November 27, 2026

फूटी कोठी से हटे तो चंदननगर में ठप हुआ सब्जी का कारोबार! 20 हजार का माल बेचने वाले अब 500 रुपए की बिक्री को तरसे

0
untitled-1795766699

इंदौर । इंदौर में फूटी कोठी चौराहे से सब्जी मंडी हटाने के बाद चंदननगर चौराहे के पास नई जगह पर शिफ्ट किए गए सब्जी विक्रेताओं की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। नगर निगम ने फूटी कोठी से करीब दो किलोमीटर दूर खाली मैदान में दुकानदारों को जगह दी है लेकिन यहां कारोबार पूरी तरह प्रभावित हो गया है। हालात ऐसे हैं कि दिनभर दुकान लगाकर बैठने के बावजूद विक्रेताओं को ग्राहक नहीं मिल रहे हैं। पहले जहां हजारों रुपए की सब्जियां बिक जाती थीं वहीं अब कुछ सौ रुपए की बिक्री करना भी मुश्किल हो रहा है। कई दुकानदार अपनी लागत तक नहीं निकाल पा रहे हैं और बची हुई सब्जियां खराब होकर फेंकने की नौबत आ रही है।

नई मंडी में दुकान लगाने पहुंचे विक्रेताओं का कहना है कि यहां बुनियादी सुविधाओं तक का अभाव है। जिस मैदान में उन्हें बैठने के लिए कहा गया है वहां समतल जमीन नहीं है और न ही पक्की सड़क की व्यवस्था है। दुकानदारों को पथरीली जमीन पर अपनी दुकानें लगानी पड़ रही हैं। आसपास से वाहनों की आवाजाही के कारण दिनभर धूल उड़ती रहती है। ऐसी जगह पर सब्जियां बेचने में परेशानी तो होती ही है साथ ही ग्राहक भी दुकान तक पहुंचने से बच रहे हैं। फिलहाल कुछ ही विक्रेताओं ने यहां दुकानें लगाना शुरू किया है।

सब्जी विक्रेता संगीता वर्मा ने बताया कि फूटी कोठी पर उनका अच्छा कारोबार होता था। वे रोजाना 20 से 22 हजार रुपए की सब्जियां लेकर आती थीं और 16 से 17 हजार रुपए तक का माल बिक जाता था। लेकिन चंदननगर में हालात बिल्कुल बदल गए हैं। अब वे केवल 500 से 700 रुपए की सब्जियां ही लेकर आ रही हैं लेकिन इतनी कम मात्रा में भी माल नहीं बिक पा रहा है। बुधवार और गुरुवार को भी उनकी दुकान पर बिक्री नहीं हुई। धूल और ग्राहकों की कमी के कारण सब्जियां खराब होने लगी हैं।

ताराबाई पगारे का कहना है कि वे 500 से 600 रुपए की सब्जियां लेकर आती हैं लेकिन कई बार इतनी बिक्री भी नहीं हो पाती कि लगाई गई पूंजी वापस मिल सके। फूटी कोठी पर ग्राहक आसानी से पहुंच जाते थे और रोजी-रोटी चल जाती थी। अब नई जगह आने-जाने में भी अतिरिक्त खर्च हो रहा है लेकिन कमाई नहीं हो रही। उन्होंने नगर निगम से मांग की है कि उन्हें फूटी कोठी ब्रिज के नीचे व्यवस्थित जगह उपलब्ध कराई जाए। इसके बदले निगम चाहे तो मासिक या सालाना किराया तय कर सकता है। विक्रेता किराया देने के लिए भी तैयार हैं।

कुसुमबाई गारगे ने बताया कि फूटी कोठी मुख्य सड़क पर होने के कारण आसपास के कई इलाकों से ग्राहक आते थे। वहां सब्जियों की बिक्री से लागत के साथ मजदूरी भी निकल जाती थी। नई जगह पर वे जितनी सब्जियां लेकर आ रही हैं उसकी आधी भी नहीं बिक पा रही है। उन्हें करीब दस साल से फूटी कोठी पर दुकान लगाने का अनुभव है लेकिन चंदननगर में न तो सड़क ठीक है और न ही बैठने की उचित व्यवस्था।

जानीबाई ने बताया कि सुबह से दुकान लगाकर बैठने के बाद भी 100 से 200 रुपए की सब्जी तक नहीं बिक पा रही है। वहीं श्रीराम साहू ने बताया कि वे पांच कैरेट टमाटर लेकर आए थे जिनमें से एक कैरेट खराब हो गया। पहले फूटी कोठी पर मजदूरी निकल जाती थी लेकिन अब 200 से 300 रुपए की बिक्री करना भी मुश्किल हो रहा है।

हालांकि कुछ विक्रेताओं को उम्मीद है कि धीरे-धीरे नई जगह पर ग्राहकी बढ़ेगी। शंकरलाल का कहना है कि अभी केवल पहचान के ग्राहक ही पहुंच रहे हैं। नई जगह की जानकारी लोगों तक पहुंचने में समय लगेगा। गौरतलब है कि फूटी कोठी सब्जी मंडी हटाने के फैसले को लेकर पहले भी विवाद हो चुका है। इसी मुद्दे पर नगर निगम नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट से जुड़ा निगमकर्मी को थप्पड़ मारने का मामला भी सामने आया था जिसमें उन्हें जेल जाना पड़ा था। अब नई जगह पर कारोबार ठप होने से विक्रेता फिर अपनी पुरानी जगह या ब्रिज के नीचे व्यवस्थित स्थान देने की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed