भारत-जापान के बढ़ते रक्षा सहयोग पर चीन टेंशन में, ‘नए सैन्यवाद’ को लेकर दुनिया को किया आगाह
भारत और जापान के बीच हाल ही में हुए 2+2 संवाद में दोनों देशों ने रक्षा साझेदारी को और व्यापक बनाने पर सहमति जताई। बैठक में उन्नत मिसाइल तकनीक, समुद्री सुरक्षा और रक्षा उपकरणों के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई। इसके साथ ही दोनों देश नौसैनिक जहाजों के डिजाइन और निर्माण में संयुक्त विकास की संभावनाएं भी तलाश रहे हैं।
इस बातचीत का एक अहम पहलू जापान की सेल्फ-डिफेंस फोर्सेज के लिए भारत में लाइव-फायर प्रशिक्षण की संभावना है। इसके तहत जापानी सैन्य बल पहली बार भारत के फायरिंग रेंज में अभ्यास कर सकते हैं। दोनों देशों के बीच रक्षा तकनीक और सैन्य प्रशिक्षण में सहयोग बढ़ने को क्षेत्रीय सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
भारत-जापान की इस पहल पर प्रतिक्रिया देते हुए चीन के रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता सीनियर कर्नल चेन शी ने जापान की सैन्य गतिविधियों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जापान तेजी से अपनी सैन्य क्षमता का विस्तार कर रहा है और उसमें ‘नए सैन्यवाद’ की प्रवृत्ति दिखाई दे रही है। चेन शी ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से इस घटनाक्रम पर गंभीरता से नजर रखने और सतर्क रहने की अपील की।
भारत-चीन सीमा पर स्थिति सामान्य बताई
चीन ने भारत के साथ सीमा विवाद को लेकर भी अपना पक्ष रखा। चेन शी के मुताबिक, भारत-चीन सीमा क्षेत्र की स्थिति फिलहाल सामान्य और स्थिर है। दोनों देश राजनयिक और सैन्य माध्यमों से लगातार संपर्क बनाए हुए हैं।
उन्होंने कहा कि जनरल स्तर की बैठकों सहित विभिन्न माध्यमों से दोनों पक्षों के बीच बातचीत जारी है। साथ ही सीमा पर शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए बनी सहमतियों को लागू करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।
