भोपाल में आज हॉकी का सबसे बड़ा मुकाबला! भारत के पास चौथी बार चैंपियन बनकर इतिहास रचने का मौका चीन को हराने के लिए तैयार टीम इंडिया
भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में मलेशिया को 6-2 से हराकर फाइनल में जगह बनाई है। इस मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल दिखाते हुए शुरुआत से ही विपक्षी टीम पर दबाव बनाए रखा। दूसरी ओर चीन ने जापान को कड़े मुकाबले में 1-0 से हराकर खिताबी मुकाबले का टिकट हासिल किया। दोनों टीमों ने फाइनल तक पहुंचने के लिए अच्छा प्रदर्शन किया है लेकिन अब असली परीक्षा खिताबी मुकाबले में होगी।
भारत के लिए यह मुकाबला इतिहास के लिहाज से भी बेहद महत्वपूर्ण है। भारतीय महिला टीम ने साल 2016 में पहली बार एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीता था। इसके बाद 2023 और 2024 में भी भारतीय टीम चैंपियन बनी। अब तक भारत और दक्षिण कोरिया दोनों के नाम तीन-तीन खिताब दर्ज हैं। ऐसे में चीन के खिलाफ जीत भारत को इस टूर्नामेंट की सबसे सफल टीम बना देगी। साथ ही लगातार तीसरी बार खिताब जीतने की उपलब्धि भी भारतीय खिलाड़ियों के नाम हो जाएगी।
इस पूरे टूर्नामेंट में भारतीय टीम का आक्रामक प्रदर्शन उसकी सबसे बड़ी ताकत रहा है। गोल करने के मामले में भारत सभी टीमों से आगे है। भारतीय खिलाड़ियों ने अब तक कुल 29 गोल दागे हैं जबकि दूसरे स्थान पर मौजूद चीन के नाम 14 गोल हैं। भारत के कुल 29 गोल में से 19 गोल पेनल्टी कॉर्नर के जरिए आए हैं। इससे साफ है कि भारतीय टीम ने मैदानी खेल के साथ सेट पीस के जरिए भी विपक्षी टीमों को लगातार चुनौती दी है।
फाइनल में भारतीय टीम की सबसे बड़ी उम्मीद दीपिका होंगी। वह 10 गोल के साथ टूर्नामेंट की शीर्ष गोल स्कोरर बनी हुई हैं। उनकी तेज आक्रामक शैली और पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलने की क्षमता भारत के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। टॉप-5 गोल स्कोरर में भारत की मुमताज खान चार गोल और लालरेमसियामी तीन गोल के साथ शामिल हैं। पेनल्टी कॉर्नर के मामले में भी भारत का प्रदर्शन शानदार रहा है। टीम को अब तक 68 पेनल्टी कॉर्नर मिले हैं जिनमें से 19 को गोल में बदला गया है। इसकी सफलता दर 27.94 प्रतिशत रही है जो टूर्नामेंट में सबसे अधिक है।
मध्य प्रदेश हॉकी अकादमी के मुख्य कोच और पूर्व ओलिंपियन समीर दाद ने भी भारतीय टीम की जीत की उम्मीद जताई है। उनका कहना है कि टीम लीग मुकाबलों से लेकर सेमीफाइनल तक शानदार लय में दिखाई दी है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि फाइनल का दबाव अलग होता है और चीन को हल्के में नहीं लिया जा सकता। उनके मुताबिक भारत की जीत की संभावना 60:40 है।
इससे पहले आज दोपहर 4:30 बजे कांस्य पदक के लिए मलेशिया और जापान के बीच मुकाबला होगा। वहीं शाम को भारत और चीन के बीच खिताबी भिड़ंत होगी। भोपाल के दर्शकों की निगाहें अब भारतीय बेटियों पर टिकी हैं। अगर टीम इंडिया जीत हासिल करती है तो यह सिर्फ एक खिताब नहीं बल्कि भारतीय महिला हॉकी के इतिहास में एक और बड़ी उपलब्धि होगी।
