अमिताभ बच्चन से लेकर दिलजीत दोसांझ तक निशाने पर! मुंबई में बम धमाकों की धमकी वाला ईमेल मिलने से पुलिस अलर्ट
जानकारी के मुताबिक मुंबई की मेयर रितु तावड़े और नगर निगम आयुक्त अश्विनी भिड़े को गुरुवार सुबह करीब 10 बजे यह धमकी भरा ईमेल मिला। इसमें 26 नवंबर को दोपहर 1 बजकर 11 मिनट पर मेयर कार्यालय और दोपहर 3 बजे अदालत को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। ईमेल में दावा किया गया कि 27 नवंबर से 31 दिसंबर के बीच अभिनेता अमिताभ बच्चन के बंगले जलसा पर ड्रोन के जरिए हमला किया जा सकता है। इस धमकी के सामने आने के बाद मुंबई में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।
इस पूरे मामले में गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ का नाम भी सामने आया है। ईमेल भेजने वाले ने दिलजीत को भी निशाना बनाने की धमकी दी है। गौरतलब है कि 27 नवंबर को मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में दिलजीत का कॉन्सर्ट आयोजित होना है। ईमेल में कार्यक्रम को रोकने की मांग करते हुए चेतावनी दी गई है कि यदि तीन घंटे का यह कॉन्सर्ट नहीं रोका गया तो अगले 30 दिनों तक मुंबई में ग्रेनेड हमले किए जाएंगे। इसके साथ ही कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों को जमीन पर पड़ा कोई भी आईफोन नहीं उठाने की चेतावनी दी गई है। ईमेल में मराठी भाइयों से अपने बच्चों की रक्षा करने की बात भी लिखी गई है।
धमकी देने वाले ने मुंबई की मेट्रो ट्रेनों को लेकर भी गंभीर दावा किया है। ईमेल में कहा गया है कि शहर की अलग-अलग मेट्रो ट्रेनों में इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस यानी IED से भरे बैग रखे गए हैं। साथ ही यात्रियों को 27 नवंबर से 31 दिसंबर के बीच मेट्रो में सफर नहीं करने की चेतावनी दी गई है। हालांकि इन दावों की पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस इन्हें गंभीरता से लेते हुए जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक ईमेल में पंजाबी हिंदी और अंग्रेजी भाषा का इस्तेमाल किया गया है। इसमें खालिस्तान समर्थक नारे और 1984 के सिख विरोधी दंगों का भी जिक्र किया गया है। ईमेल के आखिर में खालिस्तान नेशनल आर्मी और बब्बर खालसा परमार कनाडा नाम के दो संगठनों का उल्लेख किया गया है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि धमकी भरा संदेश कहां से भेजा गया और इसके पीछे किसका हाथ है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों में इस तरह के फर्जी धमकी भरे ईमेल यानी हॉक्स संदेशों की संख्या बढ़ी है। इसके बावजूद किसी भी धमकी को हल्के में नहीं लिया जा रहा है। दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को देखते हुए महालक्ष्मी रेसकोर्स में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। अब जांच एजेंसियों के सामने सबसे बड़ी चुनौती ईमेल की सच्चाई का पता लगाना और मुंबई के प्रमुख स्थानों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
