भोपाल के बड़वई में कबाड़ गोदाम बना आग का गोला! 5 किलोमीटर दूर तक दिखा धुएं का गुबार
जानकारी के मुताबिक बड़वई स्थित कबाड़ गोदाम में रविवार सुबह करीब 9 बजे अचानक आग लगी। गोदाम में कई टन प्लास्टिक और पुट्ठा रखा हुआ था। ये दोनों ही सामग्री बेहद तेजी से आग पकड़ती हैं। इसी वजह से आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। गोदाम में रखे कबाड़ और कचरे के ढेर तक आग फैलने से दमकलकर्मियों के सामने चुनौती बढ़ गई। आग की लपटों के साथ उठ रहे काले धुएं का गुबार दूर-दूर तक नजर आने लगा।
घटना की जानकारी मिलने पर गांधीनगर और कबाड़खाना सहित अन्य स्थानों से दमकल वाहन मौके पर भेजे गए। दमकलकर्मियों ने पहुंचते ही आग बुझाने का काम शुरू कर दिया। फिलहाल तीन दमकलों की मदद से लगातार पानी का छिड़काव किया जा रहा है। आग की तीव्रता और गोदाम में मौजूद ज्वलनशील सामग्री को देखते हुए फोम का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। फायर फाइटर पंकज यादव सहित अन्य दमकलकर्मी मोर्चा संभालकर आग को फैलने से रोकने में जुटे हुए हैं।
दमकल विभाग के सामने सबसे बड़ी परेशानी गोदाम में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक और पुट्ठा मौजूद होना है। इन सामग्रियों में आग तेजी से फैलती है और इनके जलने से लगातार धुआं निकलता रहता है। ऐसे में आग को पूरी तरह बुझाने के लिए दमकलकर्मियों को लगातार मशक्कत करनी पड़ रही है। आग पर जल्द नियंत्रण पाने के लिए पानी और फोम दोनों की मदद ली जा रही है।
राहत की बात यह है कि गोदाम गांव की आबादी से दूर स्थित है। इस कारण फिलहाल किसी तरह की जनहानि की सूचना सामने नहीं आई है। हालांकि गोदाम में रखा कबाड़ और अन्य सामान आग की चपेट में आने से बड़े आर्थिक नुकसान की आशंका है। आग लगने की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। कुछ ग्रामीणों ने भी दमकलकर्मियों की मदद करने की कोशिश की। वहीं आग से निकलने वाले घने धुएं के कारण आसपास के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
फिलहाल आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। दमकल विभाग की टीमें आग पर पूरी तरह काबू पाने के प्रयास में जुटी हैं। आग बुझने के बाद ही नुकसान का सही आकलन और घटना के कारणों की जानकारी सामने आ सकेगी।
