November 29, 2026

नागरिकता मिलने से तीन साल पहले वोटर लिस्ट में नाम! सोनिया गांधी के मामले में क्‍या बोली दिल्ली पुलिस?

0
photo-4-1-1795926833

नई दिल्ली । कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी के भारतीय नागरिकता हासिल करने से पहले मतदाता सूची में नाम दर्ज होने का मामला एक बार फिर चर्चा में है। दिल्ली पुलिस ने शनिवार को अदालत में दो रिपोर्ट दाखिल कर बताया कि सोनिया गांधी का नाम वर्ष 1980 और 1983 की मतदाता सूचियों में दर्ज था, जबकि उन्हें भारतीय नागरिकता 30 अप्रैल 1983 को मिली थी। हालांकि, नाम दर्ज कराने से जुड़े फॉर्म-6 और अन्य मूल दस्तावेज अब तक नहीं मिल पाए हैं।

राउज एवेन्यू कोर्ट के अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट विनोद जोशी ने इस मामले में पुलिस से कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट मांगी थी। पुलिस ने अदालत को बताया कि शिकायत पहले इंद्रप्रस्थ एस्टेट थाने के अधिकार क्षेत्र में नहीं होने के कारण नई दिल्ली जिले में भेजी गई और बाद में तुगलक रोड थाने को सौंप दी गई।

1980 और 1983 की वोटर लिस्ट में नाम होने की पुष्टि

पुलिस की दूसरी रिपोर्ट के मुताबिक, नई दिल्ली के जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय से वर्ष 1980 और 1983 की मतदाता सूचियों में सोनिया गांधी के नाम को लेकर जानकारी मांगी गई थी। जिला प्रशासन की ओर से मिले जवाब में मतदाता सूची में उनका नाम दर्ज होने की पुष्टि की गई।

हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया कि उनका नाम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए भरे गए फॉर्म-6 और इससे जुड़े अन्य दस्तावेज अभी उपलब्ध नहीं हैं। इन रिकॉर्ड का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय से भी संबंधित जानकारी मांगी है और कुछ जवाबों का इंतजार किया जा रहा है।

30 अप्रैल 1983 को मिला था नागरिकता प्रमाणपत्र

पुलिस ने जांच के दौरान केंद्रीय गृह मंत्रालय के फॉरेनर्स डिवीजन से भी जानकारी मांगी थी। रिपोर्ट के अनुसार, मंत्रालय से मिले दस्तावेजों में सोनिया गांधी को 30 अप्रैल 1983 को भारतीय नागरिकता दिए जाने की पुष्टि हुई है। नागरिकता प्रमाणपत्र एंटोनिया माइनो उर्फ सोनिया गांधी के नाम से जारी किया गया था।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि सोनिया गांधी का नाम जनवरी 1980 में नई दिल्ली की मतदाता सूची में शामिल किया गया था, जबकि उस समय वह भारतीय नागरिक नहीं थीं। शिकायत में यह भी दावा किया गया है कि उनका नाम 1982 में मतदाता सूची से हटाया गया और 1983 में दोबारा शामिल किया गया।

अदालत ने 14 दिसंबर तक मांगी विस्तृत रिपोर्ट

यह शिकायत अधिवक्ता विकास त्रिपाठी ने दाखिल की है। इसमें सोनिया गांधी के खिलाफ कथित अनियमितता को लेकर एफआईआर दर्ज करने और जांच कराने की मांग की गई है। पहले मजिस्ट्रेट अदालत ने शिकायत खारिज कर दी थी, लेकिन 21 सितंबर 2026 को सत्र अदालत ने उस आदेश को निरस्त कर मामले पर नए सिरे से विचार करने का निर्देश दिया था।

सोनिया गांधी की ओर से पहले अदालत में आरोपों को निराधार, राजनीतिक रूप से प्रेरित और न्यायिक प्रक्रिया का दुरुपयोग बताया गया था। उनका पक्ष रहा है कि शिकायत में नाम दर्ज कराने से जुड़े किसी फर्जी दस्तावेज का ठोस प्रमाण पेश नहीं किया गया है।

शनिवार की सुनवाई में पुलिस ने जांच पूरी करने के लिए अतिरिक्त समय मांगा। अदालत ने तुगलक रोड थाने के एसएचओ को 14 दिसंबर को व्यक्तिगत रूप से पेश होकर विस्तृत और अंतिम कार्रवाई रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिया है। पुलिस को यह भी स्पष्ट करना होगा कि जांच में कोई संज्ञेय अपराध बनता है या नहीं और एफआईआर दर्ज की गई है अथवा नहीं। फिलहाल, मतदाता सूची में नाम दर्ज होने और नागरिकता मिलने की तारीखों की पुष्टि हुई है, लेकिन किसी अपराध के होने पर पुलिस या अदालत ने अभी अंतिम निष्कर्ष नहीं दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed