरू कर दी।
एक्टर ने महिला पुलिसकर्मियों और अन्य पुलिस स्टाफ पर भी खराब व्यवहार करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि इस पूरे घटनाक्रम से कलाकार और प्रोडक्शन टीम के सदस्य काफी परेशान हो गए। इसके बाद यूनिट ने इंदौर में शूटिंग जारी रखने से इनकार कर दिया। कपिल के मुताबिक पूरी टीम वापस मुंबई लौट चुकी है और अब प्रोडक्शन किसी दूसरे राज्य में शूटिंग करने की योजना बना रहा है।
कपिल ने पुलिस के कथित व्यवहार की शिकायत करने के लिए पुलिस कमिश्नर से मिलने की कोशिश भी की। हालांकि उनका दावा है कि कमिश्नर से मुलाकात नहीं हो सकी। इसी नाराजगी में उन्होंने पुलिस कमिश्नर के रवैये पर सवाल उठाते हुए तीखी टिप्पणी की। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ मंत्री कैलाश विजयवर्गीय सांसद शंकर लालवानी और महापौर पुष्यमित्र भार्गव से भी इस मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की है।
कपिल ने दिसंबर 2024 में लालबाग में फिल्म गौरीशंकर गौहरगंज वाले की शूटिंग का भी जिक्र किया। उनके मुताबिक उस दौरान गोविंद नामदेव और बृजेंद्र काला जैसे वरिष्ठ कलाकारों की मौजूदगी के बावजूद शूटिंग में पुलिस की ओर से अड़चनें आई थीं। तब मंत्री तुलसी सिलावट के हस्तक्षेप के बाद शूटिंग की अनुमति मिल सकी थी।
कपिल का कहना है कि एक तरफ सरकार मध्यप्रदेश को फिल्म और वेब सीरीज शूटिंग का बड़ा केंद्र बनाने की कोशिश कर रही है वहीं दूसरी तरफ इस तरह की घटनाओं से प्रदेश की छवि प्रभावित हो सकती है। फिलहाल पुलिस पर लगाए गए आरोपों को लेकर संबंधित अधिकारियों का पक्ष सामने आना बाकी है। मामले में आधिकारिक प्रतिक्रिया और जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
