November 26, 2026

भोपाल के विकास का खाका तय करने पर मंथन: मास्टर प्लान-2047 में क्रेडाई ने उठाए सवाल, TDR से लेकर टाउन प्लानिंग स्कीम तक बदलाव की मांग

0
untitled-1795669995

भोपाल । भोपाल मास्टर प्लान-2047 के ड्राफ्ट को लेकर गुरुवार को एक बार फिर सुनवाई होगी। इस बार शहर के बिल्डर्स और डेवलपर्स की संस्था क्रेडाई भोपाल की ओर से दर्ज कराई गई आपत्तियों और सुझावों पर चर्चा की जाएगी। सुनवाई लालघाटी चौराहे स्थित हुजूर तहसील कार्यालय परिसर में होगी जहां जिला प्रशासन और टाउन एंड कंट्री प्लानिंग यानी टीएंडसीपी के अधिकारी मौजूद रहेंगे। क्रेडाई भोपाल के अध्यक्ष मनोज सिंह मीक सहित संस्था के प्रतिनिधि अपनी आपत्तियां अधिकारियों के सामने रखेंगे। बिल्डर्स की ओर से मुख्य रूप से लैंड यूज टीडीआर पॉलिसी टाउन प्लानिंग स्कीम डेवलपमेंट प्रोजेक्ट और रिंग रोड से जुड़े मुद्दे उठाए गए हैं।

क्रेडाई का कहना है कि मास्टर प्लान में सरकारी विभागों को जिस तरह कुछ नियमों में छूट और सुविधाएं दी जा रही हैं उसी तरह निजी डेवलपर्स को भी समान अवसर मिलना चाहिए। संस्था ने ड्राफ्ट में केंद्र और राज्य सरकार के प्रमुख विभागों के लिए एफएआर फ्री रखने के प्रावधान पर आपत्ति जताई है। हाउसिंग बोर्ड बीडीए और नगर निगम जैसी संस्थाओं को मिलने वाली इस सुविधा को बिल्डर्स के लिए भी उपलब्ध कराने की मांग की गई है। क्रेडाई का तर्क है कि यदि सरकारी संस्थाओं को अतिरिक्त सुविधाएं मिलेंगी तो निजी डेवलपर्स उनके साथ समान परिस्थितियों में प्रतिस्पर्धा कैसे कर पाएंगे। इसलिए विकास के क्षेत्र में समान नियम और अवसर जरूरी हैं।

टाउन प्लानिंग स्कीम को लेकर भी क्रेडाई ने बदलाव का सुझाव दिया है। संस्था ने गुजरात मॉडल की तर्ज पर मध्य प्रदेश में भूमि वापसी के अनुपात की समीक्षा करने की मांग की है। क्रेडाई के अनुसार गुजरात में मूल भूमि के 100 प्रतिशत क्षेत्र में से 60 प्रतिशत हिस्सा पुनर्गठित भूखंडों के रूप में वापस मिलने का मॉडल है जबकि मध्य प्रदेश में यह अनुपात 50 प्रतिशत है। संस्था का कहना है कि इस व्यवस्था की समीक्षा होने से जमीन के बेहतर उपयोग और विकास की संभावनाएं बढ़ सकती हैं।

टीडीआर पॉलिसी को लेकर भी बिल्डर्स ने सवाल उठाए हैं। क्रेडाई के मुताबिक वर्ष 2018 में टीडीआर पॉलिसी लागू होने के बाद करीब आठ साल बीत चुके हैं लेकिन पूरे प्रदेश में बहुत कम संख्या में टीडीआर प्रमाण पत्र जारी किए गए हैं। संस्था का कहना है कि नियमों और प्रक्रियाओं के कारण इसका प्रभावी इस्तेमाल नहीं हो पा रहा है और इससे शहर के विकास की गति प्रभावित होती है। इसलिए टीडीआर व्यवस्था को सरल और प्रभावी बनाने की जरूरत है।

क्रेडाई ने आरजी-1 आरजी-2 और आरजी-3 क्षेत्रों में डेवलपमेंट प्रोजेक्ट के लिए एक हेक्टेयर न्यूनतम जमीन की अनिवार्यता पर भी आपत्ति जताई है। संस्था का कहना है कि इन क्षेत्रों में एक ही स्थान पर एक हेक्टेयर जमीन उपलब्ध होना मुश्किल है और जमीन की कीमत भी काफी अधिक है। इसलिए यह बाध्यता केवल आरजी-4 जोन तक सीमित की जानी चाहिए। इससे छोटे भूखंडों पर भी नियोजित विकास की संभावनाएं बढ़ सकती हैं।

सबसे महत्वपूर्ण आपत्तियों में पश्चिमी रिंग रोड का मुद्दा भी शामिल है। क्रेडाई के अनुसार पहले प्रस्तावित मास्टर प्लान में इनर रिंग रोड को पश्चिम की ओर बढ़ाते हुए सुहागपुर कोलार रोड रातीबड़ और इंदौर रोड से 45 मीटर मार्ग के जरिए जोड़ने का प्रस्ताव था। इससे भोपाल में पहली रिंग रोड का नेटवर्क मजबूत होने की उम्मीद थी। लेकिन मौजूदा ड्राफ्ट में 45 मीटर पश्चिमी रिंग रोड को समाप्त कर दिया गया है। क्रेडाई का कहना है कि इससे इस क्षेत्र में निवेश करने वाले कई प्रोजेक्ट प्रभावित हो सकते हैं। अब सुनवाई के दौरान इन सभी मुद्दों पर प्रशासन और टीएंडसीपी अधिकारियों के सामने चर्चा होगी और देखना होगा कि मास्टर प्लान के अंतिम स्वरूप में बिल्डर्स की आपत्तियों और सुझावों को कितनी जगह मिलती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed