November 28, 2026

दो बच्चों की मां और IVF विशेषज्ञ ने जीता मिसेज यूनिवर्स एंबेसडर का खिताब: अब दुनिया भर में उठाएंगी महिलाओं के हक की आवाज

0
untitled-1795847564

भोपाल । कभी 90 किलो वजन और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रहीं भोपाल की डॉक्टर पूर्णिमा तिवारी ने अपनी मेहनत और मजबूत इच्छाशक्ति से ऐसी सफलता हासिल की है जिसने उन्हें अंतरराष्ट्रीय पहचान दिला दी है। गायनेकोलॉजिस्ट और आईवीएफ विशेषज्ञ के रूप में महिलाओं की स्वास्थ्य समस्याओं को करीब से समझने वाली डॉ. पूर्णिमा ने एक साल के भीतर अपना 45 किलो वजन कम किया और अब श्रीलंका के कोलंबो में आयोजित मिसेज यूनिवर्स 2026 प्रतियोगिता में मिसेज यूनिवर्स एंबेसडर का खिताब जीतकर देश का नाम रोशन किया है। इस प्रतियोगिता में 110 से अधिक देशों की प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था और डॉ. पूर्णिमा यह उपलब्धि हासिल करने वाली पहली भारतीय महिला बनी हैं।

उनकी इस सफलता के पीछे सिर्फ फिटनेस या सौंदर्य प्रतियोगिता की कहानी नहीं है बल्कि एक ऐसा अनुभव है जिसने उनके सोचने का नजरिया बदल दिया। डॉ. पूर्णिमा बताती हैं कि निसंतानता का इलाज कराने आने वाली कई महिलाएं उनसे कहती थीं कि मैडम आपके तो दो बच्चे हैं आपको क्या पता मां न बन पाने का दर्द क्या होता है। मरीजों की ये बातें उन्हें भीतर तक प्रभावित करती थीं। उन्हें महसूस हुआ कि महिलाओं की पीड़ा को समझना और उनकी आवाज बनना केवल चिकित्सकीय सलाह देने तक सीमित नहीं होना चाहिए। वे चाहती थीं कि उनकी बात अधिक से अधिक महिलाओं तक पहुंचे और समाज में महिला स्वास्थ्य तथा प्रजनन संबंधी समस्याओं को लेकर खुलकर चर्चा हो।

इसी सोच ने उन्हें अपनी जिंदगी में बदलाव लाने के लिए प्रेरित किया। दो साल पहले उनका वजन करीब 90 किलो था और वे खुद भी स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना कर रही थीं। मरीजों को फिटनेस और बेहतर जीवनशैली के लिए जागरूक करने वाली डॉक्टर ने सबसे पहले अपनी सेहत पर ध्यान देने का फैसला किया। उन्होंने नियमित व्यायाम और खानपान में बदलाव को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाया। करीब एक साल की मेहनत में उन्होंने 45 किलो वजन कम कर लिया। इस बदलाव के बाद उनका आत्मविश्वास भी बढ़ा और उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी बात रखने का सपना देखना शुरू किया।

डॉ. पूर्णिमा की यात्रा का पहला बड़ा पड़ाव मिस्टर एंड मिसेज सेंट्रल इंडिया प्रतियोगिता रही जिसे उन्होंने जीत लिया। इसके बाद उन्होंने मिसेज यूनिवर्स के लिए तैयारी शुरू की। इस दौरान उन्हें केवल फिटनेस पर ही नहीं बल्कि मंच पर चलने के तरीके कैमरे के सामने सहज रहने बॉडी लैंग्वेज और प्रभावी संवाद कौशल पर भी काम करना पड़ा। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों की सुंदरता के साथ उनका आत्मविश्वास व्यक्तित्व विचार और अपनी बात रखने की क्षमता भी महत्वपूर्ण होती है।

उनके लिए सबसे बड़ी चुनौती समय का प्रबंधन था। एक तरफ क्लीनिकल प्रैक्टिस और आईवीएफ मरीजों की देखभाल थी तो दूसरी तरफ हाई रिस्क प्रेग्नेंसी से जुड़ी जिम्मेदारियां और घर पर दो बच्चों की देखभाल। इन सबके बीच प्रतियोगिता की तैयारी करना आसान नहीं था। परिवार के सहयोग और अनुशासन ने उन्हें आगे बढ़ने की ताकत दी। वे रोज सुबह करीब डेढ़ से दो घंटे ट्रेडमिल पर वॉक करती हैं। खानपान में भी उन्होंने बदलाव किया है। सुबह ओट्स दोपहर में मोटे अनाज की चपाती और दाल शाम को भीगे हुए ड्राय फ्रूट्स और रात में सॉटे वेजिटेबल उनकी डाइट का हिस्सा हैं।

अब मिसेज यूनिवर्स एंबेसडर के रूप में डॉ. पूर्णिमा को एक साल तक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संगठन का प्रतिनिधित्व करना है। वे महिलाओं के खिलाफ घरेलू हिंसा के विरोध में जागरूकता फैलाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए काम करना चाहती हैं। इसके साथ ही महिला स्वास्थ्य प्रजनन स्वास्थ्य और इनफर्टिलिटी से जुड़े मुद्दों पर अभियान चलाने की भी उनकी योजना है। उनकी कोशिश जरूरतमंद महिलाओं तक मदद पहुंचाने और समाज में महिलाओं के अधिकारों को लेकर जागरूकता बढ़ाने की होगी।

डॉ. पूर्णिमा की कहानी यह संदेश देती है कि सपनों को पूरा करने के लिए उम्र परिवार और पेशे की जिम्मेदारियां बाधा नहीं बननी चाहिए। उनका मानना है कि उनकी सबसे बड़ी सफलता तब होगी जब उनकी यात्रा किसी दूसरी महिला को अपने जीवन में बदलाव लाने और अपने सपनों की दिशा में आगे बढ़ने का हौसला दे सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed