July 13, 2026

आगरा में रिश्तों का खूनी अंत: पंचायत के बाद पति ने पत्नी को चाकुओं से गोद डाला

0
untitled-1783505522

आगरा आगरा के ताजगंज क्षेत्र में घरेलू विवाद सुलझाने के लिए बुलाई गई पंचायत उस समय खौफनाक घटना में बदल गई जब पत्नी द्वारा सार्वजनिक रूप से थप्पड़ मारे जाने से नाराज पति ने कुछ ही देर बाद लौटकर उसकी चाकू से हत्या कर दी। आरोपी ने महिला के पेट पर लगातार छह वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतका कुंती पिछले आठ महीने से अपने मायके में रह रही थी। पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और महिला ने गुजारा भत्ता के लिए अदालत में याचिका भी दायर कर रखी थी। दोनों के बीच समझौते की कोशिश के लिए मंगलवार को परिवार और रिश्तेदारों की मौजूदगी में पंचायत बुलाई गई थी।

पंचायत के दौरान पति रणवीर अपनी पत्नी को जबरन अपने साथ ले जाने की कोशिश करने लगा। कुंती ने इसका विरोध किया और गुस्से में सबके सामने उसे दो थप्पड़ मार दिए। इसके बाद रणवीर अपने पिता के साथ वहां से चला गया, लेकिन उसके मन में बदले की भावना बनी रही।

पुलिस के अनुसार आरोपी रास्ते में बाजार पहुंचा और करीब 40 रुपये में एक धारदार चाकू खरीदा। इसके बाद वह दोबारा ससुराल पहुंचा। उस समय कुंती घर के कमरे में मौजूद थी। रणवीर उसे घसीटकर बरामदे में ले आया और देखते ही देखते उसके पेट पर ताबड़तोड़ चाकू से वार कर दिए।

महिला की चीख-पुकार सुनकर परिजन दौड़कर मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया। गंभीर रूप से घायल कुंती को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव के कारण डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

मृतका के परिजनों ने बताया कि घटना से एक दिन पहले रणवीर ने मोबाइल पर पत्नी की हत्या से जुड़े वीडियो भेजे थे। इनमें एक वीडियो में पति द्वारा पत्नी की हत्या और दूसरे में एक महिला की हत्या के बाद शव छिपाने का दृश्य दिखाया गया था। परिजनों का आरोप है कि इससे स्पष्ट है कि आरोपी पहले से ही वारदात की योजना बना चुका था।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हत्या के पीछे की परिस्थितियों तथा आरोपी की पूर्व योजना के पहलुओं की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में उपलब्ध सभी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed