November 26, 2026

14 साल से फर्जी अधिकारी बनकर ठगी का खेल: PMO अफसर बताकर जयपुर में 5 लाख ऐंठे, भोपाल में भी कई लोगों को बनाया शिकार

0
untitled-1795670589

भोपाल । भोपाल में खुद को IAS अधिकारी बताकर लोगों को सरकारी काम कराने का झांसा देने वाले रामानुज गुर्जर के खिलाफ ठगी का एक और मामला सामने आया है। इस बार परवलिया इलाके के एक किसान ने आरोपी के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है। किसान का आरोप है कि रामानुज ने खुद को प्रभावशाली सरकारी अधिकारी बताकर काम कराने का भरोसा दिलाया और इसी नाम पर उससे रकम ली। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि किसान से किस सरकारी काम के नाम पर कितनी राशि ली गई थी। इस मामले के सामने आने के बाद आरोपी के खिलाफ शिकायतों की संख्या 10 से ज्यादा हो गई है। पुलिस उसके पुराने मामलों के साथ उसके संपर्कों और लेनदेन की भी जांच कर रही है।

रामानुज मूल रूप से नरसिंहगढ़ क्षेत्र का रहने वाला बताया गया है और भोपाल की एरोसिटी कॉलोनी में रह रहा था। आरोप है कि वह लोगों के सामने खुद को IAS अधिकारी बताता था और सरकारी विभागों में अपनी मजबूत पहुंच होने का दावा करता था। वह लोगों को भरोसा दिलाता था कि बड़े अधिकारियों से सीधे संपर्क होने के कारण वह उनके सरकारी काम आसानी से करवा सकता है। इसी झांसे में वह सरकारी लाइसेंस बनवाने टेंडर दिलाने और दूसरे विभागीय काम कराने के नाम पर लोगों से पैसे लेता था। आरोपी फिलहाल जेल में बंद है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि रामानुज लोगों के बीच अपना प्रभाव बढ़ाने के लिए सोशल मीडिया का भी इस्तेमाल करता था। वह राजनेताओं और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ खिंचवाई गई तस्वीरें अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट करता था। इन तस्वीरों को दिखाकर वह लोगों के सामने अपनी ऊंची पहुंच और पहचान का दावा करता था। उसके सोशल मीडिया अकाउंट पर भाजपा का लोगो भी दिखाई देता था। पुलिस अब उसके सोशल मीडिया अकाउंट और उसमें मौजूद संपर्कों की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने किन लोगों से संपर्क किया और इस पहचान का इस्तेमाल कितने मामलों में किया।

गांधी नगर पुलिस के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में भी वह अपनी ऊंची पहुंच का हवाला देता रहा। हालांकि पुलिस ने पूछताछ पूरी करने के बाद उसे जेल भेज दिया। अब जांच का दायरा उसके पुराने मामलों तक बढ़ाया जा रहा है। पुलिस उसके बैंक लेनदेन सरकारी काम कराने के नाम पर लिए गए पैसों और अलग-अलग लोगों से संपर्क की जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों को आशंका है कि शिकायतों की संख्या आगे और बढ़ सकती है।

रामानुज के खिलाफ ठगी का यह तरीका नया नहीं बताया जा रहा है। करीब 14 साल पहले जयपुर के ज्योति नगर थाना क्षेत्र में भी उसने खुद को IAS अधिकारी और प्रधानमंत्री कार्यालय में पदस्थ अधिकारी बताया था। इसी पहचान के आधार पर उसने एक फर्म में कानूनी सलाहकार की नौकरी हासिल की और आरोप है कि इस दौरान करीब पांच लाख रुपए की ठगी की। शिकायत के बाद जयपुर पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था। आरोप है कि जेल से बाहर आने के बाद उसने अपनी पहचान और नाम में बदलाव कर दोबारा इसी तरह लोगों को निशाना बनाना शुरू कर दिया।

भोपाल में भी उसके खिलाफ गंभीर आरोप सामने आए हैं। उस पर आर्म्स लाइसेंस बनवाने के नाम पर सात लाख रुपए लेने डॉक्टर से प्लॉट दिलाने के नाम पर करीब 30 लाख रुपए ऐंठने और सरपंचों को सरकारी टेंडर दिलाने का झांसा देने के आरोप हैं। पुलिस को उसके तीन ऐसे वीडियो भी मिले हैं जिनमें वह नोट गिनता दिखाई दे रहा है। उसके पास से भाजपा की सदस्यता का कार्ड मिलने की बात भी सामने आई है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि फर्जी अधिकारी की पहचान बनाकर उसने कितने लोगों को ठगा और इस पूरे नेटवर्क में उसके साथ कोई और व्यक्ति शामिल था या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed