मंडला के विकास पर भाजपा सांसद और CM के अपर सचिव आमने-सामने! लक्ष्मण मरकाम ने पुराने कार्यकाल की याद दिलाकर घेरा
दरअसल विवाद की शुरुआत बुधवार को हुई जब मुख्यमंत्री कार्यालय के अपर सचिव लक्ष्मण सिंह मरकाम सरकारी दौरे पर मंडला पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने युवाओं और ग्रामीणों से संवाद किया। बातचीत के दौरान मरकाम ने जिले के विकास को लेकर चिंता जताई और कहा कि मंडला ने कई सुनहरे अवसर गंवा दिए हैं। उन्होंने आदिवासी क्षेत्रों के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध होने के बावजूद उसका प्रभावी इस्तेमाल नहीं होने पर सवाल उठाए। साथ ही मेडिकल कॉलेज और पॉलिटेक्निक कॉलेज जैसी जरूरी शैक्षणिक और स्वास्थ्य सुविधाओं के मामले में जिले के पिछड़ने की बात कही।
मरकाम के इस बयान पर गुरुवार को मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने कड़ी नाराजगी जताई। डिंडौरी दौरे के दौरान उन्होंने कहा कि सरकार को बदनाम करने और जनता को भड़काने वाले अधिकारियों की जरूरत नहीं है। यदि किसी अधिकारी को राजनीति करनी है तो उसे नौकरी छोड़कर चुनाव मैदान में उतरना चाहिए। कुलस्ते ने मरकाम के पुराने कार्यकाल पर भी सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि जब वे मुख्यमंत्री के विशेष सहायक थे तब मंडला डिंडौरी सिवनी और नरसिंहपुर के लिए कितनी योजनाएं जमीन पर उतारी गईं। सांसद ने यह भी सवाल किया कि मंडला मेडिकल कॉलेज के लिए वन स्वीकृति हासिल करने की दिशा में अधिकारी ने क्या प्रयास किए थे। उन्होंने कहा कि किसी अधिकारी की लोकप्रियता का फैसला जनता करती है।
सांसद के बयान के बाद लक्ष्मण सिंह मरकाम ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है और उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष का विरोध करना नहीं है। उनका मकसद केवल मंडला के विकास से जुड़े सवालों को सामने रखना है। मरकाम ने कहा कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के पिछड़े जिलों में मेडिकल कॉलेज खोलने की दिशा में पहले चरण में जिन जिलों को सौगात दी थी उनमें मंडला भी शामिल था। इसके बावजूद दूसरे जिलों में मेडिकल कॉलेज शुरू हो गए लेकिन मंडला का प्रोजेक्ट आगे नहीं बढ़ पाया।
मरकाम ने इस मामले में दिशा यानी DISHA समिति का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार की योजनाओं की निगरानी के लिए गठित इस समिति के अध्यक्ष संबंधित क्षेत्र के सांसद होते हैं। उस समय फग्गन सिंह कुलस्ते केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री भी थे। ऐसे में उनसे यह अपेक्षा करना स्वाभाविक था कि मंडला को मिले इस महत्वपूर्ण अवसर को जमीन पर उतारने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाते। मरकाम ने इसी आधार पर सवाल उठाया कि जब इतनी बड़ी जिम्मेदारी और अवसर मौजूद था तो मेडिकल कॉलेज का काम क्यों पिछड़ गया।
इस पूरे विवाद ने मंडला के विकास और आदिवासी अंचल में बुनियादी सुविधाओं की स्थिति को फिर चर्चा में ला दिया है। एक तरफ सांसद अधिकारी की भूमिका और बयानबाजी पर सवाल उठा रहे हैं तो दूसरी तरफ अपर सचिव पुराने राजनीतिक और प्रशासनिक कार्यकाल का हिसाब मांग रहे हैं। अब देखना होगा कि इस जुबानी जंग के बीच मंडला मेडिकल कॉलेज की वर्षों से अटकी उम्मीद को कब तक जमीन पर उतारा जा सकेगा।
