पार्क की बेंच पर बैठकर रो रही महिला पर लगा जुर्माना, जर्मनी में 25 यूरो की कार्रवाई से छिड़ी बहस..
यह घटना गेल्सेनकिर्चेन के ग्लूकऑफ पार्क की है। हाना नाम की महिला 25 अक्टूबर को पार्क में घूमने गई थीं। वह केमिस्ट्री की पढ़ाई कर रही हैं और उस समय पढ़ाई तथा पैसों से जुड़ी परेशानियों के कारण तनाव में थीं। निजी जिंदगी में भी वह मुश्किल दौर से गुजर रही थीं। पार्क में टहलते समय वह भावुक हो गईं और रोने लगीं। इसके बाद उन्होंने खुद को संभालने के लिए बच्चों के खेलने की जगह पर लगी एक बेंच पर बैठने का फैसला किया। वह अपनी मौसी को फोन करके अपनी परेशानियां बता रही थीं।
हाना के मुताबिक, वह उस समय अकेले रहना चाहती थीं और नहीं चाहती थीं कि कोई उन्हें रोते हुए देखे। लेकिन तभी नगर प्रशासन के तीन कर्मचारी वहां पहुंच गए। ये कर्मचारी शहर की सार्वजनिक व्यवस्था और स्थानीय नियमों के पालन की निगरानी करते हैं। उन्होंने महिला से पूछा कि पास में झूला झूल रहे दो बच्चे क्या उनके हैं। हाना ने स्पष्ट किया कि वे बच्चे उनके नहीं हैं। इसके बाद अधिकारियों ने उनसे पहचान पत्र मांगा और बताया कि बच्चों के प्लेग्राउंड में बिना किसी बच्चे के मौजूद रहना नियमों का उल्लंघन है। इसी आधार पर उन्हें 25 यूरो का जुर्माना भरने के लिए कहा गया।
क्या है बच्चों के प्लेग्राउंड से जुड़ा नियम?
गेल्सेनकिर्चेन में बच्चों के खेलने के स्थानों को लेकर स्थानीय प्रशासन के स्पष्ट नियम हैं। इनके अनुसार, 14 साल तक के बच्चे प्लेग्राउंड में जा सकते हैं। उनके साथ माता-पिता, अभिभावक या उनकी देखरेख करने वाले व्यक्ति भी मौजूद रह सकते हैं। हालांकि, कोई वयस्क अपने साथ किसी बच्चे को लाए बिना इन स्थानों पर नहीं रह सकता। यह प्रतिबंध केवल झूलों और खेलने के उपकरणों के इस्तेमाल तक सीमित नहीं है, बल्कि प्लेग्राउंड में रखी बेंच पर बैठने पर भी लागू होता है। इसी नियम के तहत हाना पर कार्रवाई की गई।
महिला ने कार्रवाई पर जताई नाराजगी
हाना ने इस कार्रवाई को लेकर नाराजगी जाहिर की। उनका कहना है कि वह पहले से ही मानसिक दबाव और निजी परेशानियों से गुजर रही थीं। ऐसे समय में अधिकारियों को जुर्माना लगाने से पहले उनकी स्थिति समझने की कोशिश करनी चाहिए थी। उनका मानना है कि कर्मचारी उन्हें नियम समझाकर किसी दूसरी जगह बैठने के लिए कह सकते थे। वह बिना किसी विरोध के वहां से चली जातीं। हाना के अनुसार, अधिकारियों के व्यवहार से उन्हें ऐसा महसूस हुआ जैसे एक इंसान के तौर पर उनकी भावनाओं और परिस्थितियों की कोई अहमियत नहीं है। हालांकि, उन्होंने आगे की प्रशासनिक कार्रवाई और अतिरिक्त खर्च से बचने के लिए जुर्माने की रकम चुका दी।
प्रशासन ने कार्रवाई को बताया नियमों के अनुरूप
शहर प्रशासन ने अधिकारियों की कार्रवाई का बचाव किया है। प्रशासन के प्रवक्ता मार्टिन शुलमान ने 25 यूरो के जुर्माने को स्थानीय नियमों के अनुसार उचित और अपेक्षाकृत मामूली कार्रवाई बताया। उनका कहना है कि अधिकारियों की जिम्मेदारी शहर में लागू नियमों का पालन सुनिश्चित करना है। मामले की आंतरिक जांच में भी कर्मचारियों के व्यवहार में कोई अनुचित बात सामने नहीं आई।
इस घटना के बाद जुर्माने की राशि बढ़ाने के प्रस्ताव पर भी चर्चा शुरू हो गई है। प्रशासन प्लेग्राउंड में बिना अनुमति मौजूद रहने पर अधिकतम जुर्माना 55 से बढ़ाकर 60 यूरो करने पर विचार कर रहा है। वहीं, वहां धूम्रपान करने पर जुर्माना 35 से बढ़ाकर 60 यूरो और जमीन पर सूरजमुखी के बीज फेंकने पर 25 से बढ़ाकर 55 यूरो करने का प्रस्ताव है।
ग्रीन पार्टी की नेता वीबके वेक्सेलर ने नियमों को जरूरत से ज्यादा सख्ती से लागू करने पर सवाल उठाए हैं। वहीं, सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी के प्रतिनिधियों का मानना है कि इस मामले में जुर्माने के बजाय चेतावनी देना पर्याप्त होता। इस घटना ने सार्वजनिक स्थानों पर नियमों के पालन और मानवीय संवेदनशीलता के बीच संतुलन को लेकर नई बहस छेड़ दी है।
