November 26, 2026

संविधान की रक्षा का संकल्प और बैलों पर भारी बोझ! कांग्रेस की बैलगाड़ी में 50 से ज्यादा लोग चढ़े, उठे पशु क्रूरता पर सवाल

0
untitled-1795694916

जबलपुर । जबलपुर में संविधान दिवस के अवसर पर मध्य प्रदेश कांग्रेस ने गुरुवार को संविधान रक्षा मार्च निकाला। इस मार्च में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संविधान तथा नागरिक अधिकारों की रक्षा का संकल्प लिया। लेकिन इसी दौरान सामने आए एक वीडियो ने पूरे आयोजन को चर्चा में ला दिया है। वीडियो में एक बैलगाड़ी पर 50 से ज्यादा लोग सवार दिखाई दे रहे हैं। बैलगाड़ी को दो बैल खींच रहे थे और उन पर इतने लोगों का भार डालने को लेकर पशुओं के प्रति संवेदनशीलता पर सवाल उठने लगे हैं। संविधान की रक्षा का संदेश देने निकली कांग्रेस के इस प्रदर्शन पर भाजपा ने भी तीखा हमला बोला है।

कांग्रेस का यह मार्च जबलपुर के गोल बाजार से शुरू हुआ था। यहां से मार्च सुपर मार्केट अंधेरदेव टाउन हॉल तुलाराम चौक और मालवीय चौक होते हुए वापस गोल बाजार पहुंचा। करीब चार किलोमीटर लंबे इस रास्ते को कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बैलगाड़ियों के जरिए तय किया। आयोजन में बड़ी संख्या में पार्टी के नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। इसी दौरान नेताओं के नजदीक रहने और उनके साथ चलने की होड़ में कई कार्यकर्ता बैलगाड़ियों पर चढ़ गए। सामने आए वीडियो में एक बैलगाड़ी पर करीब 50 से 55 लोगों के सवार होने का दृश्य दिखाई दे रहा है। गाड़ी को दो बैल खींच रहे थे। इतनी बड़ी संख्या में लोगों के एक साथ सवार होने से बैलों पर पड़ने वाले बोझ को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

मार्च में राज्यसभा सांसद विवेक कृष्ण तन्खा भी शामिल हुए। उनके साथ नगर कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा और पूर्व बरगी विधायक तथा ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष संजय यादव सहित कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे। विवेक तन्खा बैलगाड़ी के साथ चलते नजर आए जबकि स्थानीय विधायक और पार्टी के कुछ अन्य नेता बैलगाड़ियों पर सवार थे। इस दौरान कार्यकर्ताओं की भीड़ भी गाड़ियों पर चढ़ती दिखाई दी। इसी दृश्य का वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक बयानबाजी शुरू हो गई।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी की समझ समाज से परे है। किसी भी विषय पर विरोध या प्रदर्शन करने का उद्देश्य समाज के सामने स्पष्ट होना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि एक बैलगाड़ी पर इतनी बड़ी संख्या में लोगों के सवार होने की आखिर क्या जरूरत थी। खंडेलवाल ने कहा कि इतनी उतावली क्यों है कि इंसानों के साथ-साथ बेगुनाह जानवरों पर भी अत्याचार करने से नहीं चूक रहे। उनके मुताबिक कांग्रेस के इस तरीके पर समाज का हर व्यक्ति सवाल खड़े कर सकता है।

पशु अधिकारों के लिए काम करने वाली संस्था पीपुल्स फॉर एनिमल की ट्रस्टी गौरी मुलेखी ने भी इस घटना पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि पशु कोई प्रदर्शन की वस्तु नहीं हैं और न ही उन्हें राजनीतिक रैलियों में तमाशे का हिस्सा बनाया जाना चाहिए। राजनीतिक दल और उनका उद्देश्य चाहे कुछ भी हो लेकिन पशुओं को राजनीतिक प्रदर्शन का माध्यम बनाना उचित नहीं है।

गौरी मुलेखी ने संविधान के अनुच्छेद 51A(g) का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इसमें सभी जीवित प्राणियों के प्रति करुणा रखने को नागरिकों का मूल कर्तव्य बताया गया है। ऐसे में संविधान की रक्षा के लिए मार्च निकालते समय पशुओं के प्रति करुणा के इस संवैधानिक दायित्व की अनदेखी करना विरोधाभास है। उनका कहना है कि संविधान के प्रति सच्ची प्रतिबद्धता केवल नारों और आयोजनों से नहीं बल्कि उसके मूल्यों को अपने व्यवहार में उतारने से दिखाई देती है।

इस पूरे घटनाक्रम के बाद संविधान रक्षा मार्च का राजनीतिक संदेश पीछे छूट गया है और बैलगाड़ी पर क्षमता से अधिक लोगों के सवार होने का वीडियो चर्चा का विषय बन गया है। अब कांग्रेस के इस आयोजन को लेकर पशुओं के साथ व्यवहार और राजनीतिक प्रदर्शनों में उनकी भागीदारी पर सवाल उठ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed