November 25, 2026

इंदौर में सब्जी मंडी हटाने पहुंची निगम की टीम तो भड़क उठे विक्रेता, महिलाओं ने सड़क पर फेंकी सब्जियां, कांग्रेस ने संभाला मोर्चा

0
untitled-1795584838

इंदौर । इंदौर में फूटी कोठी ब्रिज के नीचे सब्जी मंडी हटाने को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। बुधवार सुबह एक बार फिर नगर निगम की रिमूवल टीम अतिक्रमण हटाने पहुंची तो सब्जी विक्रेताओं ने विरोध शुरू कर दिया। कार्रवाई से नाराज महिला विक्रेताओं ने अपनी सब्जियां उठाकर फेंक दीं और निगम की टीम के सामने जमकर नारेबाजी की। देखते ही देखते मौके पर हंगामे की स्थिति बन गई। कई विक्रेता जमीन पर बैठ गए और कार्रवाई का विरोध करने लगे। सब्जी विक्रेताओं के समर्थन में कांग्रेस नेता भी मौके पर पहुंच गए। बढ़ते विरोध को देखते हुए नगर निगम की टीम ने फिलहाल कार्रवाई रोक दी है। अब मौके पर पुलिस बल के पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है।

फूटी कोठी ब्रिज के नीचे सब्जी मंडी हटाने का मामला पिछले कुछ दिनों से लगातार सुर्खियों में है। नगर निगम की रिमूवल टीम ने शनिवार को भी यहां से सब्जी मंडी हटाने की कार्रवाई की थी। उस दौरान भी निगम कर्मचारियों और सब्जी विक्रेताओं के बीच जमकर विवाद हुआ था। कार्रवाई की खबर मिलते ही सब्जी विक्रेताओं के समर्थन में नगर निगम की नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट और शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे सहित कई कांग्रेस नेता मौके पर पहुंच गए थे। इसके बाद मामला राजनीतिक रूप भी लेने लगा।

शनिवार की कार्रवाई के बाद रविवार और सोमवार को कांग्रेस नेताओं ने सब्जी विक्रेताओं के साथ मिलकर प्रदर्शन किया। इस दौरान मंडी हटाने के फैसले का विरोध करते हुए विक्रेताओं के रोजगार का मुद्दा उठाया गया। मंगलवार को भी विरोध जारी रहा। कांग्रेस नेताओं के कहने पर सब्जी विक्रेताओं ने ब्रिज के नीचे टाट-पट्टी और चादर बिछाकर दोबारा अपना कारोबार शुरू कर दिया था। विक्रेताओं का कहना था कि वे लंबे समय से इसी जगह पर सब्जियां बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। ऐसे में उन्हें अचानक हटाए जाने से रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो जाएगा।

बुधवार सुबह जब नगर निगम का अमला दोबारा मंडी हटाने पहुंचा तो विक्रेताओं ने फिर मोर्चा खोल दिया। कुछ महिला विक्रेताओं ने विरोध जताने के लिए अपनी सब्जियां जमीन पर फेंक दीं। इसके बाद सभी लोग एकजुट होकर बैठ गए और निगम की कार्रवाई के खिलाफ नारे लगाने लगे। मौके पर कांग्रेस नेताओं की मौजूदगी से विरोध और तेज हो गया। फिलहाल निगम की टीम ने स्थिति को देखते हुए कार्रवाई रोक दी है और पुलिस बल के आने के बाद आगे की स्थिति तय होने की संभावना है।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने कहा कि फूटी कोठी ब्रिज के नीचे पिछले 20 से 25 सालों से सब्जी मंडी लग रही है। उनके मुताबिक इतने वर्षों में रहवासियों को इस मंडी से कोई परेशानी नहीं हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि मेयर और विधायक के बीच चल रही आपसी लड़ाई का नुकसान गरीब सब्जी विक्रेताओं को उठाना पड़ रहा है। चौकसे ने यह भी कहा कि मंगलवार को हुए प्रदर्शन में भाजपा के लोग भी शामिल थे और उन्हें भी इस मामले की जानकारी है।

चिंटू चौकसे ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस सब्जी विक्रेताओं के साथ खड़ी है और उनके हक की लड़ाई जारी रखेगी। दूसरी ओर नगर निगम की ओर से मंडी हटाने की कार्रवाई की कोशिश की जा रही है। ऐसे में फूटी कोठी ब्रिज के नीचे सब्जी मंडी का विवाद फिलहाल थमता नजर नहीं आ रहा है। अब देखना होगा कि पुलिस की मौजूदगी में निगम प्रशासन आगे क्या कदम उठाता है और सब्जी विक्रेताओं को कारोबार के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था मिल पाती है या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed