November 29, 2026

MP में कड़ाके की ठंड, करौंदी में पारा 5.2 डिग्री पर लुढ़का, दमोह समेत 4 जिलों में शीतलहर का अलर्ट

0
photo-1-1-1795924644

भोपाल। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी का असर अब मध्य प्रदेश में भी साफ दिखाई देने लगा है। प्रदेश के कई हिस्सों में रात का तापमान तेजी से गिरा है और कटनी जिले के करौंदी में न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके साथ ही राज्य के 11 शहरों में पारा 10 डिग्री से नीचे पहुंच गया है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक कुछ जिलों में शीतलहर चलने का अलर्ट जारी किया है।

मौसम केंद्र के अनुसार, रविवार को दमोह, कटनी, उमरिया और शहडोल में सर्द हवाओं का असर रहेगा। सोमवार को दमोह और कटनी में शीतलहर चलने की संभावना है। लगातार बढ़ती ठंड को देखते हुए स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग ने भी एडवाइजरी जारी की है। विभाग ने लोगों से मौसम संबंधी चेतावनियों पर ध्यान देने और जरूरी सावधानियां बरतने की अपील की है। छोटे बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों को विशेष सतर्कता रखने की सलाह दी गई है।

11 शहरों में 10 डिग्री से नीचे पहुंचा पारा

प्रदेश में ठंड का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि 35 शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है। इनमें 11 शहर ऐसे हैं, जहां रात का तापमान 10 डिग्री से भी कम रहा। करौंदी में सबसे कम 5.2 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। इसके बाद दमोह में 6 डिग्री, कल्याणपुर में 6.2 डिग्री और अमरकंटक में 7.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।

इसी तरह रीवा में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री, जबलपुर में 8.6 डिग्री, खजुराहो और उमरिया में 9.4 डिग्री, मलाजखंड में 9.5 डिग्री, नौगांव में 9.6 डिग्री और मंडला में 9.7 डिग्री सेल्सियस रहा।

इसके अलावा सीधी, ग्वालियर, दतिया, नरसिंहपुर, श्योपुर, रायसेन, सतना, भोपाल, टीकमगढ़, गुना, छिंदवाड़ा, इंदौर, शिवपुरी, बैतूल, सिवनी, खरगोन, खंडवा, धार, पचमढ़ी, उज्जैन, राजगढ़, रतलाम और सागर में भी न्यूनतम तापमान 15 डिग्री से नीचे बना हुआ है।

भोपाल में एक रात में 2.2 डिग्री बढ़ा तापमान

राजधानी भोपाल में लगातार तीसरे साल नवंबर में रिकॉर्ड ठंड का असर देखने को मिल रहा है। हालांकि, बीती रात तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। भोपाल में इस सीजन का अब तक का सबसे कम न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस रहा था, जो 23-24 नवंबर की रात रिकॉर्ड किया गया था। इसके बाद अगली रात पारा 8.8 डिग्री पर पहुंचा और फिर 8.6 डिग्री दर्ज हुआ। बीती रात न्यूनतम तापमान बढ़कर 10.8 डिग्री सेल्सियस हो गया। इस तरह एक रात में पारे में 2.2 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई।

पिछले वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो 17 नवंबर 2025 को भोपाल में न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री और 29 नवंबर की रात 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं, वर्ष 2018 से 2023 के बीच नवंबर में न्यूनतम तापमान 10.2 से 13.8 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। इस बार बढ़ती ठंड के चलते भोपाल में स्कूलों के खुलने का समय भी आगे बढ़ा दिया गया है।

अगले पांच दिन में और गिरेगा पारा

मौसम विभाग के मुताबिक, पहाड़ी क्षेत्रों में हुई बर्फबारी के कारण मध्य प्रदेश में ठंड का असर बढ़ा है। आने वाले पांच दिनों में न्यूनतम तापमान में करीब दो डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट आने का अनुमान है। ऐसा होने पर प्रदेश के अधिकांश शहरों में रात का पारा 10 डिग्री से नीचे पहुंच सकता है।

सुबह के समय कई इलाकों में धुंध छाई रहने की संभावना है, जबकि दिन के दौरान ठंडी हवाएं लोगों को परेशान कर सकती हैं। मौसम में बदलाव के बीच विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और ठंड से बचाव के लिए जरूरी एहतियात बरतने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed