MP में ठंड ने पकड़ा जोर, 4 जिलों में शीतलहर का अलर्ट, कटनी के करौंदी में पारा 6.8 डिग्री तक लुढ़का
मौसम केंद्र (IMD) ने शुक्रवार को भोपाल, शाजापुर, दमोह और कटनी जिलों के लिए शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। भोपाल में पिछले दो दिनों से शीतलहर का असर बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों तक भी ठंड से राहत मिलने की संभावना नहीं है।
10 शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे
प्रदेश के कई हिस्सों में रात के तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई है। दमोह में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री, शहडोल के कल्याणपुर में 7.4 डिग्री और शाजापुर के गिरवर कस्बे में 7.7 डिग्री सेल्सियस रहा। भोपाल में पारा 8.8 डिग्री, रीवा में 9 डिग्री, खजुराहो और रायसेन में 9.6 डिग्री, जबकि जबलपुर और उमरिया में न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इसके अलावा नौगांव, राजगढ़, ग्वालियर, गुना, मलाजखंड, दतिया, मंडला, सतना, सीधी, श्योपुर, छिंदवाड़ा, इंदौर, उज्जैन, रतलाम, टीकमगढ़, खरगोन, खंडवा, शिवपुरी और धार में भी रात का तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा।
भोपाल में लगातार तीसरे साल नवंबर में तेज ठंड
राजधानी भोपाल में नवंबर के दौरान लगातार तीसरे साल सर्दी का असर रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच रहा है। इस बार 23-24 नवंबर की रात न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि अगली रात यह 8.8 डिग्री रहा।
आंकड़ों के मुताबिक, 17 नवंबर 2025 को भोपाल में पारा गिरकर 5.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। वहीं, 29 नवंबर को न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री दर्ज किया गया था। इसके मुकाबले वर्ष 2018 से 2023 के बीच नवंबर में रात का तापमान सामान्यत: 10.2 से 13.8 डिग्री सेल्सियस के बीच रहता था।
लगातार बढ़ती ठंड को देखते हुए भोपाल में स्कूलों के समय में भी बदलाव किया गया है। विद्यार्थियों को सुबह की ठंड से बचाने के लिए स्कूलों की टाइमिंग आगे बढ़ा दी गई है।
पहाड़ों की बर्फबारी से गिरेगा पारा, सुबह धुंध के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, पहाड़ी राज्यों में लगातार हो रही बर्फबारी का असर मध्य प्रदेश में भी दिखाई दे रहा है। अनुमान है कि अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में करीब दो डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट आ सकती है। ऐसा होने पर प्रदेश के अधिकांश शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे पहुंचने की संभावना है।
आने वाले दिनों में सुबह के समय धुंध छाए रहने और दिन में ठंडी हवाएं चलने का सिलसिला जारी रह सकता है। फिलहाल प्रदेशवासियों को कड़ाके की ठंड से राहत मिलने के आसार कम हैं।
